Varanasi News Today: जिम मैनेजर से छेड़खानी के आरोपी पर FIR, हादसों में दो लोगों की मौत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के लक्सा और भेलूपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र की युवती ने जिम में युवक पर छेड़खानी और धमकी देने का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद के पुराना पान दरीबा धोबियाना में मंगलवार सुबह महेंद्र कुमार (44) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। दो महीने पहले बेटे की मौत और नौकरी नहीं होने के चलते वह अवसाद में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लक्सा के औरंगाबाद पुराना पान दरीबा में धर्मेंद्र कुमार परिवार के साथ रहते थे।
सुबह 4 बजे मां के पास से उठकर धर्मेंद्र दूसरी मंजिल पर सोने चला गया। सुबह धर्मेंद्र नहीं दिखा तो मां के कहने पर बड़े बेटे सुरेंद्र ने दूसरी मंजिल पर गया तो देखा कि गमछे के सहारे धर्मेंद्र लोहे के एंगल से लटका था।
सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि महेंद्र की शादी 2016 में रोहनिया के बछाव में हुई थी, जिसके दो बच्चे थे। दो महीने पहले एक बेटे की मौत हो गई थी। धर्मेंद्र के पास नौकरी भी नहीं थी। दो महीने से बेरोजगार था। आर्थिक तंगी और अवसाद में आकर धर्मेंद्र ने यह कदम उठाया। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।
पोखरे के पास मिला शव
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड में पोखरे के पास लगे पत्थर के बेंच के बगल में अज्ञात शख्स का शव मिला। मेडिकल स्लिप पर महेंद्र प्रसाद निवासी खोजवा लिखा था। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह सामने आएगी। परिजनों की तलाश की जा रही है।
जिम मैनेजर से छेड़खानी आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र की युवती ने जिम में युवक पर छेड़खानी और धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि शिवपुर फाटक के पास एक जिम में फ्लोर मैनेजर है। आरोप है कि जिम में कसरत करने आने वाला रानु उर्फ आरूप यादव निवासी शिवपुर चुंगी अकसर उनसे अश्लील हरकतें करता है। विरोध करने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देता है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी के परिजनों, जिम मैनेजर और जिम मालिक को भी सूचना दी। बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जिम के बाहर भी पीछा करता है। जिम में लगे सीसी कैमरों में आरोपी की हरकतें कैद हैं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
बेटी जन्मी तो मिला ताना, घर से निकाला
पांडेयपुर क्षेत्र के छोटा लालपुर में बेटी को जन्म देने के बाद महिला को ताना मारने और दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। छोटा लालपुर निवासी निधि पाठक ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी 19 अप्रैल 2022 को प्रतापगढ़ के मूसा चंदौकी निवासी अमरकांत पाठक से हुई।
घरवालों ने शादी में 20 लाख रुपये खर्च किए। आरोप है कि 24 अक्तूबर 2023 को बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष के लोग नाराज हो गए। ताने देने लगे कि लड़का क्यों नहीं हुआ। पति अमरकांत पाठक, जेठ अरुणकांत पाठक, देवर अमनकांत पाठक और सास शारदा पाठक समेत अन्य परिजन बुलेट, पांच लाख नकद और इन्वर्टर की मांग करने लगे। इन्कार करने पर प्रताड़ना देने लगे।
मारपीटकर स्त्री धन छीन लिया और बेटी के साथ घर से निकाला दिया। पीड़िता का आरोप है कि दो दिन पहले ससुराल पक्ष के लोग मायके पहुंचे और मारपीट की साथ ही तलाक देने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशान करने पर 3 गिरफ्तार
बाबतपुर एयरपोर्ट पर सवारी के लिए यात्रियों को परेशान और दबाव बनाने वाले तीन टैक्सी चालकों को फूलपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। वहीं, 40 चार पहिया वाहनों का चालान और एक वाहन सीज किया गया। चालकों को बाद में जुर्माना भरने पर छोड़ दिया गया। आरोपियों में रंजीत कुमार, सोनू सोनकर और सुनील कुमार रहे।
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को घेरकर दबाव बनाने व अभद्र व्यवहार ने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चेकिंग शुरू की गई है। सोमवार को भी चार चालकों को गिरफ्तार किया गया था और 2 वाहनों को जब्त किया गया था। निगरानी के लिए चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी यात्री पर दबाव न बनाएं।
10 साल पुराने ग्रेनेड मामले में 13 तक मांगी रिपोर्ट
कचहरी में ग्रेनेड बरामदगी के 10 साल पुराने मामले पर अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने कैंट थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर विवेचना में प्रगति की रिपोर्ट 13 मार्च तक पेश करने को कहा है। अदालत ने कहा कि कैंट थाने में 2016 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गंभीर मामला होने के बावजूद अब तक विवेचना पूरी नहीं की गई है, इसलिए 13 मार्च तक प्रगति रिपोर्ट अदालत में भेजी जाए। अधिवक्ता नित्यानंद राय ने बताया कि अदालत ने 9 मार्च को भी आख्या तलब की थी, लेकिन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। इसके बाद अदालत ने कैंट थानाध्यक्ष को लिखित पत्र जारी कर 13 मार्च तक हर हाल में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
छेड़खानी के मामले में तीन को मिली जमानत
शराब पीकर महिला से छेड़खानी करने और दलित उत्पीड़न के मामले में तीन आरोपियों को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटीएक्ट) संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने लच्छीपुरा कॉलोनी, घौसाबाद निवासी रितेश चौहान, अरुण सिंह व मंटू विश्वकर्मा उर्फ अनूप विश्वकर्मा को 25 हजार के जमानतदार और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया।
एक दिन की थाना प्रभारी बनी छात्रा ने किया समाधान
