Prayagraj : हत्या के बाद अतरसुइया थाने के बाहर सरेंडर करने का वीडियो बनाकर भागे आरोपी
नैनी के मडौका रोड स्थित प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की हत्या के करीब डेढ़ घंटे बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नैनी के मडौका रोड स्थित प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की हत्या के करीब डेढ़ घंटे बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। सोशल मीडिया पर 17 सेकंड का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक युवक खुद को बृजेश कुमार बताते हुए अतरसुइया थाने में सरेंडर कर रहा है। इसके साथ प्रिंस, अरविंद और उपेंद्र भी हैं। यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। जांच में पता चला कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने के बाहर से वीडियो बनाया था।
रविवार शाम को हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला तो आरोपी कार से भागते दिखाई दिए। पुलिस ने जिले की सीमाओं और शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर अलर्ट जारी कर दिया। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक 17 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। जब नैनी पुलिस ने वीडियो की जांच कर थाने से संपर्क किया तो पता चला कि किसी भी आरोपी ने सरेंडर नहीं किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गऊघाट, ईसीसी चौराहा, कटघर बलुआ घाट समेत कई चौराहों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाला। पता चला कि आरोपी काले रंग की क्रेटा कार से फरार हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने अतरसुइया, सिविल लाइंस, सुभाष चौराहा, नवाब युसुफ रोड, मेडिकल चौराहा, रामबाग, धूमनगंज समेत कई इलाकों में देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया।
गाड़ियों के शीशे से उतरवाई ब्लैक फिल्म
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध दिखाई देने वाले लोगों को रोककर उनसे नाम, पता और आने-जाने के कारणों की जानकारी ली। कई लोगों की पहचान संबंधी दस्तावेज भी जांचे गए। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में देर रात तक पुलिस की सख्ती बनी रही। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसमें कई कारों पर लगी ब्लैक फिल्म उतरवाई गई और वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई।
नैनी में हत्या के बाद शहर की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। वीडियो सामने आया कि अतरसुइया थाने में आरोपियों ने सरेंडर कर दिया है लेकिन ऐसा नहीं था। आरोपी काले रंग की क्रेटा कार से आए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही कई वाहनों से ब्लैक फिल्म भी उतरवाई गई है। - मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी नगर