Aligarh Accident: नशे में धुत्त कार चालक ने बाइक-स्कूटर को मारी टक्कर, पांच जख्मी, दो घायल पहुंचे जिला अस्पताल
बेकाबू कार द्वारा दोपहिया वाहन सवारों को टक्कर मारने के बाद कांवड़ियों में भी रोष दिखा, जो इसी रास्ते से खेरेश्वर मंदिर जा रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नशे में धुत्त कार चालक ने रविवार रात लगभग नौ बजे जेल रोड ओवरब्रिज पर पांच दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। जिससे पांच लोग घायल हो गए। दो घायलों को पुलिस ने मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। टूटे फूटे दोपहिया वाहनों को पुलिस ने रास्ते से हटाकर आवागमन सुचारू कराया। घटना के दौरान कांवड़ यात्री भी इस रास्ते से निकल रहे थे, इसलिए कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सजगता के साथ कांवड़ियों के लिए रास्ता साफ कराया। पुलिस ने कार से शराब के खाली क्वार्टर बरामद किए हैं। कार को कब्जे में ले लिया है।
थाना बन्नादेवी पुलिस के अनुसार मारुति डिजायर कार (डीएल 8सी एएन-1276) रात लगभग नौ बजे तस्वीर महल चौराहे से तेज गति के साथ जेल रोड ओवरब्रिज पर चढ़ी और इसके बाद गलत साइड में जाकर नुमाइश की ओर से आ रहे पांच वाहन सवारों को टक्कर मार दी।
इस घटना में जनकपुरी निवासी स्कूटर सवार विशाल मारवाह पुत्र इंद्रपाल घायल हो गए, वे खैर रोड स्थित अपनी दुकान बंद कर वापस घर जा रहे थे। नई बस्ती स्थित कोठी लंकराम निवासी मुकेश पुत्र छोटेलाल अपने दोस्त से मिलने के लिए बाइक पर तस्वीर महल की ओर आ रहे थे। उनका दोस्त कांवड़ लेकर जा रहा था। वे भी घायल हो गए। नगर निगम के ट्यूबवेल ऑपरेटर बबराला निवासी बृजेश पाल भी बाइक से तस्वीर महल की ओर आ रहे थे। वे भी घायल हो गए। विशाल को मामूली चोट लगी थी, इसलिए वे घर चले गए, जबकि मुकेश और बृजपाल को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अन्य बाइक सवार भी इस हादसे में घायल हुए हैं। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।
कार को कब्जे में ले लिया है। वह दिल्ली नंबर की है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार मालिक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है। - धनंजय कुमार, सीओ द्वितीय
कांवड़ियों में दिखा रोष
बेकाबू कार द्वारा दोपहिया वाहन सवारों को टक्कर मारने के बाद कांवड़ियों में भी रोष दिखा, जो इसी रास्ते से खेरेश्वर मंदिर जा रहे थे। इस हादसे में घायल मुकेश भी कांवड़ लेकर जा रहे अपने दोस्त से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने आनन-फानन कांवड़ यात्रा मार्ग को साफ कराया।