मिशन शक्ति के तहत थाना प्रभारी बनी बीए की द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रियंका विश्वकर्मा ने फरियादियों की समस्याओं का समाधान किया। उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी महिला पुलिसकर्मियों के साथ सहायक के रूप में रहीं। प्रियंका के सामने 6 लोग फरियाद लेकर पहुंचे। मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्देश दिया।
50 फीसदी अनुदान पर मिलेगा हाइब्रिड मक्का बीज
त्वरित मक्का विकास और संकर बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सीजन में किसानों को हाइब्रिड मक्का बीज मिलेगा। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि वह अपने पास राजकीय बीज भंडारण केंद्रों से अनुदान पर ले सकते हैं। हाइब्रिड मक्का बीज प्रजाति-एनएमएच 920 (मल्लिका) का विक्रय मूल्य 245 रुपये प्रति किलो और प्रजाति-एचक्यूपीएम-5 का 285 प्रति किलो है। किसानों को यह बीज 50 फीसदी अनुदान पर मिलेगा। बीज प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर मिलेगा।
तीन दिन से लगातार सुंदरपुर-भिखारीपुर जाम
सड़क किनारे दुकानदार सुगम यातायात में बाधा पहुंचा रहे हैं। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने पर सड़क पर जाम लग रहा है। सुंदरपुर-नेवादा से भिखारीपुर तिराहे और बरेका गेट तक तीन दिन से लगातार जाम लग रहा है। सुबह 9 के बाद दोपहर 12 बजे और फिर देर शाम तक मार्ग जाम की चपेट में रहता है। चितईपुर पुलिस के लचर पर्यवेक्षण के चलते रोज लोगों को जाम से परेशान होना पड़ रहा है।
चेतगंज थाना क्षेत्र में सड़क पर दुकानों के संचालन के चलते जाम लग रहा है। दशाश्वमेध-चौक क्षेत्र में तो आए दिन अतिक्रमण पर कार्रवाई हो रही है, बावजूद इसके लोगों को समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। पांडेयपुर चौराहा से लेकर पहड़िया और अकथा तिराहे के पास दुकानों के पास पार्किंग नहीं होने से परेशानी हो रही है।
आदमपुर थाना क्षेत्र में भी बाहरी गाड़ियों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही से रोज जाम लग रहा है। एडीसीपी यातायात, अंशुमान मिश्रा ने बताया कि एसीपी, टीआई और टीएसआई समेत पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी मार्ग पर जाम न लगे।
मोबाइल हैक कर 98 हजार रुपये की साइबर ठगी
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार निवासी युवक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 98 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित अभिनव त्रिवेदी ने तहरीर में बताया कि पांच मार्च को सुबह जब मोबाइल उठाया तो बिना किसी कमांड के फोन अपने आप अपडेट होने लगा। संदेह होने पर उन्होंने वाईफाई बंद कर फोन स्विच ऑफ करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनके एचडीएफसी बैंक खाते से फोन पे से 98 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। पीड़ित के अनुसार, रकम सुबह 11.11 बजे भूमिसूता बीएचओ नाम के खाते में ट्रांसफर हुई है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।
12 हजार रुपये समेत आभूषण ले गए चोर
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोइठहां इलाके में बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाया। भुक्तभोगी ने तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। गोइठहां, बावनबिघा निवासी अंकित पाल ने बताया कि वह दो से 6 मार्च तक घर से बाहर थे। छह मार्च की शाम जब वापस लौटे तो देखा कि मकान का ताला टूटा है। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। जांच के दौरान सामने आया कि 12 हजार रुपये समेत मंगलसूत्र, चेन, दो अंगूठी चोरी थे। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सीढ़ी से घसीटकर कमरे में मारपीट, तीन पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के विरुद्धपुरी इलाके में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लकी चांदनी की शिकायत पर पुलिस ने बड़े पिता संजय चांदनी, काजल चांदनी और लविश चांदनी के खिलाफ जान से मारने की नीयत से मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर भेलूपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बरामदे में सो रहा था परिवार, चोर घर खंगालते रहे
लोहता थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव में सोमवार रात चोरों ने चोरी की। वारदात के समय पूरा परिवार बरामदे में सो रहा था। भवन स्वामी पावरलूूम मशीन के कारखाने पर सोने गया था। मंगलवार सुबह जानकारी होने पर परिवार ने प्राथमिकी दर्ज कराई। निवासी ओंकार सिंह ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वह कारखाने में सोने चले गए थे। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि पुलिस व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य संकलन किया। सीसी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
छात्रा से छेड़छाड़, वीडियो वायरल करने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक पर छात्रा से छेड़छाड़, मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा ने तहरीर में बताया कि वह दौलतपुर पहड़िया निवासी अमित कुमार के यहां कोचिंग पढ़ने जाती थी। आरोप है कि पढ़ाई के दौरान ही संचालक उससे अशोभनीय हरकतें करने लगा। छात्रा के विरोध करने पर वह जबरदस्ती करता और कई बार मारपीट भी करता था। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और वायरल करने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
