छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में शुक्रवार शाम रामनवमी के अवसर पर शहर के नटवर स्कूल से ऐतिहासिक रैली निकली गई। 2014 से शुरू हुए इस आयोजन में पहले 54 समाज की सहभागिता होती थी, लेकिन इस बार 60 से अधिक बिरादरी और संस्था के प्रतिनिधियों ने भी रामनवमी शोभायात्रा में शामिल होकर इतिहास रचा है।
हर साल की भांति इस साल भी राम नवमी शोभायात्रा में हजारों की संख्या में राम भक्त युवक, युवतियां महिला, बुजुर्ग, बच्चे अपने हाथों में भगवा ध्वज धारण किये भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते आगे बढ़ रहे है। इस दौरान शहर को शहरवासी जगह-जगह पर झांकियों व शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत करते रहे।
रायगढ़ पुलिस एसएसपी शशि मोहन के नेतृत्व में शोभायात्रा को सफल बनाने चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। शुक्रवार की शाम 4 बजे से ही शहर के अलग-अलग मोहल्लों से झांकियां नटवर स्कूल मैदान में एकत्रित हुए जहां से शोभायात्रा निकाली गई।
रामनवमी शोभायात्रा नटवर स्कूल से निकलकर गांधी प्रतिमा चौक, एमजी रोड, रामनिवास टाकिज चौक, सिल्वर पैलेस तिराहा, गौरीशंकर मंदिर, न्यू मार्केट तिराहा, सुभाष चौक, गद्दी चौक, कोष्टापारा तिराहा, चांदनी चौक, गांजा चौक, हटरी चौक, सिटी कोतवाली, हण्डी चौक, घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त होगा। जहां आरती पश्चात महाभंडारे का भी आयोजन किया गया है।
इस बार के आयोजन में पंजाब पाइप बैंड, काला हांडी कटप्पा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, कोलकाता के कार्टून, आदिवासी नृत्य समेत दर्जनभर ऐसे कार्यक्रम हुए। साथ ही रोमांचक अखाड़ेबाजी का भी सड़कों को नजारा दिखा। इसके अलावा डीजे की धुन पर रामभक्तों को थिरकते भी देखा गया। इससे पहले पूरा शहर भगवा रंग में रग चुका था और शहर राममय हो गया था।
नटवर स्कूल मैदान से निकलकर रामलीला मैदान में समापन तक शोभायात्रा जिन सड़कों पर निकली, वहां और आसपास इलाके में शाम से लेकर देर रात तक न केवल पुलिस का पहरा रहा। बल्कि चिकित्सीय व्यवस्था भी मौजूद रही।