Prayagraj : गंगा एक्सप्रेस वे और इनर रिंग रोड के आसपास नई टाउनशिप की तैयारी, अगले माह शुरू हो सकता है सर्वे
गंगा एक्सप्रेस वे और इनर रिंग रोड के आसपास प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) नई टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, इससे पहले पीडीए की सीमा का विस्तार होगा जिसके लिए बृहस्पतिवार को आयोजित पीडीए बोर्ड की बैठक में सहमति बन चुकी है।
विस्तार
गंगा एक्सप्रेस वे और इनर रिंग रोड के आसपास प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) नई टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, इससे पहले पीडीए की सीमा का विस्तार होगा जिसके लिए बृहस्पतिवार को आयोजित पीडीए बोर्ड की बैठक में सहमति बन चुकी है। सीमा विस्तार के लिए अगले माह सर्वे शुरू कराया जा सकता है। गंगा एक्सप्रेस वे और इनर रिंग रोड के आसपास प्लॉटिंग तेजी से बढ़ी है। पिछले दिनों पीडीए ने रिंग रोड के आसपास कई जगह हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया था। पीडीए केवल अपने सीमा क्षेत्र में ही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। सीमा विस्तार होने के बाद कार्रवाई का दायरा भी बढ़ जाएगा और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
खास बात यह है कि सीमा विस्तार के बाद पीडीए को अपना लैंड बैंक बढ़ाने के लिए कई नए विकल्प मिलेंगे और नई आवासीय योजनाओं के लिए रास्ते खुलेंगे। पीडीए का सीमा विस्तार 2008 के बाद से नहीं हुआ है और 25 वर्षों से पीडीए किसी नई आवासीय योजना पर काम भी शुरू नहीं कर सका है। शहर में भी जमीन बची नहीं है। ऐसे में सीमा विस्तार होने से आवासीय योजनाओं का दायरा बढ़ेगा। पीडीए बोर्ड की ओर से सीमा विस्तार के लिए परीक्षण कर नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के लिए हरी झंडी दी जा चुकी है। हालांकि, इसके लिए सबसे पहले सर्वे कराया जाएगा। पीडीए के सूत्रों का कहना है कि अगले माह सर्वे की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। सीमा विस्तार होने से पीडीए की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
पीडीए बोर्ड की बैठक में शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव पर चर्चा की गई है। नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश सरकार की ओर से 50 फीसदी अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषि राज ने बताया कि सीमा विस्तार के लिए सर्वे के साथ इस योजना पर भी पीडीए जल्द काम शुरू करेगा।