Badal Babu: पाकिस्तान में फंसे बादल की रिहाई को लंदन की पूनम आईं आगे, वतन वापसी का बताया रास्ता, कर रही मदद
बादल के परिजनों के अनुसार लंदन की पूनम पाकिस्तान में बादल की पैरवी कर रहे वकील के संपर्क में है और कानूनी प्रक्रिया में आर्थिक मदद भी कर रही है। हालांकि, पिछले करीब 20 दिनों से परिवार की पूनम से बातचीत नहीं हो पाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान की जेल में सजा पूरी करने के बाद भी वतन वापसी का इंतजार कर रहे अलीगढ़ में नगला खिटकारी निवासी बादल बाबू के परिवार को अब लंदन की रहने वाली पूनम से मदद की उम्मीद जगी है। करीब एक माह पहले पूनम ने फोन पर बादल के परिजनों से संपर्क किया और उसकी रिहाई का रास्ता बताते हुए मदद का भरोसा दिया।
परिवार के मुताबिक, पूनम पाकिस्तान में बादल की पैरवी कर रहे वकील के संपर्क में है और कानूनी प्रक्रिया में आर्थिक मदद भी कर रही है। हालांकि, पिछले करीब 20 दिनों से परिवार की पूनम से बातचीत नहीं हो पाई है। बादल के पिता कृपाल सिंह और मां गायत्री देवी सोमवार को अलीगढ़ डीएम से मिलकर बेटे की वतन वापसी की गुहार लगाएंगे। पिता का कहना है कि बेटे की सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन उसे भारत लाने के लिए वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूनम ने उन्हें दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास से पाकिस्तान सरकार को पत्र भेजने की सलाह दी थी, लेकिन वहां उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। अब परिवार ने हाथरस सांसद अनूप प्रधान से भी मदद मांगी है।
परिजनों के अनुसार, बादल ने फोन पर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी है। उसने किडनी में गंभीर संक्रमण और आंतों में सूजन की बात बताई है। बेटे की बिगड़ती हालत से चिंतित माता-पिता ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और भारत सरकार से मानवीय आधार पर उसे जल्द भारत वापस लाने की अपील की है।
फेसबुक की दोस्ती, सरहद पार पहुंचा बादल
परिजनों के मुताबिक, बादल दिल्ली में सिलाई का काम करता था। इसी दौरान फेसबुक पर उसकी दोस्ती पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की रहने वाली सना रानी से हुई। बातचीत बढ़ी तो दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद बादल बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के 2024 में दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में पाकिस्तान पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूनम ने बताया वापसी का रास्ता
बादल के पिता के अनुसार, करीब एक माह पहले लंदन निवासी पूनम ने फोन कर कहा कि वह उनकी मदद कर रही है। उसने पाकिस्तान में बादल के वकील से संपर्क होने की बात बताई और दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास के माध्यम से पाकिस्तान सरकार को पत्र भेजने की सलाह दी। पूनम की ओर से कानूनी पैरवी में मदद और खर्च उठाए जाने की बात ने परिवार को नई उम्मीद दी है। अब परिवार चाहता है कि यह मदद रंग लाए और बादल जल्द अपने घर लौट सके।