Holi 2026: बरेली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन से की जाएगी निगरानी, खुराफातियों पर रहेगी नजर
होली पर बरेली में शहर से लेकर देहात तक सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। शहर में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
विस्तार
होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में भारी फोर्स की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है। खुराफात होने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। त्योहार के दौरान ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।
होली पर शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने सुरक्षा की कमान चार एएसपी, 10 सीओ, 29 थाना प्रभारी, 32 निरीक्षक, 580 दरोगा, 1522 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, 3 कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरआरएफ, 5 क्यूआरटी मुख्यालय स्तर पर, 169 क्लस्टर मोबाइल और 730 होमगार्ड को दी है।
जिले में निकाले जाएंगे 91 जुलूस
जिले में होली से संबंधी 91 जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस की सुरक्षा में भी फोर्स तैनात रहेगा। संवेदनशील इलाकों से निकलने वाले जुलूस को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जाएगी। जिले में तीन हजार से ज्यादा जगह होलिका दहन होता है। कई स्थानों पर होलिका दहन सोमवार रात हुआ, हालांकि अधिकांश जगह बुधवार तड़के ही होलिका दहन किया जाएगा।
नगर के तीनों सर्किल में 867, आंवला सर्किल में 446, फरीदपुर सर्किल में 448, सर्किल मीरगंज में 292, सर्किल बहेड़ी में 463, सर्किल नवाबगंज में 368 और सर्किल हाइवे में 289 जिले में कुल 3173 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इन सभी स्थानों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शांति व्यवस्था भंग होने पर कुछ ही मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी।