जमीन के विवाद में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र के सिंधौरा कस्बा निवासी दुकानदार नागेंद्र वर्मा ने मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में बताया कि दुकान के सामने वाली जमीन को नरेश यादव से खरीदा था। पिछले महीने वहां बाउंड्री करवा रहा था। मो़ वकील, मो़ जमील, दिलशाद ने काम रोक दिया। विरोध करने पर लाठी से मारा। सात मार्च को फिर काम के दौरान आरोपियों ने मिस्त्री और मजदूरों को भगा दिया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित नागेंद्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मजार के पास तेज आवाज में कव्वाली, प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर में मजार पर तीन मार्च को देर रात तक तेज आवाज में मजलिश और कव्वाली का वीडिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। प्रकरण सामने आने पर संकटमोचन चौकी प्रभारी शिप्रा सिंह ने जांच कर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने जांच की जा रही है।
युवती को बहलाकर ले जाने के आरोपी पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर निवासी पीड़ित पिता की तहरीर पर युवती को बहलाकर ले जाने के मामले के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में युवती के पिता ने आरोप लगाया कि वासु प्रजापति उनकी बेटी को बहलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी क्षेत्र में ठेला लगाकर सब्जी बेचता है। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
बहू की दहेज हत्या में आरोपी ससुर गिरफ्तार
दहेज हत्या में वांछित ससुर लल्ली यादव को कपसेठी पुलिस ने मंगलवार को भगौतीपुर गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी कपसेठी के भगौतीपुर का निवासी है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि चार मार्च को विवाहिता आंचल यादव की मौत के मामले में पति अच्छेलाल और सास को छह मार्च को गिरफ्तार किया गया।
सेना के जवान की स्कॉर्पियो चोरी
गाजीपुर के शेरपुर ढोढारी निवासी आईटीबीपी में कार्यरत संजीव कुमार पांडेय की स्कॉर्पियो बीएचयू परिसर के काशी विश्वनाथ वैदिक विज्ञान केंद्र के पास से चोरी हो गई। तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। संजीव ने तहरीर में बताया कि उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी 27 फरवरी को बीएचयू परिसर में खड़ी थी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसी आउटडोर यूनिट से हजारों रुपये का सामान चोरी
पांडेयपुर में एक लाइब्रेरी के एसी आउटडोर यूनिट से हजारों के सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पहड़िया निवासी अमित यादव ने पुलिस को तहरीर में बताया कि पांडेयपुर के रिलैक्सो शोरूम के ऊपर काली माता मंदिर के पास उनकी द रीडर्स लाइब्रेरी है। 8 और 9 मार्च के बीच अज्ञात व्यक्ति लाइब्रेरी की छत पर पहुंच गया और वहां लगे दो एसी के आउटडोर यूनिट खोलकर अंदर से कीमती सामान निकाल ले गया। संचालक ने पुलिस से शिकायत की। लालपुर पांडेयपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है।
पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना में प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में गायत्री नगर की विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संध्या सिंह ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी अंकित सिंह से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति अंकित सिंह, ससुर जयप्रकाश सिंह और सास मधुबाला चारपहिया वाहन की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
चंदौली के बबुरी की किशोरी से होटल के कमरे में दुष्कर्म में भेलूपुर पुलिस ने छोटा मिर्जापुर के दानिश को गिरफ्तार किया है। युवक ने कैंट स्टेशन के सामने होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। दोनों की मुलाकात नमो घाट पर हुई थी। बाद में इंस्टाग्राम पर दोनों जुड़े और फिर मिलने लगे। पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात नमो घाट पर हुई थी। इस बीच आरोपी ने किशोरी का मोबाइल नंबर ले लिया।
बातचीत के दौरान दोनों ने एक दूसरे की इंस्टाग्राम आईडी ली और लगातार संपर्क में रहे। पीड़िता का आरोप है दानिश ने उसे मुलाकात के बहाने बुलाकर कैंट स्टेशन के सामने होटल में ले गया और दुष्कर्म किया। भेलूपुर थाना क्षेत्र में डरा धमका कर बुलाया और संबंध बनाया। भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएम से मिले आईएमए पदाधिकारी
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन वाराणसी शाखा के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात कर डॉक्टरों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। आयुष्मान भारत और पीसीपीएनडीटी जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि आयुष्मान से जुड़े अस्पतालों के पास उचित पार्किंग की व्यवस्था होगी तो आयुष्मान योजना का लाभ मिलता रहेगा। इस दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन, सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, डॉ. पीके तिवारी ,डॉ. भानु शंकर पांडेय, वित्त सचिव डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
सीएम डैशबोर्ड में चौथा स्थान, आईजीआरएस रैंकिंग में बनारस पुलिस फिर अव्वल
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने फरवरी माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। जबकि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग प्रदेश के जिलों का मूल्यांकन कुल 51 विभिन्न पैरामीटरों के आधार पर करती है। इनमें अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, पुरस्कार घोषित व अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल-112 की रिस्पांस टाइम, गौ-तस्करी व एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई, महिला अपराध, एससी/एसटी एक्ट, गुंडा एक्ट जैसे बिंदु शामिल हैं।
प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में तहसील सदर वाराणसी प्रथम : तहसील सदर को एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इस सफलता का श्रेय तहसील सदर के वर्तमान उपजिलाधिकारी और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिन सिंह के कुशल नेतृत्व, तहसीलदार संत विजय सिंह के मार्गदर्शन और राजस्व कर्मियों के परिश्रम को दिया गया।
