Kanpur: B.Tech पास इंजीनियर चला रहा था अंतरजनपदीय चोर गिरोह! स्कॉर्पियो से चोरी करने आए चार दबोचे
Kanpur News: कोहना थाना पुलिस ने शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पनकी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। गिरोह का सरगना समेत दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर की कोहना थाना पुलिस ने शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 04 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह किराए की स्कॉर्पियो से कानपुर के पनकी क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा था। हालांकि पुलिस को देखकर गिरोह का सरगना रोहित समेत 02 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
गंगा बैराज के पास चेकिंग में घेराबंदी कर दबोचे गए चोर
पुलिस के अनुसार शनिवार रात गंगा बैराज और कर्बला चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही कार सवार 06 लोग उतरकर भागने लगे।
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर 02 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि 02 अन्य को कर्बला के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखनऊ निवासी सर्वेश त्रिपाठी, संतोष वाहनी, रोहित यादव उर्फ नेपाली और संजीत साहनी उर्फ पहाड़ी के रूप में हुई।
B.Tech पास है सर्वेश, बैंक की नौकरी छोड़ अपराध की राह पर बढ़ा
जांच के दौरान गिरोह का चौंकाने वाला सच सामने आया। पकड़ा गया आरोपी सर्वेश त्रिपाठी B.Tech (मैकेनिकल) पास है। वह पहले वाराणसी में एक्सिस बैंक के लोन वेरिफिकेशन विभाग में काम कर चुका है। आरोपी लखनऊ की एक ट्रैवल एजेंसी से किराए पर स्कॉर्पियो कार लेकर वारदात करने कानपुर पहुंचे थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक बीटेक पास सर्वेश के खिलाफ 10, संजीत पर 07, संतोष पर 03 और फरार चल रहे सरगना रोहित के खिलाफ विभिन्न जिलों में 21 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सरगना समेत दो फरार, पुरानी वारदातों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पनकी इलाके में चोरी करने की योजना बनाकर आए थे। कोहना थाना पुलिस अब फरार सरगना रोहित और उसके साथी की तलाश के साथ-साथ गिरोह द्वारा आसपास के जिलों में अंजाम दी गई अन्य चोरियों का ब्योरा जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले में सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।