UP Weather Update: पश्चिमी यूपी में बारिश ने और बढ़ाई ठंड, मेरठ में 11 जनवरी तक कक्षा आठ तक के स्कूल बंद
हिमालयों पर हो रही बर्फबारी और अचानक से चली शीतलहर के बाद से पश्चिम यूपी में ठंड और बढ़ गई है। बारिश के बाद सर्दी का सितम और बढ़ गया है। ठंड से जहां लोग ठिठुरते नजर आए वहीं, मेरठ में कक्षा आठ तक सभी स्कूल 11 जनवरी तक बंद किए गए हैं।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। वहीं बारिश के बाद तापमान में और भी गिरावट दर्ज की गई है। कड़ाके की ठंड के चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने सभी बोर्डों के स्कूलों में नर्सरी, कक्षा एक से कक्षा आठ तक पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का सात से 11 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदल रहा माैसम
पश्चिमी विक्षोभ के चलते एनसीआर में 27 दिसंबर को पूरे दिन बारिश हुई और दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। धूप न निकलने के कारण हाथ पैर सुन्न व गलन वाली ठंड से राहत नहीं मिल पा रही थी। रविवार सुबह कोहरा छाया रहा। हवा चलने से ठंड तो महसूस हुई मगर गुनगुनी धूप ने बड़ी राहत दी। वहीं सोेमवार को सुबह से ही बारिश होने लगी, जिससे और ज्यादा ठंड का अहसास हो रहा है। दोपहर को हल्की धूप निकली लेकिन शीतलहर से लोग ठिठुरते रहे।
यह भी पढ़ें:नमो भारत की रफ्तार: 40 मिनट में मेरठ से पहुंचे आनंद विहार, सुविधा के साथ समय की भी बचत
अगले दो दिन रहेगा कोहरा, सताएगी ठंड
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि एक दो दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। सुबह के समय कोहरा छाया रहने की संभावना है, हालांकि धूप निकलने से कोहरा छट जाएगा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को भी तेज हवा चलने से एक्यूआई का स्तर 100 से नीचे आकर 98 दर्ज किया गया। गंगानगर में 78, जयभीमनगर में 87, पल्लवपुरम में 130, दिल्ली रोड 145, बेगमपुल 138 एक्यूआई दर्ज किया गया। अब प्रदूषण का स्तर कम हुआ है।