रोपवे का किराया ऑटो रिक्शा से कम करने की मांग
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक रथयात्रा कार्यालय पर हुई। मंडल के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश चौरसिया, महामंत्री राम भरत ओझा ने मंगलवार को रोपवे के किराये को कम करने की मांग की है। व्यापारी नेता राकेश जैन ने कहा कि रोपवे जनसाधारण के लिए बनाया गया है। जिसका उद्देश्य काशी में आने वाले तीर्थ यात्री और जनता को सुविधा देना।
रोपवे का किराया ऑटो और टोटो वालों से कम होना चाहिए। कैंट स्टेशन से गोदौलिया ऑटो वाले अधिकतम 20 सवारी लेते हैं। जबकि ई रिक्शा वाले 10 से 15 रुपये लेते हैं। रोपवे का किराया कैंट स्टेशन से 50 रुपये लेने का विचार है। कोई तीर्थ यात्री अगर चार सवारी आ रहा है तो उसे कैंट स्टेशन से गोदौलिया जाने के लिए 200 देना पड़ेगा। इसे कम करना चाहिए।
वह इससे कम किराये में फूल रिजर्व ऑटो में गोदौलिया पहुंच जाएगा। गोदौलिया में उतरने के बाद भी होटल के लिए फिर टोटो और ऑटो करना पड़ेगा। अगर किराया कम नहीं होता है तो यह रोपवे सिर्फ शोभा की वस्तु बन जाएगी। बैठक में विनोद अग्रवाल, अनिल सेठ, बाबू खान, पूनम मिश्रा रहे।
हरी सब्जियां, फल, गुड़ भेंटकर की गोद भराई
काशी विद्यापीठ ब्लॉक मुख्यालय पर मंगलवार को राष्ट्रीय पोषण माह एवं मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पोषण पंचायत लगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने मातृ शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि यदि मन में दृढ़ हौसला हो तो हर उड़ान मुमकिन है।
कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें राजनैतिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया है। गोविंदपुर की सीता देवी और भरथरा की रेशमा देवी ने अपनी संघर्ष गाथा साझा की। गीता विश्वकर्मा ने गर्भवती महिलाओं संजू यादव, पूजा देवी और ममता को हरी सब्जियां, फल, गुड़ और चना भेंट कर उनकी गोदभराई की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह, खंड विकास अधिकारी राजेश यादव और सीडीपीओ रमेश यादव उपस्थित रहे।
डॉ. सुधांशु को दिल्ली में मिला सम्मान
फेडरेशन ऑफ सीड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एफएसआईआई) ने इरी के आइसार्क के निदेशक व धान वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु सिंह को सम्मानित किया है। डॉ. सुधांशु को यह सम्मान नई दिल्ली में मंगलवार को धान की सीधी बुआई (डीएसआर) तकनीक विषय पर आयोजित सम्मेलन में दिया गया। उन्हें ये सम्मान उच्च उत्पादक और सुदृढ़ धान की खेती को आगे बढ़ाने, डीएसआर को बढ़ावा देने के लिए मिला है।
गाजीपुर के रहने वाले भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के पूर्व निदेशक पद्मश्री डॉ. एके सिंह को भी सम्मानित किया गया। उन्हें पीपीवीएफआरए के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोचन महापात्रत, आयुक्त, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय डॉ. पीके सिंह, शोध निदेशक सिर्स-इरी डॉ. वीरेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त आईएएस कहान सिंह पन्नू, अजय राणा, राजवीर राठी, मेहतलाल बिसेन आदि ने बधाई दी है।
शिकागो से आए न्यूरो सर्जन पहुंचे आईआईटी बीएचयू
अमेरिका के शिकागो से आए न्यूरो सर्जन और संन्यास ले चुके अखंड स्वामी ने आईआईटी बीएचयू में छात्रों संग संवाद में कहा कि जरूरी नहीं कि आप अलग से पूजा पाठ करो। डॉक्टर, इंजीनियर जिस भी पेशे में हो उसको ईमानदारी से निभाना बड़ी भक्ति है। अमेरिका के इलिनोइस विश्वविद्यालय से न्यूरो सर्जरी की पढ़ाई करने वाले अखंड स्वामी ने आईआईटी में ‘इनसाइड दी ब्रेन बीयांड दी माइंड’ विषय पर बातचीत की। कहा कि अलग सोचने वालों को कुछ भी छोड़ना मुश्किल नहीं लगता है। छोड़ना तब मुश्किल लगता है जब सामने कोई विजन नहीं होता है। उन्होंने कहा कि कोई ऐसा नहीं है जिसके जीवन में विपत्तियां न हो, लेकिन इन से जो घबराए नहीं वही सफलता हासिल करता है।
गर्मी के पहले 541 कुओं की सफाई और सुंदरीकरण के दिए निर्देश
गर्मी को ध्यान में रखकर नगर निगम शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुट गया है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बैठक में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने कहा कि खराब ट्यूबवेल और पंपों की तकनीकी जांच कराएं। समय से काम पूरा करने की चेतावनी दी और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने को कहा।
नगर आयुक्त ने शहर के सभी 541 कुओं की सफाई और सुंदरीकरण 31 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि संकट गहराने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रहे। अब तक 162 कुओं की सफाई हो चुकी है। 140 की चल रही है। शेष 340 कुओं की सफाई के लिए भी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को सख्त हिदायत दी कि गर्मी में पंपों की खराबी या किसी भी तकनीकी खामी से जनता को परेशान नहीं होना चाहिए। शहर में 18 वाटर कूलरों की संख्या बढ़ाकर 28 करने का निर्णय लिया गया है। प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों का चयन किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलकल विभाग के अधिकारियों से कहा कि शहर के हर कोने तक पानी का दबाव बना रहे।
काशी विश्वनाथ दर्शन बना काशी तमिल संगमम यात्रा का सबसे यादगार पल
काशी तमिल संगमम में हिस्सा लेने आए चेन्नई के एक प्रतिभागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अनुभव साझा किया। चेन्नई के कुचनूर गोविंदराज ने पत्र के माध्यम से बताया कि काशी तमिल संगमम संस्कृति, शिक्षा और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम था। तमिल सीखें कार्यक्रम के तहत आए शिक्षकों को काशी में कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया गया और पूरे प्रवास के दौरान उनका अत्यंत आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान सबसे विशेष अनुभव सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन का रहा।
