Bakrid: बनारस में 400 मस्जिदों व ईदगाहों में हुई नमाज, सड़कों पर पुलिस; मुफ्ती-ए-शहर ने की खास अपील
EID UL Adha: वाराणसी में आज ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर की करीब 400 मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह 6:45 बजे से नमाजी जुटने शुरू हो गए थे। 11 बजे तक नमाज अदा की जाएगी। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर बनारस में बृहस्पतिवार को अकीदत और उल्लास के साथ बकरीद मनाई जा रही है। शहर की करीब 400 मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह 6:45 बजे से 11 बजे तक नमाज अदा की जा रही है। नमाज के दौरान मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआएं मांगी जा रही हैं।
बकरीद को लेकर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में सुबह से ही रौनक दिखाई दे रही है। मदनपुरा, नई सड़क, बेनियाबाग समेत कई क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बनी हुई है। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म अदा की जा रही है।
बेनियाबाग मैदान का बकरा बाजार बंद होने के बावजूद गली-मोहल्लों में सजी अस्थायी दुकानों पर देर रात तक खरीदारी चलती रही। कुर्बानी के जानवरों की खरीद-फरोख्त में भी खासा उत्साह दिखा। एक दुंबा 1.25 लाख रुपये में बिकने की चर्चा पूरे शहर में रही।
त्योहार को लेकर लोगों ने नए कपड़े, टोपियां, इत्र और सेवइयों की जमकर खरीदारी की। वहीं मुफ्ती-ए-शहर मौलाना बातिन नोमानी ने लोगों से अपील की है कि कुर्बानी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा अवशेषों को नगर निगम द्वारा निर्धारित डंपिंग प्वाइंट पर ही डालें।
इस बीच, नदेसर स्थित मस्जिद में बकरीद की नमाज बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण अदा की गई। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इस दौरान डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय और नदेसर चौकी प्रभारी सुमित पांडेय मय फोर्स मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
सड़कों पर नहीं होगी नमाज, घरों में ही कुर्बानी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बकरीद की पूर्व संध्या पर बुधवार को गोदौलिया, चौक, दालमंडी से लंगड़ा हाफिज मस्जिद और जैतपुरा रोड से बकरिया मंडी पैदल गश्त कर सुरक्षा व कानून-व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों पर नमाज अदा न की जाए। कुर्बानी केवल घर के अंदर और बंद परिसरों में ही कराई जाए।
पुलिस आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी रखें। कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो साझा करने वालों पर कार्रवाई होगी। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरीके से प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई करें। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी, वीडियोग्राफी व पुलिस निगरानी के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। पुलिस आयुक्त ने धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर उनके सुझाव लिए।