Prayagraj : सड़क हादसे में बाइक सवारक जीजा-साले की मौत, बरात से लौटते समय फाफामऊ पुल अज्ञात वाहन ने रौंदा
Prayagraj Accident News :रात में बाइक से बरात से लौट रहे जीजा और साले की सड़क हादसे में मौत हो गई। फाफामऊ पुल पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घायलों को तत्काल एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
फाफामऊ पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। दोनों सोमवार रात शादी समारोह से घर लौट रहे थे। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। फाफामऊ थाना पुलिस ने अज्ञात में एफआईआर दर्ज कर वाहन चालक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
झूंसी थाना क्षेत्र के कोहना में विजय बहादुर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को कांशीराम आवास योजना शांतिपुरम में अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से रात करीब 12:30 बजे बेटा राहुल और दामाद शनि कुमार साथ में बाइक से घर लौट रहे थे।
दोनों फाफामऊ पुल पर पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घायलों को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं फाफामऊ थाना पुलिस पुल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है ताकि आरोपी चालक की पहचान हो सके।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सादियाबाद निवासी शनि कुमार फर्नीचर का काम करता था। जीजा योगेश कुमार ने बताया कि शनि तीन भाइयों में मझला था। रात में वह शादी समारोह से अपने साले के साथ बाइक से घर लौट रहा था। पीछे से उनका परिवार कार से आ रहा था। फाफामऊ पुल पर पहुंचते ही तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद भीड़ एकत्र होती देख पीछे से आ रहे परिजनों ने गाड़ी रोक दी। पता चला कि दोनों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है।
हाल ही में पुणे से लौटा था राहुल
विजय बहादुर के तीन बेटे और दो बेटी हैं। इनमें से राहुल कुमार महाराष्ट्र के पुणे में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। वह हाल ही में पुणे से घर लौटा था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने मंगलवार दोपहर दोनों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। शनि की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व राहुल की बहन रेखा से शादी हुई थी।