Varanasi News Today: इबोला को लेकर एयरपोर्ट पर अलर्ट, फर्जी फर्मों से 5.97 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी; खबरें
Varanasi News: इबोला वायरस को लेकर केंद्र सरकार के निर्देश पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, सीजीएसटी की टीम ने जीएसटी चोरी के एक मामले में युवक को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार के निर्देश पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट पर आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय विमान यात्रियों की एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (एपीएचओ) की टीम द्वारा जांच और थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। विदेशों से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ उनकी पिछले 21 दिनों की ट्रैवल हिस्ट्री पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि इबोला को लेकर जिले में अलर्ट जारी किया गया है। एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन संयुक्त रूप से लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
फर्जी फर्मों से 5.97 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी में कारोबारी हुआ गिरफ्तार
केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की टीम ने जीएसटी चोरी के एक मामले में मिर्जापुर कछवा निवासी कारोबारी महेश गुप्ता को मकबूल आलम रोड से गिरफ्तार किया है। अपर आयुक्त पीयूष शुक्ला के अनुसार, आरोपी लंबे समय से विभाग की निगरानी में था।
महेश ने गरीब लोगों को पैसों का लालच देकर उनके पैन कार्ड और आधार कार्ड का दुरुपयोग किया और उनके नाम पर कई फर्जी फर्में खोल दीं। आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि, रिमांड मंजूर नहीं होने पर उसे कैंट थाने में दाखिल करा दिया गया।
जांच में सामने आया कि फर्जी फर्मों से बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के 5.49 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया। कागजी चालानों से फैक्ट्रियों को 5.97 करोड़ रुपये का फर्जी आईटीसी पास किया गया, ताकि गलत तरीके से लाभ उठा सकें। व्यावसायिक स्थलों का सत्यापन किया गया तो सभी फर्में मिली ही नहीं। जिन लोगों के नाम पर फर्में संचालित थीं, उन्होंने पूछताछ में बताया कि उनके दस्तावेज का गलत इस्तेमाल किया गया है।
जांच एजेंसियों ने जब बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और धन प्रवाह की पड़ताल की तो पूरे नेटवर्क के सुनियोजित तरीके से संचालित होने का खुलासा हुआ। आरोपी इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य लाभार्थी था, जिसने केवल कागजी लेनदेन दिखाकर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया।
मोबाइल रीसेट होते ही 1.23 लाख की ठगी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ निवासी एक युवक के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने 1.23 लाख रुपये उड़ा दिए। घटना की जानकारी तब हुई जब पीड़ित का मोबाइल अचानक रीसेट हो गया और खाते से रकम कटने के मैसेज आने लगे। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच कर रही है। हरहुआ निवासी हरि मोदनवाल ने बताया कि उनके खाते से गूगल पे के जरिये 48 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। क्रेडिट कार्ड से दो बार में 37,500 रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। कुल 1.23 लाख रुपये की ठगी हुई। आशंका है कि साइबर ठगों ने मोबाइल डिवाइस को हैक कर बैंकिंग जानकारी हासिल की और खाते से रकम पार कर दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों में सावधानी बरतें। किसी भी वारदात में पुलिस को सूचना दें। संवाद
मेहंदी रस्म में मारपीट के आरोपियों पर प्राथमिकी
चौबेपुर। क्षेत्र के बर्थरा कला गांव में मेंहदी समारोह में विवाद के बाद मारपीट और जानलेवा हमले में पीड़ित रमेश कुमार ने गांव के ही तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में बताया कि 27 अप्रैल की रात रमेश कुमार पांडेय के घर में मेहंदी रस्म चल रहा था।
आरोप है कि गांव निवासी प्रकाश मिश्रा उर्फ शुभम कार्यक्रम में पहुंचा और महिलाओं के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर आरोपी गालीगलौज करते हुए वहां से चला गया और देख लेने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
रंजिश में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी में रंजिश में मारपीट हुई। भोगाबीर लंका निवासी पीड़ित अमित सोनकर ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। अमित सोनकर का आरोप है कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए दो लोगों ने नारियल काटने वाली कटारी से हमला कर दिया।
तहरीर में अमित ने बताया कि 25 मई की सुबह 7.30 बजे पहड़िया मंडी में नारियल खरीदने गया था। मंडी से बाहर निकलते समय नेवादा सुंदरपुर निवासी विशाल सोनकर और अशोक सोनकर ने उसकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। कहा कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर हत्या कर दी जाएगी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
