शाहजहांपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। कार्यालय में कुलपति के मौजूद नहीं मिलने पर छात्र नेताओं ने उन्हें लापता घोषित कर दिया। बाद में पहुंचे कुलपति को दस सूत्री मांग पत्र दिया गया।
जिला संगठन मंत्री संदीप सागर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। कुलपति के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर छात्र नेताओं ने उन्हें लापता घोषित कर धरना शुरू कर दिया। सागर ने कहा कि विश्वविद्यालय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम की फीस काफी अधिक है। बीबीए, बीसीए की फीस 18 हजार, एलएलबी की 24 हजार, बीएड की 30 हजार और एलएलएम की फीस 60 हजार रुपये है।
उन्होंने व्यावसायिक पाठ्यक्रम की फीस 50 प्रतिशत कम करने, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शुल्क में छूट देने, सेमेस्टर प्रणाली में फीस को दो किस्तों में सेमेस्टर के आधार पर लेने, पिछड़ा वर्ग महिला छात्रावास को कर्मचारियों के कब्जे से मुक्त कर छात्राओं को उपलब्ध कराने, प्रवेश की तिथि बढ़ाने, शिक्षकों के समायोजन के नाम पर 25 लाख रुपये की कथित अवैध वसूली के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठाई गई। महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव, आयुष्मान चौहान, योगेंद्र मिश्रा, सौम्या गुप्ता, रीवा वर्मा, वैभव सक्सेना, आशुतोष मिश्रा, योगेश मिश्रा, जितिन, अमित, नेलिश आदि मौजूद रहे।