चित्रकूट में आसमानी आफत: बिजली गिरने से दो मासूमों और महिला की मौत; खेत में बकरी चरा रहे थे बच्चे, दो घायल
Chitrakoot News: चित्रकूट में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों और महिला की मौत हो गई। भरतकूप और रैपुरा थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से पूरे जिले में शोक की लहर है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में शुक्रवार सुबह को बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं। इस घटना में दो अन्य बच्चे घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पहली घटना तीन मार्च को भरतकूप थाना क्षेत्र के गांव पतौड़ा मजरा रजौली पुरवा में हुई।
सुबह चार बच्चे खेतों में बकरी चरा रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई। घायल बच्चों में नीरज (10), सुमित (12), विकास (13) और करन (13) शामिल थे। सभी को तत्काल सीएचसी शिवरामपुर में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने विकास और करन को मृत घोषित कर दिया।
दो का अस्पताल में उपचार जारी
नीरज और सुमित का इलाज अभी भी जारी है। मृतक बच्चों का पंचायतनामा भरकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह की दूसरी घटना रैपुरा थाना क्षेत्र के कुई कला गांव में सामने आई। यहां पचास वर्षीय रजपतिया की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।
चना बटोरने गई थीं महिला
वह अपने खेत में चना बटोरने गई थीं। घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।