Unnao: उद्घाटन के 12वें दिन धंसी कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सड़क, सपा नेता का वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप
Unnao News: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद ही कोरारी के पास सड़क धंसने का मामला सामने आया है। सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी पीएनसी ने मौके पर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाल ही में शुरू हुए हाईटेक कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पहली ही बारिश में सवाल खड़े हो गए हैं। एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के महज 12वें दिन शनिवार को उन्नाव जिले के अचलगंज कोरारी टोल से करीब 01 किलोमीटर आगे लखनऊ जाने वाली लेन की सड़क अचानक धंस गई।
किलोमीटर संख्या 64.4 पर सड़क का लगभग 05 से 07 मीटर हिस्सा धंसने से वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया। समाजवादी पार्टी के नेता द्वारा धंसी सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद हड़कंप मच गया, जिसके बाद निर्माण एजेंसी ने आनन-फानन में मरम्मत का काम शुरू कराया।
13 जुलाई को हुआ था उद्घाटन
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को आगामी यातायात सुगमता के लिए 13 जुलाई को जनता के समर्पित किया गया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से इसका भव्य उद्घाटन किया था।
भारी बारिश के चलते शनिवार को कोरारी के पास सड़क धंस गई। सपा नेता मधुसूदन यादव ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। करोड़ों की लागत से बने इस हाईटेक एक्सप्रेसवे की सड़क का इतने कम समय में धंसना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
एनएचएआई और पीएनसी ने शुरू कराई मरम्मत
मामले ने तूल पकड़ा तो कार्यदायी निर्माण एजेंसी पीएनसी की टीम जेसीबी और मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। धंसे हुए हिस्से से डामर की पुरानी परत को उखाड़कर नई लेयर बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कराया गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर वी कुंडू ने बताया कि पहली बारिश में इस तरह की तकनीकी समस्या आ जाती है। सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है और जल्द ही सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा।