Auraiya: लाइन शिफ्ट करने के नाम पर मांगी 50 हजार की घूस, एंटी करप्शन टीम ने जेई और लाइनमैन को रंगे हाथों दबोचा
Auraiya News: सेहुदपुर गांव में मंदिर के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन को हटाने के नाम पर 50,000 की घूस मांगने वाले जेई और लाइनमैन को 11,000 लेते हुए लखनऊ एंटी करप्शन टीम ने औरैया में रंगे हाथों पकड़ लिया।
विस्तार
औरैया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर औरैया में देखने को मिला है। शुक्रवार दोपहर एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फफूंद स्थित केसमपुर बिजली उपकेंद्र से एक जेई और एक संविदा लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। टीम की इस अचानक छापेमारी से विभाग में हड़कंप मच गया है।
बृहस्पतिवार शाम से ही एंटी करप्शन टीम जिले में डेरा डाले हुए थी। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे टीम ने केसमपुर उप केंद्र पर धावा बोला। यहां तैनात जेई अजय पांडे और लाइनमैन लल्लन कुशवाहा को टीम ने रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम दोनों आरोपियों को लेकर औरैया कोतवाली पहुंची।
आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। एंटी करप्शन टीम द्वारा आरोपियों के पास से बरामद रुपयों की सीलिंग और दस्तावेजों की छानबीन जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रिश्वत किस काम के बदले मांगी गई थी। टीम की विधिक कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी है।
लाइन शिफ्टिंग के लिए मांगे थे 50 हजार
गांव सेहुदपुर में एक मंदिर का निर्माण हो रहा है। मंदिर के पास से हाइटेंशन लाइन गुजरी थी, जिसे हटवाने के लिए जेई और लाइनमैन से 50 हजार में गांव निवासी दीपक बाबू ने बात तय की थी। दीपक फूड विभाग में दिल्ली एनसीआर में आडीटर के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार को 11 हजार रुपये एडवांस देने आए थे।
रंगे हाथों रुपये लेते पकड़ा
इसकी शिकायत उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो लखनऊ में की थी। लाइनमैन लल्लन कुशवाहा व जेई अजय कुमार पांडेय निवासी बनारस को रंगे हाथों रुपये लेकर एंटी करप्शन टीम ने पकड़ लिया। अजय पांडेय निवासी अतर्रा चुंगी थाना सदर कोतवाली बांदा और लल्लन कुशवाहा निवासी गांव केशमपुर थाना फफूंद का रहने वाला है।