युवती का नहीं उठा फोन तो प्रेमी पहुंचा घर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड में बुधवार को युवती से मिलने पहुंचे एक युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना क्षेत्र निवासी युवती का फोन नहीं उठा तो चौरी भदोही निवासी अनुज कुमार प्रजापति युवती के गांव मिलने चला गया। भनक लगते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया।
पुलिस दोनों पक्ष को थाने ले आई। कुछ देर बाद युवती भी थाने पहुंच गई। दोनों एक-दूसरे से शादी करने की बात पर अड़े रहे, लेकिन अंतरजातीय विवाह को लेकर दोनों पक्षों के परिजनों ने विरोध जताया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि युवक अनुज कुमार प्रजापति के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई है।
सीमांकन के बाद पिलर को उखाड़ने में प्राथमिकी दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के कपरफोरवा गांव में सीमांकन के बाद लगाए गए पिलर को उखाड़ने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। रमना लंका निवासी ओमप्रकाश पटेल ने आरोप लगाया कि उन्होंने साल 2018 में भूमि खरीदी थी, जिसका सीमांकन उपजिलाधिकारी राजातालाब के आदेश पर रविवार को कानूनगो और लेखपाल ने जंसा पुलिस की मौजूदगी में कराया।
मौके पर 15 पिलर लगाए गए थे। आरोप है कि कुछ देर बाद गोविंद पटेल की पत्नी आरती देवी और उनकी बहन सुनीता देवी पहुंचीं और पांच पिलर उखाड़कर तोड़ दिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार
जमीन के विवाद में जानलेवा हमले के मामले के तीन आरोपियों को शिवपुर पुलिस ने मंगलवार रात कचहरी परिसर से गिरफ्तार किया। आरोपियों में भुवाल सिंह, भरत सिंह और अनिल सिंह निवासी चमाव के हैं। फुलवरिया डिफेंस कॉलोनी निवासी अरविंद यादव अपनी जमीन चमाव के तरना गांव में रविवार शाम बाटी-चोखा की तैयारी कर रहे थे।
इस बीच भुआल सिंह, भरत सिंह और अनिल सिंह समेत अज्ञात ने हमला कर दिया। विरोध करने पर अरविंद के मित्र श्रीनाथ मिश्रा पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एपल का लैपटॉप और कैमरा चोरी, दो गिरफ्तार
पड़ोसी का लैपटाॅप, कैमरा चोरी करने के दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को हरिश्चंद्र पार्क से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का एपल का लैपटॉप, कैमरे के बिक्री से 920 रुपये मिले। आरोपियों में कतुआपुरा निवासी वसीर अहमद फारूकी और आमान है। कोतवाली एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों को एसआई हिमांशु कुमार समेत अन्य ने गिरफ्तार किया।
भतीजे पर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के हथियर गांव में अरविंद यादव उर्फ गोलू पर फायरिंग के आरोपी अमन यादव को पुलिस ने बेला तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपी चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर का निवासी है। तीन मई को बाइक सवार आरोपियों ने रंजिश में अरविंद यादव पर फायरिंग की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दे रही थी। चाचा अरुण कुमार यादव की तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उस दौरान हमलावरों में अवनीश यादव की गिरफ्तारी की गई थी।
दुकान के सामने कूड़ा फेंकने पर दो पक्षों में मारपीट
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव के कपसेठी मार्ग पर मंगलवार को दुकान के सामने कूड़ा फेंकने पर दो फर्नीचर दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठी और ईंट-पत्थर भी चले, महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
पुलिस ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया और घायलों को उपचार और मेडिकल के लिए जखनियां के सरकारी अस्पताल भेजा। मारपीट में प्रथम पक्ष से विनोद गुप्ता, शुभम गुप्ता और कलावती देवी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से राधेश्याम गुप्ता, कृष्णा गुप्ता और गणेश गुप्ता को चोटें आईं। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
70 लीटर कच्ची शराब के साथ तीन गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के करवल बस्ती में बुधवार को आबकारी और पुलिस की टीम ने कच्ची शराब की 12 भट्टी पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। 12 भट्ठियों को क्षतिग्रस्त किया। मौके से 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की। दो क्विंटल लहन भी नष्ट कराया गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों में करवल बस्ती की अनीता देवी, अजय और विजय देवी हैं।
चोरी के दो पशु मिले, दो गिरफ्तार
पिकअप समेत दो पशुओं को चोरी करने के दो आरोपियों अल्लाह रखा उर्फ मैनुद्दीन और अभिषेक कुमार को राजातालाब पुलिस ने पशुपालन फार्म रामपुर तालाब के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से मालवाहक और पशुओं को बरामद किया गया। राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि आरोपियों में शाहंशाहपुर राजातालाब निवासी अल्लाह रखा उर्फ मैनुद्दीन और राजातालाब निवासी अभिषेक है। पीड़ित सोनभद्र निवासी डेयरी संचालक ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि उसका चालक गोविंद ने मिलीभगत कर वाहन और दो पशुओं को गायब करा दिया है।
