{"_id":"6acf64d965323a1f3c0efd43","slug":"video-saltanapara-paravacal-ekasaparasava-para-taraka-sa-cara-karana-val-sata-garafatara-2026-10-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रकों से चोरी करने वाले सात गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रकों से चोरी करने वाले सात गिरफ्तार
सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों का तिरपाल व रस्से काटकर माल चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को कूरेभार पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.07 लाख रुपये नकद, दो कारें, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में 115 लीटर सरसों का तेल, चार इन्वर्टर, ई-रिक्शा की चार बैटरियां, दूध पाउडर, सजावटी झालर, गेहूं का बीज और अंग्रेजी व देशी शराब शामिल है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सुल्तानपुर में चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस टीम ने बुधवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेउर गांव के दक्षिण जाने वाले अंडरपास के नीचे से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सभी आरोपी गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं। इनमें अमरजीत निषाद, सूर्यभान सिंह, अतुल निषाद, हिमांशु साहनी, विजय निषाद, शिवनाथ मद्धेशिया उर्फ बमबम और गोवर्धन मद्धेशिया उर्फ भेलई शामिल हैं।
अगस्त में सरसों के तेल से लदा ट्रक बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मामला चार अगस्त को सामने आया था। मैनपुरी जिले के घिरोर निवासी धर्मपाल सिंह जयपुर से धारा ब्रांड सरसों के तेल के 2,355 कार्टून ट्रक में लादकर बिहार के पूर्णिया जा रहे थे। तीन अगस्त की रात कूरेभार क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 123.2 के पास नींद आने पर उन्होंने ट्रक किनारे खड़ा कर दिया और सो गए। चार अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे दूसरे वाहन चालकों ने उन्हें जगाकर ट्रक का तिरपाल और रस्से कटे होने तथा माल चोरी होने की जानकारी दी।
धर्मपाल की तहरीर पर कूरेभार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने धनपतगंज और गोसाईगंज थाना क्षेत्रों में भी एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों से चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। इन मामलों में धनपतगंज थाने में तीन और गोसाईगंज थाने में एक मुकदमा दर्ज है।
दो कारों से करते थे रेकी, चालकों के सोते ही चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार से हाईवे पर घूमते थे। जिस ट्रक या अन्य वाहन का चालक किनारे गाड़ी खड़ी कर सो जाता था, उसे निशाना बनाते थे। इसके बाद तिरपाल और रस्से काटकर वाहन में लदा सामान निकाल लेते थे। पुलिस ने काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो और सफेद रंग की अर्टिगा कार भी बरामद की है।
बरामदगी में 228 शीशी/बोतल अंग्रेजी शराब, देशी शराब के 315 पाउच/बोतल और श्रीराम सुपर-303 गेहूं के बीज की 18 बोरियां भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अमरजीत निषाद समेत कुछ आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामद सामान के संबंध में भी जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।