Varanasi Accident: वाराणसी में हादसे...शिक्षक, कारपेंटर सहित तीन लोगों की मौत, तीन घायल; कार ने मारी टक्कर
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्र में हुए हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
विस्तार
Road Accident in Varanasi: बड़ागांव थाना क्षेत्र के बड़ागांव-बसनी मार्ग पर भाजपा जन सहयोग कार्यालय के पास मंगलवार सुबह 9 बजे तेज रफ्तार कार ने पेट्रोल पंप से निकल रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
अनियंत्रित कार एक साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार नंदापुर निवासी सुनील पाल, डिघिया कृष्णापुर निवासी मनोज पटेल व साइकिल सवार मदनपुर निवासी रिजवान मंसूरी उर्फ मुन्ना साथ ही कार चालक डॉ. इरफान अली घायल हो गए। पुलिस ने सभी को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। इलाज के दौरान सुनील पाल और साइकिल सवार रिजवान उर्फ मुन्ना की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी डॉ. इरफान अली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ प्रतापगढ़ में अधीक्षक हैं। मंगलवार सुबह अपनी कार से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर निकल रहे बाइक सवार मनोज पटेल (30) निवासी डिघिया कृष्णापुर और सुनील पाल निवासी नंदापुर को कार ने टक्कर मार दी।
परिजनों में मचा कोहराम
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और साइकिल सवार रिजवान मंसूरी उर्फ मुन्ना को भी अपनी चपेट में ले लिया। सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। सुनील निजी विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे। रिजवान उर्फ मुन्ना फर्नीचर (कारपेंटर) का काम करते थे। सुनील के साथ रहा मनोज पटेल उसी विद्यालय में वाहन चालक है। प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। घटना स्थल पर लगे सीसी कैमरों की जांच की गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
उधर, पिंडरा में फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही नेवादा बाजार में सोमवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के निंदनपुर हरिजन बस्ती निवासी दीपक कुमार (20) साथी प्रमोद पटेल (21) निवासी बेलवा के साथ सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहा था। दोनों गोपालपुर से जमालापुर-बाबतपुर मार्ग से आ रहे थे। बरही नेवादा बाजार के पास मोड़ के कारण तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराने के बाद दीवार से जा टकराई।
बचाने पहुंचे स्थानीय लोग
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रमोद पटेल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दीपक कुमार दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। वह पेशे से बाइक मिस्त्री था। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सड़क दुर्घटना में घायल वृद्ध की सात दिन बाद मौत
लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी सलटू पाल (70) की सड़क दुर्घटना में घायल होने के एक सप्ताह बाद मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। सलटू पाल 4 मार्च को भरथरा से दवा लेकर घर लौट रहे थे। तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जांच की जा रही है।