ध्रुव ने कठोर तपस्या व साधना से पाई भगवत भक्ति
चिरईगांव के जाल्हुपुर मधुकरपुर मां शीतला मंदिर के समीप चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन मंगलवार को कथाव्यास आचार्य नरदेव गिरि ने भगवान भक्त ध्रुव के जीवन प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि ध्रुव जब अपने पिता की गोद में बैठे थे, तभी उनकी सौतेली माता सुरुचि ने उन्हें गोद से उठाकर अपने पुत्र को बैठा दिया। पांच वर्ष के बालक ध्रुव यह अपमान सह न सके और रोते हुए अपनी माता सुनीति के पास पहुंचे। तब माता सुनीति ने उन्हें समझाते हुए कहा कि यदि पिता की गोद में स्थान नहीं मिला तो भगवान की गोद पाने का प्रयास करो। माता की बात सुनकर ध्रुव भगवान की प्राप्ति के लिए जंगल की ओर चल पड़े।
सीताराम के दर्शन से मिट जाएंगी द्वेष, ईर्ष्या और बुराइयां: भास्कर शास्त्री
भास्कर शास्त्री ने कहा कि मानस में है कि सभी प्राणियों में प्रभु श्रीराम का दर्शन करना चाहिए। जब हम सभी प्राणियों में सीताराम जी का दर्शन करेंगे तो हमारे विचारों से द्वेष, ईर्ष्या तथा तमाम बुराइयां मिट जाएंगी। हमें अपने को जानने के लिए श्रीराम रूपी दर्पण का सहारा लेना चाहिए। श्रीरामचरितमानस समिति की ओर से पहड़िया में चल रहे मानस सम्मेलन के दूसरे दिन मंगलवार को वह प्रवचन कर रहे थे। मानस वक्ता पं. श्रीकांत पाठक ने कहा कि भगवान धर्म की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं।
28 तरह के द्रव्यों से किया सप्तचंडी यज्ञ शंकराचार्य की निकाली शोभायात्रा
कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती स्वामी महाराज के 133वें जयंती महोत्सव की मंगलवार को पूर्णाहुति हुई। 50 वैदिक विद्वानों ने 28 तरह के द्रव्यों से चंडीयज्ञ सहित विविध यज्ञादि पूर्ण किया। श्रीकांची कामकोटीश्वर मंदिर में दिनभर चले हवन–पूजन के बाद शाम को शंकराचार्य की पंच धातु की उत्सव प्रतिमा की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। तीन सौ से अधिक श्रद्धालु व साधु–संत शामिल हुए।
जयंती महोत्सव और विश्व के कल्याण के लिए श्री गुरुचरणसेवा समिति के बैनर तले हनुमान घाट मार्ग स्थित श्रीकांची कामकोटीश्वर मंदिर में चार मार्च से चंडी सहित विविध यज्ञ हुआ। अंतिम दिन शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती के जन्मोत्सव पर सुबह से ही गणपति हवन से अनुष्ठान शुरू हुआ।
आंध्र प्रदेश के स्वामी यती अमृतानंद सरस्वामी के सानिध्य में साईं कुमार शास्त्री व पं. अनंत भट्ट के आचार्यत्व में आहवंति, श्रीसुक्त, महारुद्र, सतचंडी आदि यज्ञ हुआ। यज्ञशाला में दो सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं। दोपहर में 10 कुवारियों और 20 सुहागिन का पूजन कर सौभाग्य आदि की सामग्री दी गई। शाम को शंकराचार्य की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
बौद्धों में सिर्फ अनुष्ठान नहीं, दर्शन परंपरा भी है
बीएचयू में मंगलवार को प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व विभाग के शताब्दी वर्ष पर तीन दिवसीय बौद्ध धर्म पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित इस सम्मेलन में जर्मनी, संयुक्त राज्य अमेरिका, श्रीलंका, म्यांमार, वियतनाम और नेपाल सहित 24 राज्यों से बुद्ध विद्वान और शोधार्थी पहुंचे।
जेएनयू के प्रो. वाईएस अलोन ने कहा कि बौद्ध धर्म को केवल अनुष्ठानिक धर्म जैसा नहीं, बल्कि एक गहन दार्शनिक परंपरा के रूप में समझा जाना चाहिए। उन्होंने धर्मकीर्ति जैसे बौद्ध दार्शनिकों के बीच हुए शास्त्रीय वाद-विवादों का उल्लेख करते हुए बौद्ध चिंतन की बौद्धिक परंपरा की चर्चा की।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आगामी 25 साल के लिए महत्वाकांक्षी शैक्षणिक और शोध लक्ष्य निर्धारित कर लिया जाए। विभाग की बौद्धिक परंपरा को इससे आगे बढ़ाया जा सकता है। भगवान बुद्ध के विचार भारत की भौगोलिक सीमाओं के पार पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशिया में आज भी प्रासंगिक हैं।
बीएचयू भारत-जापान के बीच संबंधों को कर रहा मधुर: विशिष्ट अतिथि जापान फाउंडेशन के महानिदेशक कोजी सातो ने कहा कि बौद्ध धर्म एशियाई समाज के बीच सांस्कृतिक संवाद, कलात्मक परंपराओं और साझा सभ्यतागत मूल्यों को मजबूत करने वाला पुल है।
अशोका इंस्टीट्यूट में मनी मौर्य शासक महान अशोक की जयंती
अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में रविवार को कुशवाहा महासभा की ओर से सम्राट अशोक जयंती का भव्य समारोह मनाया गया। मुख्य अतिथि जौनपुर के सांसद और जन अधिकार पाटी के संस्थापक बाबू सिंह कुशवाहा रहे। उन्होंने कहा कि सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य द्वारा स्थापित मौर्य साम्राज्य के अंतिम महान सम्राट अशोक थे। उनका शासनकाल भारतीय इतिहास का स्वर्णिम युग माना जाता है। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक केवल एक महान योद्धा हीं नहीं बल्कि न्यायप्रिय, दूरदर्शी और जन कल्याणकारी शासन भी थे उनके नेतृत्व में मौर्य साम्राज्य उत्तर में हिंदुकुश से लेकर दक्षिण में मैसूर तक और पूर्व में बांग्लादेश से लेकर पश्चिमी में ईरान की सीमाओं तक फैला था।
तिब्बतियों ने विश्व शांति के लिए की पूजा
तिब्बती उच्च शिक्षा अध्ययन संस्थान में मंगलवार को तिब्बती छात्रों ने तिब्बती राष्ट्रीय विद्रोह दिवस मनाया। विश्व शांति के लिए पूजा अर्चना की गई। अपराह्न 3.30 बजे चीन की दमनकारी नीति के खिलाफ और विद्रोह में शहीद तिब्बती लोगों को याद में शांति मार्च भी छात्रों ने निकाला। कहा कि तिब्बती विद्रोह दिवस 1959 में ल्हासा में चीनी शासन के खिलाफ हुए विद्रोह की याद दिलाता है। इस दौरान पासंग टी सीरींग, जामयांग, लोबसग डुन्डूप,धरग्ये लामा, जाम्पा टीसुनदे, केसंग टी सेरिंग मौजूद रहे।
कुंजन में कूके कोयलिया...
