नागौर जिले के कुचेरा थाना क्षेत्र के रुण गांव में जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। रविवार दोपहर दिनदहाड़े आधा दर्जन लोगों ने एक किराना दुकान में घुसकर अधेड़ व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सामान खरीदने पहुंचे थे, तभी बोल दिया हमला
जानकारी के अनुसार, रुण निवासी छोटू खां रविवार दोपहर गांव की एक किराना दुकान पर घरेलू सामान खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान संपत्ति विवाद के चलते पहले से घात लगाए बैठे हमलावर वहां पहुंच गए। आरोप है कि करीब आधा दर्जन लोग हाथों में लाठियां लेकर दुकान के अंदर घुसे और छोटू खां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार
मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही कुचेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छोटू खां को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
कुचेरा थाना अधिकारी हबीब खान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:
तीन साल बाद पटवारी पर गिरी गाज! बर्खास्तगी के फैसले से भड़के कर्मचारी, जिलेभर में हड़ताल का एलान
जमीन विवाद बना हमले की वजह, इलाके में दहशत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए जांच तेज कर दी है।