Varanasi News: भाइयों और भतीजों में संपत्ति बांटने के बाद बुजुर्ग ने फंदे से लटक कर दी जान, सुसाइड नोट बरामद
Varanasi News: बुजुर्ग की लाश मिलने की सूचना पाकर स्थानीय थाने की पुलिस माैके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
Varanasi News: बेनीपुर में पंकज पाठक (63) ने मंगलवार सुबह फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है। बुजुर्ग ने सुसाइड नोट में भाइयों और भतीजों को संपत्ति बांटने का जिक्र किया है। किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पंकज के भाई प्रीतम चंद पाठक चौक में रहते हैं। सारनाथ के बेनीपुर में चायपत्ती का गोदाम है। सुबह 10 बजे बेनीपुर पहुंचे तो गेट नहीं खुला। कई बार आवाज देने के बाद गेट नहीं खुलने पर चहारदीवारी फांदकर खिड़की से देखा।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सुबह बड़े भाई प्रीतम चंद ने पुलिस को सूचना दी कि पंकज ने कमरे में पंखे की कुंडी में रस्सी और गमछे के सहारे फंदे पर लटक कर जान दे दी है। सुसाइड नोट में जमीन से संबंधित बातें लिखी थीं कि अब मैं नहीं रहूंगा, जिस जमीन का सट्टा किया है उसे अब निरस्त माना जाए और उस जमीन को भाइयों और भतीजों में बांट दिया जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी।
उधर, सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा जयप्रकाश नगर में अरविंद कुमार (25) ने मंगलवार दोपहर पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे लटक कर जान दे दी। होली पर पत्नी से विवाद के बाद से अरविंद तनावग्रस्त था। सिगरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लंका निवासी अरविंद कुमार बचपन से ही शिवपुरवा के जयप्रकाश नगर में मामा के घर रहता था। अन्य परिवार के लोग लंका में रहते हैं।
दोपहर में अरविंद कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजन पहुंचे। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। सिगरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि होली पर पत्नी से अरविंद का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। तभी से पत्नी मायके चली गई थी। तनाव में आकर अरविंद ने यह कदम उठाया।