सुबह-ए-बनारस में मंगलवार को युवा कलाकार डालिया मुखर्जी ने सुरों से विहान की अगवानी की। कार्यक्रम का आरंभ राग बैरागी तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश ‘नैन पंखुड़ी खोल’ से हुआ। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश ‘कुंजन में कूके कोयलिया’ प्रस्तुत की। अंत में चैती गाकर उन्होंने अपने गायन को विराम दिया। तबले पर पंकज राय एवं संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।
श्लोकों का उच्चारण, विधि सीख रहे विद्यार्थी
संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध शास्त्रार्थ महाविद्यालय में विद्यार्थियों को दुर्गा सप्तशती पाठ के 700 श्लोक का उच्चारण सिखाया जा रहा है। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक तौर पर धार्मिक शिक्षा दी जा रही है। ये कोर्स करने के बाद नवरात्र में पूजा-पाठ कराने वालों को मंत्रोच्चार में आसानी होगी।
शास्त्रार्थ महाविद्यालय में विद्यार्थियों को इन दिनों शतचंडी या अन्य अनुष्ठान के लिए विद्यार्थियों (बटुकों) को पूजा की विधियां बारीकी से बताई जा रही हैं। इसमें दुर्गा सप्तशती पाठ के श्लोक को कंठस्थ कराने के साथ ही उसका वाचन कराया जा रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. पवन कुमार शुक्ला ने बताया कि यह शिक्षा छात्रों को देवी की महिमा, सही श्लोक उच्चारण और नवरात्रि के दौरान होने वाले पाठ विधान (जैसे 13 अध्यायों का तीन भागों में विभाजन) में निपुण बनाती है।
जया टंडन ने कविता से बताई रोटी की महिमा
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन की ओर से काव्यार्चन की 52वीं कड़ी में अस्सी घाट पर कवि सम्मेलन हुआ। वाराणसी के अलावा हरियाणा के रचनाकारों ने गीतों, गजलों और कविताओं से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। काशी की वरिष्ठ रचनाकार बीना त्रिपाठी की अध्यक्षता में कवि सम्मेलन की शुरुआत जया टंडन ने अपने काव्यपाठ से की। उन्होंने रोटी की महिमा पर काव्य पाठ किया। हरियाणा के रचनाकार नेम सिंह ने महिला और पुरुष दोनों पर केंद्रित अपनी रचना में उनकी विशेषताओं का वर्णन किया।
संचालन प्रो. वत्सला श्रीवास्तव ने किया। रचनाकारों को ऋतु दीक्षित, डाॅ. अलका दूबे, राजलक्ष्मी मिश्रा और डाॅ. प्रेमनारायण सिंह ने प्रमाणपत्र दिया। स्वागत सूर्यकांत त्रिपाठी और मधुबाला सिंह, संयोजन डाॅ.अरविंद मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन रुद्रनाथ त्रिपाठी ने किया। वहीं, अस्सी घाट पर ही घाट संध्या में गाजियाबाद से आए डॉ. तपन राॅय, सुमेधा बरार, अनन्या भट्टाचार्य और तोरुनिमा राॅय ने कथक की मोहक प्रस्तुति दी। संचालन डाॅ. प्रेमनारायण सिंह ने किया।
पोस्टर में सृष्टि को मिला पहला स्थान
काशी विद्यापीठ में आयोजित पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। पोस्टर बनाकर और स्लोगन लिखकर महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया। इसमें पोस्टर प्रतियोगिता में सृष्टि सिंह और स्लोगन में आकांक्षा कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया।
विवि के महिला अध्ययन केंद्र की ओर से हुए कार्यक्रम में निदेशक प्रो. वंदना सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाना है। इस दौरान प्रो. संजय, प्रो. अनिल चौधरी ने भी महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य पर बात रखी।
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सृष्टि सिंह, द्वितीय स्थान मिली राय और तृतीय स्थान पर शिवानी यादव रही। इसके साथ ही स्लोगन प्रतियोगिता में आकांक्षा कुमारी प्रथम, दक्षा सोनकर द्वितीय और अंशु प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संचालन डॉ. भारती कुरील, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. निमिषा गुप्ता ने किया।
4 दिन 5 नदियों के जल को रुद्र मंत्रों से अभिमंत्रित कर बाबा का करेंगे अभिषेक
विश्व में विभिन्न देशों में चल रहे युद्ध और फैले अशांति के बीच काशी में विश्व के कल्याण और शांति के विविध अनुष्ठान हो रहे हैं। मंगलवार को महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में दक्षिण भारत से आए 121 वैदिक विद्वान अतिरुद्र महायज्ञ शुरू हुआ। गंगा, त्रिवेणी, रामेश्वर और तमिलनाडु की प्रख्यात तामिरवरणी नदी के जल से पूरित 28 कलशों का पूजन हुआ। चार दिनों तक 1332 अति रुद्र के पारायण के बाद इसी जल से श्रीकाशी विश्वनाथ का अभिषेक होगा।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी में स्थित अरुण मेघु मार्तिक मंदिर की ओर से काशी में तीसरी बार चार दिवसीय अति रुद्र महायज्ञ शुरू हुआ। शिवा स्वामी शास्त्री के आचार्यत्व में सुबह विधिवत कलश स्थापना की गई। इसमें पांच नदियों के जल से भरा गया। तीन प्रधान कलश, छह मध्यम और 19 लघु कलश का पूजन हुआ। गणपति यज्ञ से अनुष्ठान की शुरुआत हुई।
121 वैदिक विद्वान अति रुद्र का स्वस्वर पारायण हुआ। सुबह से रात तक मंत्र गूंजते रहे। 12 वैदिक विद्वानों ने यज्ञशाला में मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दीं। शिवा स्वामी शास्त्री ने बताया कि पूजित कलशों के जल से अंतिम दिन श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का अभिषेक होगा। प्रतिदिन सुबह छह से दिन में एक बजे तक यज्ञ, पारायण और शाम को 5:15 बजे से रात आठ बजे तक रुद्र पारायण होगा।
2700 एकड़ के बीएचयू दक्षिणी परिसर के विकास की जिम्मेदारी तय
बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के ओवरऑल विकास के लिए विश्वविद्यालय ने एक स्टीयरिंग का गठन किया है। विवि प्रशासन के प्रोफेसरों की ज्यादा सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। करीब 2700 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैले दक्षिणी परिसर के शैक्षणिक, अनुसंधान, प्रशासनिक और संरचनात्मक मानकों को मजबूती दी जाएगी। यह समिति दक्षिण परिसर के विकास में सभी हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने में सहायक साबित होगी।
कुलपति ने कहा कि स्टीयरिंग कमेटी राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के अनुसंधान वातावरण को सशक्त बनाने और परिसर की स्थिति को ज्यादा मजबूत करने पर बड़ा योगदान देगी। स्टीयरिंग कमेटी की अध्यक्षता राजीव गांधी दक्षिण परिसर के आचार्य प्रभारी करेंगे। परिसर के उप कुलसचिव या सहायक कुलसचिव सदस्य-सचिव होंगे। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय के संकाय प्रमुख के साथ प्रो. आशीष सिंह, प्रो. अचिन्त्य सिंघल, प्रो. सुभाष प्रताप सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. मन्मथ कुमार नंदी, डॉ. कुलदीप बौद्ध और प्रो. रजनीश कुमार पटेल समिति के सदस्य होंगे।
