Prayagraj : प्रयागराज में आर्मी के जवान की हत्या, गाड़ी ओवरटेक को लेकर स्कॉर्पियो सवार लोगों से हुआ था विवाद
Prayagraj Crime News : करछना थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में सेना के जवान की हत्या कर दी गई। शनिवार की देर रात वाहन ओवरटेक को लेकर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया था। आर्मी अस्पताल में रविवार की देर रात उनकी मौत हो गई। वह दिल्ली में तैनात थे। चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे।
विस्तार
करछना थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की पिटाई से घायल फौजी की दूसरे दिन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार की देर रात गांव के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों से उनका विवाद हो गया। इस दौरान उनकी बेरहमी से पिटाई कर बदमाश भाग निकले। उनको मिलिट्री हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया गया था जहां रविवार की रात उनकी मौत हो गई।
धरवारा गांव निवासी विवेक सिंह (28) पुत्र उमाकांत सिंह आर्मी के इंटेलिजेंस विभाग में तैनात थे। इस समय उनकी ड्यूटी दिल्ली में थी। 29 नवंबर की रात कोहड़ार से लौटते समय धरवारा मोड़ के पास स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों से विवाद हो गया। बदमाशों ने विवेक को बुरी तरह मारपीट कर अधमरा कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। घायल अवस्था में विवेक को लखनऊ के एक अस्पताल में ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें मिलिट्री हास्पिटल गए जहां रविवार की रात उनकी मौत हो गई। विवेक दो भाइयों में छोटे थे। तीन साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनका एक दो साल का लड़का है।
चचेरी बहन की शादी में आए थे घर
विवेक सिंह के चाचा की लड़की की शादी 29 नवंबर को थी। शादी में हिस्सा लेने के लिए वह छुट्टी लेकर घर आए थे। रात में कोहडार से लौटते समय ओवर टेक करने के चक्कर में स्कॉर्पियो सवार लोगों से विवाद हो गया। इसी दौरान उन पर हमला बोल दिया गया। हमला करने वाले नैनी के चाका इलाके के बताए जा रहे हैं। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। विवेक की मौत से शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गई हैं।