Kanpur: गंगापुर कॉलोनी में सजा अमर उजाला 'जनता ही जनार्दन' कैंप, महापौर प्रमिला पांडेय ने सुनीं जनसमस्याएं
Kanpur News: अमर उजाला के 'जनता ही जनार्दन' अभियान के तहत वार्ड 63 की गंगापुर कॉलोनी में जनसुनवाई एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के गंगापुर कॉलोनी (वार्ड संख्या 63) में 'अमर उजाला' के लोकप्रिय अभियान 'जनता ही जनार्दन' के तहत एक विशेष जनसमस्या निवारण एवं निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय और क्षेत्रीय पार्षद श्वेता दुर्गा गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रीय लोगों ने नालियों की सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सड़कों की मरम्मत से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं, जिस पर महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
निशुल्क मेडिकल कैंप में उमड़ी भीड़, लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच
'जनता ही जनार्दन' कार्यक्रम के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा के लिए एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। मेडिकल कैंप में पहुंचे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने सैकड़ों स्थानीय निवासियों की बीपी, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं।
शिविर में आए बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को नि:शुल्क परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। नागरिकों ने अमर उजाला की इस सामाजिक पहल की जमकर सराहना की और कहा कि एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य जांच और जनसमस्याओं के निस्तारण का ऐसा मंच काफी राहत पहुंचाने वाला है।
महापौर ने दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश, अधिकारी रहे मौजूद
कैंप के दौरान महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वार्ड 63 की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
इस मौके पर पार्षद श्वेता दुर्गा गुप्ता के अलावा नगर निगम, जल कल और स्वास्थ्य विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने जनता से मिले प्रार्थना पत्रों को दर्ज कर जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।