जनसुनवाई में आईं 14 शिकायतें
कोतवाली के एखलाक अहमद ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से शिकायत की कि उनके क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। मंगलवार को नगर निगम में संभव की जनसुनवाई में कुल 14 शिकायतें आईं। जनसुनवाई में आनंद नगर की अर्पणा गांगुली ने सड़क व नाली से जुड़ी शिकायत की, जिस पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया।
इसके अलावा मीरापुर बसहीं के संजय कुमार मौर्या ने साफ-सफाई, सुंदरपुर की रीना ने साफ-सफाई, मड़ौली के अजय कुमार सक्सेना ने रास्ता बनवाने, पहड़िया के एसपी राम ने अतिक्रमण, जलालीपुरा के कृष्णा वर्मा ने अवैध दस्तावेज से जुड़ी शिकायतें कीं। नगर निगम में बीते तीन माह में संभव की जनसुनवाई में 150 से अधिक शिकायतें आईं। जिनमें से 30 शिकायतों को छोड़कर बाकी 120 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है।
मथुरा, वाराणसी और लखनऊ में शुरू होगी इको टूरिज्म वैन सेवा
उप्र राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) जल्द ही प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए इको टूरिज्म वैन सेवा शुरू करेगा। पहले चरण में मथुरा, वाराणसी और लखनऊ में सेवा की शुरुआत होगी। फीडबैक के आधार पर सेवा को अन्य जिलों में भी विस्तारित किया जाएगा।
इससे एक ओर पर्यटकों को अनोखा अनुभव मिलेगा, तो वहीं दूसरी ओर यह सेवा कार्बन फुटप्रिंट कम करने की दिशा में भी सार्थक कदम साबित होगी। इको वैन में आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) और वर्चुअल रियलिटी (वीआर) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनके माध्यम से पर्यटक यात्रा के दौरान ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और प्राकृतिक सुंदरता का वर्चुअल अनुभव ले सकेंगे। साथ ही इको टूरिज्म वैन में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा। यह पर्यटकों की सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगा।
वहीं टिकट बुकिंग के लिए डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी दी जाएगी। इको-टूरिज्म वैन सेवा के साथ मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन योजना को भी जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटकों को पर्यटन क्षेत्र के स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। यह पहल न केवल पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी सहायक होगी।
स्पाइसजेट की वाराणसी से पुणे वाली फ्लाइट लेट, यात्रियों ने किया हंगामा
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को वाराणसी से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट के देरी से आने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। नाराज यात्रियों ने एयरलाइंस के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द उड़ान की मांग की। जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-526 को वाराणसी से पुणे के लिए दोपहर 2:55 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन ऑपरेशनल कारणों से विमान निर्धारित समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंच सका। इसके कारण यात्रियों को कई घंटे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जिससे उनमें नाराजगी फैल गई।
इस दौरान कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में हंगामा करते हुए एयरलाइंस प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। एयरलाइन कर्मियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया और देरी का कारण ऑपरेशनल बताया। अधिकारियों के अनुसार, विमान शाम करीब 7 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद बोर्डिंग प्रक्रिया शुरू कराई गई और फ्लाइट रात करीब 8:30 बजे पुणे के लिए रवाना होने की तैयारी की गई। इधर, नाराज यात्रियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर एयरलाइन कर्मी ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आने की वजह से उड़ान में विलंब हुआ।
वरुणापार में आज चार घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से वरुणापार इलाके में पांडेयपुर–आजमगढ़ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे पोल/लाइनों को 11 मार्च को शिफ्ट कराया जाएगा। इसके लिए 33 केवी पांडेयपुर उपकेंद्र के लालपुर और पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्र के अकथा, भक्तिनगर, जेडीनगर फीडर से सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस कारण भक्तिनगर, पांडेयपुर, अकथा गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, लालपुर आदि इलाकों में बिजली नहीं रहेगी।
ज्ञानवापी मामले में 15 अप्रैल को सुनवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद के वजूखाने की वैज्ञानिक सर्वे की मांग को लेकर राखी सिंह की ओर से दायर पुनरीक्षण अर्जी पर सुनवाई की। प्रतिवादियों के अधिवक्ता सैयद अहमद फैजान ने कोर्ट को बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में ज्ञानवापी प्रकरण से जुड़े मामले की सुनवाई 13 मार्च को होनी है। इस पर कोर्ट ने सुनवाई स्थगित कर दी। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकल पीठ ने अगली तिथि 15 अप्रैल नियत की।
वाराणसी होकर गुजरेगी हुबली स्पेशल ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से गाजीपुर सिटी से श्री सिद्धरुढ़ा स्वामी हुबली होली स्पेशल नई ट्रेन चलाई गई है, जो वाराणसी स्टेशन होकर गुजरेगी। ट्रेन नंबर 07338 गाजीपुर सिटी-श्री सिद्धरुढ़ा स्वामी हुबली 12 मार्च से 2 अप्रैल तक हर बृहस्पतिवार को चलाई जाएगी। गाजीपुर सिटी से सुबह 5.45 बजे चलकर औड़िहार 6.28 बजे होते हुए वाराणसी सिटी पर 7.23 बजे, वाराणसी स्टेशन पर 7.40 बजे पहुंचेगी।
स्मार्ट सिटी के डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित होंगे स्वच्छता प्रहरियों के नाम-फोटो
