Weather Update: घने कोहरे की गिरफ्त में वेस्ट यूपी, सर्दी का सितम चरम पर, फिलहाल राहत नहीं
वेस्ट यूपी में घने कोहरे और सर्द हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48–72 घंटे तक कोहरे और ठंड से राहत की संभावना कम है।
विस्तार
वेस्ट यूपी में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड लोगों पर भारी पड़ रही है। सोमवार की सुबह भी क्षेत्र में कोहरे की घनी चादर देखने को मिली। बीते कई दिनों से लगातार छाए कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो जा रही है।
सर्द हवाओं के चलते ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है। लोगों को दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। धूप कमजोर रहने के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।
सड़कों पर रेंगते वाहन, दुर्घटनाओं का खतरा
कोहरे के कारण सड़क और हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। कई इलाकों में दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सिमट गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
घने कोहरे के चलते ट्रेनें और बसें भी देरी से चल रही हैं। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण इलाकों में हालात ज्यादा खराब
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और ज्यादा खराब बनी हुई है। खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर ठंड और कोहरे से परेशान हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में अलाव और ठंड से बचाव के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं।
48–72 घंटे तक राहत नहीं-मौसम वैज्ञानिक
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. समीम के अनुसार इस बार साल के अंतिम दिनों में कोहरा और ठंड दोनों ही ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगले 48 से 72 घंटे तक कोहरे से राहत के आसार नहीं हैं। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है। फिलहाल वेस्ट यूपी के लोगों को कोहरे और सर्दी के इस दोहरे प्रहार से जूझना पड़ रहा है।
