UP: चार हजार करोड़ रुपये से बरेली की सूरत बदलेगा बीडीए, नौ परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही बरेली का दौरा कर सकते हैं। वह बीडीए की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं। चार विकास कार्यों का लोकार्पण भी होना है। इसे लेकर बीडीए ने तैयारी शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) चार हजार करोड़ की नौ परियोजनाओं से शहर की सूरत बदलने की तैयारी में है। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में 60 करोड़ रुपये से एक हजार एलआईजी और ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण होगा। 125 हेक्टेयर जमीन पर 2,800 करोड़ से औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। बीडीए प्रदेश का ऐसा पहला प्राधिकरण होगा जो अपनी औद्योगिक टाउनशिप विकसित करेगा। मुख्यमंत्री इसी माह बीडीए की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं।
रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर आठ में 56.78 करोड़ से जल मनोरंजन उद्यान व 34.73 करोड़ रुपये से स्पेस म्यूजियम का भी निर्माण कराया जाएगा। ग्रेटर बरेली योजना के सेक्टर-10 में 31.13 करोड़ से 500 एलआईजी और 28.22 करोड़ रुपये से 500 ईडब्ल्यूएस भवन बनाए जाएंगे। ग्रेटर बरेली के सेक्टर सात में 30.40 करोड़ रुपये की लागत से नाथ पंथ म्यूजियम का निर्माण भी होगा। 14.79 करोड़ रुपये से अधिकारियों के आवास भी बनाए जाएंगे। 48.89 करोड़ की कुछ और भी योजनाएं विकसित की जाएंगी।
चार विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तारीख तय नहीं है, लेकिन उनके इसी माह आने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आने पर बीडीए नौ योजनाओं का शिलान्यास कराएगा। साथ ही, रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर दो में 46 करोड़ से तैयार की गई रामायण वाटिका, ग्रेटर बरेली के सेक्टर पांच व छह में आरसीसी ड्रेन, सीवर वाटर लाइन, इलेक्ट्रिक ट्रेंच, पार्क व सड़कों का लोकार्पण कराने की भी तैयारी है। सेक्टर पांच व छह में कराए गए निर्माण कार्य की कुल लागत करीब 48 करोड़ रुपये है। पुरनापुर टांडा में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 64.50 करोड़ रुपये की लागत से 1500 आवासों का निर्माण भी इसमें शामिल है।
औद्योगिक टाउनशिप के लिए यहां ली जाएगी जमीन
रहपुरा जागीर, रसूला चौधरी, ग्राम भिटौरा नौगवां उर्फ फतेहपुर पश्चिमी, चिटौली में औद्योगिक टाउनशिप के लिए बीडीए जमीन का अधिग्रहण करेगा। पीलीभीत बाइपास पर 268 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय योजना विकसित होगी। इन दोनों के लिए अगले हफ्ते से जमीन अधिग्रहण की तैयारी है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि प्रदेश में बीडीए इकलौता ऐसा विकास प्राधिकरण बनने जा रहा है जो अपनी औद्योगिक टाउनशिप विकसित करेगा। इनके अलावा आवासीय योजनाएं, पार्क, स्पेस म्यूजियम आदि के जरिये विकास कार्यों को गति देने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से बजट भी स्वीकृत किया गया है।