{"_id":"6a7713c822308f6b920b5182","slug":"deputy-cm-furious-upon-seeing-dampness-filth-and-starch-stains-on-new-bedsheets-at-hospital-in-balrampur-2026-08-08","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Balrampur: अस्पताल में गंदगी और सीलन देख भड़के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, अग्निशमन यंत्रों की जांची एक्सपायरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Balrampur: अस्पताल में गंदगी और सीलन देख भड़के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, अग्निशमन यंत्रों की जांची एक्सपायरी
Sat, 08 Aug 2026 05:02 PM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर
अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर
Published by: Bhupendra Singh
Updated Sat, 08 Aug 2026 05:02 PM IST
सार
बलरामपुर में जिला मेमोरियल चिकित्सालय में सीलन, गंदगी व नये बेडशीट पर लगे माड़ को देखकर डिप्टी सीएम भड़क उठे। उन्होंने व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उपचार के साथ सेवा, स्वच्छता और सुरक्षा पर उनका फोकस रहा। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बलरामपुर में शनिवार को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग के मुखिया ब्रजेश पाठक ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय का निरीक्षण किया। अस्पताल भवन में सीलन, शौचालय में गंदगी और बेड शीट को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही अस्पताल में लगे अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी डेट जांची। सभी डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को उनके संचालन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। मरीजों को बेहतर उपचार के साथ सेवा, स्वच्छता और सुरक्षा पर उनका विशेष जोर रहा।
विज्ञापन
दोपहर करीब 2:30 बजे डिप्टी सीएम दलबल के साथ जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद इमरजेंसी कक्ष में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और उनके उपचार की जानकारी ली। बेड नंबर एक पर भर्ती राम शंकर यादव से उन्होंने हालचाल पूछा। मरीज ने बताया कि सुबह बुखार आने पर अस्पताल पहुंचे हैं।
विज्ञापन
चेस्ट फिजिशियन डॉ. गिरधर चौहान ने बताया कि राम शंकर वायरल बुखार से पीड़ित हैं। दवा देने के बाद उनकी हालत में सुधार है। बेड नंबर दो पर सांस फूलने की शिकायत वाले शक्ति शुक्ला से भी डिप्टी सीएम ने बातचीत की। वहीं, बेड नंबर तीन पर भर्ती डायरिया से पीड़ित नर्गिस और बेड नंबर पांच पर भर्ती हाइपरटेंशन की मरीज सुनीता के उपचार की जानकारी चिकित्सकों से ली।
विज्ञापन
बेडशीट पर माड़ देख जताई नाराजगी
वार्ड में बेड पर बिछी नई बेडशीट पर लगे माड़ को देखकर डिप्टी सीएम ने कहा कि इनमें माड़ लगा होने के कारण मरीजों को असुविधा हो सकती है। पहले बेडशीट धुलवाओ इसके बाद बेड पर बिछाने के निर्देश दिए। इसके बाद इमरजेंसी वार्ड के शौचालय का निरीक्षण किया। शौचालय का दरवाजा जाम मिलने पर उन्होंने खुद धक्का देकर उसे खोला। अंदर गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।अग्निशमन यंत्रों की खुद जांची एक्सपायरी
डिप्टी सीएम ने अस्पताल परिसर में लगे अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी डेट खुद जांची। इमरजेंसी कक्ष में बेड नंबर एक के ऊपर लगे अग्निशमन यंत्र को देखकर उसे दूसरे स्थान पर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी और सीएमएस डॉ. हीरालाल को सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिलाने को कहा। साथ ही नियमित रूप से सभी अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी और उनकी स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए।इसके बाद डिप्टी सीएम ने पांच टीबी मरीजों को पोषण किट और आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड वितरित किए। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता और वितरण की जानकारी ली। नेत्र विभाग में उपलब्ध उपकरणों के बारे में भी जानकारी हासिल की।
रोगी कल्याण निधि खर्च न होने पर जताई नाराजगी
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल में सेवा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। रोगी कल्याण निधि का पैसा खर्च न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निधि का उपयोग मरीजों के उपचार, सुविधाओं तथा अस्पताल भवन की मरम्मत और रंगाई-पुताई में करने के निर्देश दिए।इस दौरान कुछ लोगों ने एक चिकित्सक पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। इस पर डिप्टी सीएम ने लिखित शिकायत देने को कहा। आश्वासन दिया कि शिकायत की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।