UP: 13074 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त, ग्राहक बनकर गोदाम पहुंची थी एंटी नारकोटिक्स की टीम; तीन पर FIR
Cough Syrup Case: जिले के कटरा क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टीम ने एसएस मेडिकल एजेंसी गोदाम पर छापा मारकर 13,074 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया। एक आरोपी अजय उर्फ अजीत को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी फरार हैं। पुलिस ने कार, बाइक और आईफोन भी जब्त कर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Mirzapur News: मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। ककरहवा स्थित एसएस मेडिकल एजेंसी के गोदाम पर बीती रात ग्राहक बनकर पहुंची टीम ने छापेमारी कर 13,074 बोतल कफ सिरप जब्त की। मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टीम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि वाराणसी क्षेत्र के कुछ लोग लाइसेंस की आड़ में कोडीनयुक्त कफ सिरप का अवैध भंडारण और तस्करी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद एएनटीएफ टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
बताया गया कि मंगलवार रात टीम ग्राहक बनकर ककरहवा स्थित गोदाम पहुंची और कफ सिरप की मांग की। इसके बाद गोदाम से कफ सिरप बाहर निकाला जाने लगा। इसी दौरान टीम ने छापा मार दिया। मौके से पिकअप वाहन में कफ सिरप लाद रहे अजय कुमार यादव उर्फ अजीत निवासी कोयला बाजार, आदमपुर वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान गोदाम से 109 पेटियों में रखी 13,074 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक कार, एक बाइक और एक आईफोन भी जब्त किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।
एंटी नारकोटिक्स टीम ने कटरा कोतवाली में अजय कुमार यादव उर्फ अजीत, वासलीगंज घास की गली निवासी सुधांशु चौरसिया और तेलियाबाग निवासी लकी उर्फ मुन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अजीत ने बताया कि गोदाम का संचालन सुधांशु चौरसिया करता है। जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम एसएस पालीवाल के नाम पर पंजीकृत है। फिलहाल एंटी नारकोटिक्स और पुलिस टीम पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।