स्मार्ट सिटी के डिस्प्ले बोर्ड पर स्वच्छता प्रहरियों के नाम और फोटो प्रदर्शित किए जाएंगे। इसे लेकर नगर निगम ने रणनीति बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए निगम की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। वार्डवार न केवल जागरूकता फैलाई जा रही है, बल्कि नगर निगम की ओर से लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि आने वाले दिनों में बेहतर रैंकिंग मिल सके।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम का लक्ष्य है कि “सोर्स सेग्रिगेशन” यानी घर से ही कचरा अलग-अलग होकर निकले। इसके लिए जागरूकता स्टिकर घरों के बाहर लगाए जा रहे हैं। जो नागरिक इस नियम का पालन करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा और जो सहयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें स्वच्छता के नियमों का पाठ पढ़ाया जाएगा।
इसके लिए चार रंग के डस्टबिन के जरिये लोगों को कूड़ा डालने और कूड़ा फेंकने के तरीकों के बारे में बताया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने कहा कि जो लोग घर से चार प्रकार का कूड़ा अलग-अलग करेंगे, उन्हें स्वच्छता प्रहरियों के रूप में प्रोत्साहित किया जाएगा। इनके फोटो और नाम स्मार्ट सिटी के डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे।
आज से 16 दिन के उन्मेष इवेंट का आगाज होगा
बीएचयू में डेलीगेसी छात्रों का वार्षिकोत्सव उन्मेष का आज से आगाज होगा। अब 16 दिनों तक कुल 25 से ज्यादा प्रतियोगिताएं होंगी। निबंध लेखन, क्विज, काव्य पाठ, वाद विवाद, सुभाषण, पोस्टर मेकिंग, कार्टूनिंग, पेंटिंग, फोटोग्राफी, मेहंदी समेत कई प्रतियोगिताओं में 1000 से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। उन्मेष के एकेडमिक कार्यक्रम डेलीगेसी सेंटर से ही होंगे। उन्मेष 26 में देशभर के राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
विकसित भारत में महिलाओं के योगदान पर मंथन
बीएचयू में 2047 तक विकसित भारत में महिलाओं के योगदानों पर मंथन हुआ। शक्ति से समृद्धि तक के पथगमन में महिलाओं की भूमिका विकसित भारत 2047 विषय पर कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि शैक्षणिक और सामाजिक जीवन में संवाद, सहभागिता और प्रभावी बातचीत जरूरी है। विनम्रता, स्पष्टता और विचारपूर्ण शब्दों के साथ प्रस्तुत किए गए विचार आक्रामक अभिव्यक्ति की अपेक्षा ज्यादा बेहतर होते हैं। संस्थानों और समाज में बदलाव सभी के सामूहिक व्यवहार, कार्यों और परस्पर संवाद के माध्यम से ही संभव है।
22 मेधावी विद्यार्थी देखेंगे इसरो के वैज्ञानिक केंद्र
वाराणसी समेत तीन मंडल के 11 जिले के परिषदीय विद्यालयों के 22 मेधावी विद्यार्थी बंगलूरू स्थित इसरो के वैज्ञानिक केंद्रों का भ्रमण करेंगे। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत हुई प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ही इनका चयन हुआ। इसमें वाराणसी जिले के दो विद्यार्थी भी शामिल हैं। इसमें कबीरचौरा कंपोजिट विद्यालय की छात्रा श्रद्धा पांडेय, सेवापुरी कंपोजिट विद्यालय चित्रसेनपुर की सीतांजलि का नाम भी है। एडी बेसिक ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक से जुड़ी जानकारी दी जानी है।
डॉ. स्वाति एकेडमिक सेक्शन की प्रभारी नियुक्त
आईआईटी बीएचयू में डॉ. स्वाति बिस्वास को एकेडमिक सेक्शन, प्रेस एंड पब्लिसिटी सेल और डेटा सेल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। कुलसचिव की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि प्रशासनिक भवन में निदेशक के सचिव से पद स्थापना कर शैक्षणिक अनुभाग में किया जा रहा है। 2024 में निदेशक सचिव का आदेश रद्द कर दिया गया है।
600 साल पुरानी हिंदी का विस्तार समझाया
बीएचयू में मंगलवार को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. इमरै बंघा ने 600 साल पुरानी हिंदी भाषा का विस्तार बताया। 14वीं शताब्दी के भाषा और साहित्य को लेकर बताया कि अपभ्रंश के बाद ब्रज, अवधी और सधुक्कड़ी का काल आया। शेल्डन पोलॉक के लेख की चर्चा की। भाषा की प्रतिष्ठा में लिपि और साहित्य के योगदान को बताया। प्राचीन लिखित रचनाओं में मारू गुर्जर साहित्य, समेत वाक्यों को अपने भाव से समझाया। कार्यशाला बीएचयू के मालवीय अनुशीलन केंद्र और अंतर सांस्कृतिक अध्ययन की ओर से शुरू की गई है।
कला विषय में 2096 ने छोड़ दी परीक्षा
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 12 मार्च को खत्म हो जाएगी। इसके पहले 10 मार्च को पहली पाली में हाईस्कूल में चित्रकला, रंजनकला विषय की परीक्षा में 2096 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में 118 केंद्रों पर हुई परीक्षा के लिए 38752 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 36656 ने परीक्षा दी जबकि 2096 अनुपस्थित रहे।
एआई में महिलाओं के योगदान पर चर्चा
आईआईटी बीएचयू में समाज में महिला-पुरुषों के बीच की डिजिटल खाई पाटने पर सहमति बनी। जेंडर डिजिटल डिवाइड और एआई में महिलाओं के बढ़ते योगदान को बताया। संस्थान की आंतरिक शिकायत समिति की ओर से मंगलवार को किए गए इस आयोजन में वक्ता प्रो. विजय लक्ष्मी यादव ने संस्थान में सुरक्षित, सम्मानजनक सुनिश्चित करने की बात कही। आंतरिक शिकायत समिति परिसर में जेंडर के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना होगा। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शोध और नेतृत्व के क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के विकास के लिए बहुत जरूरी है।
आज यूजी पहले सेमेस्टर की परीक्षा देंगे 40 हजार छात्र
काशी विद्यापीठ से जुड़े दो जिलों के 120 कॉलेजों में यूजी की पहले सेमेस्टर की परीक्षा बुधवार से शुरू हो रही है। 15 दिन तक चलने वाली परीक्षा में बीए, बीएससी के करीब 40 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। इसमें 29 मार्च को रविवार को भी परीक्षा कराई जाएगी। विवि से संबद्ध वाराणसी, चंदौली जिले में 11 मार्च से होने वाली परीक्षा को लेकर दिनभर विवि के परीक्षा विभाग से लेकर कॉलेजों में तैयारियां चलती रहीं।
इसमें छात्र संख्या के आधार पर कॉपी, कमरे में बैठने, सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने में प्राचार्य और शिक्षक लगे रहे। इधर जिलेवार बनाए गए नोडल सेंटर से कॉपियां मंगलवार की दोपहर तक पहुंच गईं। बीए, बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के पेपर 11,12,13 मार्च, 16 से 20 मार्च तक, 23 से 26 मार्च और 28 से 30 मार्च को होंगे।