शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। शनिवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
यह हादसा 6 फरवरी को उद्योग नगर थाना इलाके के इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ था। बसंत विहार निवासी 20 वर्षीय आदित्य नायक अपनी परिचित युवती के साथ बाइक से इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पढ़ें: पूर्णिया के लाइन बाजार में दबंगई: बिरयानी दुकान में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट, सीसीटीवी कैमरे में कैद
इलाज के दौरान हुई मौत
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आदित्य की हालत नाजुक होने के कारण उसे जयपुर रेफर किया गया। परिजन उसे जयपुर के निम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 7 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीकर के एसके अस्पताल लाया गया।
उद्योग नगर थाना पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया है। इस मामले में उद्योग नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक संत कुमार ने बताया कि हादसे में आदित्य गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।