जमीन के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर लाखों की ठगी के आरोप में महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। सोनभद्र के दुद्धी निवासी कारोबारी नितेश चौरसिया ने आरोप लगाया कि चंदौली निवासी निशी भारती ने परिचित जितेंद्र कुमार के जरिये शिवपुर क्षेत्र के नरायनपुर मौजा की जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया।
पीड़ित के अनुसार, 22 फरवरी 2025 को रजिस्टर्ड सट्टा कराया गया और दो लाख रुपये एडवांस दिए गए। बाद में कागजात व अन्य खर्च के नाम पर 5.50 लाख रुपये ले लिए गए। जांच में पता चला कि जमीन से निशी का नाम पहले ही सरकारी अभिलेखों से कट चुका था। आरोप है कि तीनों ने साजिश के तहत ठगी की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कमरे में फंदे से लटक कर दी जान
कपसेठी थाना क्षेत्र के गजापुर बनकट गांव में बुधवार सुबह सुनील कुमार सिंह (48) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार सिंह मंगलवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को आशंका हुई। परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो सुनील फंदे से लटका था। पुलिस के मुताबिक, सुनील सिंह शराब का आदी था। थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दी तहरीर
कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को लंका, रामनगर, कोतवाली, कैंट और मंडुवाडीह थाने में भाजपाइयों के खिलाफ तहरीर दी। कहा कि भाजपाई राहुल गांधी और अजय राय के खिलाफ लगातार अमर्यादित, अनैतिक और लोकतंत्र विरोधी टिप्पणी कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने ऐसा करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।
महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में लंका थाने में तहरीर सौंपी गई। महानगर उपाध्यक्ष सतनाम सिंह की ओर से रामनगर थाने , महानगर उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कोतवाली थाने, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ ने कैंट थाने और महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर उपाध्यक्ष वकील अंसारी ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
काल भैरव मंदिर में 21 कैमरे से होगी निगरानी
काल भैरव मंदिर और बाहर 16 के बाद 5 और आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों के साथ-साथ बार-बार दिखाई देने वाले चेहरों की भी पहचान करेंगे। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के अनुसार, दलालों, जेबकतरों और श्रद्धालुओं से अभद्रता की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। बार-बार संदिग्ध रूप से नजर आने वाले चेहरों को चिह्नित कर उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
वैध टेंडर के बाद भी ताला लगाने का आरोप
बेनियाबाग में बकरा मंडी को अचानक बंद करने के मामले में विवाद खड़ा हो गया है। मंडी संचालक साजिद खान ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया कि नियम के तहत उनके पास 2026 के लिए मंडी संचालन का वैध ठेका और एनओसी था। बावजूद नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम ने बिना लिखित आदेश दिखाए मंडी पर जबरन ताला लगा दिया। मंडी संचालक ने कहा कि कुछ लोगों ने तर्क दिया कि मंडी से सनातन धर्म के लोगों को परेशानी हो रही है।
वृद्ध की सड़क दुर्घटना में मौत
चौबेपुर क्षेत्र के वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 70 साल के लालचंद शर्मा की मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चौबेपुर थाना क्षेत्र के शिवदशां गांव निवासी लालचंद मंगलवार रात आठ बजे शाहपुर गांव के पास पैदल हाईवे पार कर रहे थे। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सीसी कैमरों से वाहन की पहचान की जा रही है।
युवती के अपहरण में तीन पर प्राथमिकी दर्ज
युवती को अगवा करने और अश्लील वीडियो भेजकर प्रताड़ित करने के मामले में दो महिलाओं समेत तीन के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 23 मई 2026 की शाम 4 बजे घर का सामान लेने निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटी। आरोप लगाया कि हरसोस राजातालाब के अजय कन्नौजिया ने बेटी को अगवा किया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि युवती की बरामदगी को लेकर दबिश दी जा रही है।
आत्महत्या के लिए उकसाने में पति को 7 साल की सजा
अपर जिला जज (प्रथम) संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी के आत्महत्या के मामले में पति मो. दानिश खां को दोषी करार देते हुए सात साल की कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना अदा न करने पर एक महीने अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार, लक्सा थाना क्षेत्र के रामापुरा नई बस्ती निवासी मकबूल की पुत्री सलमा उर्फ सोनी का निकाह 19 फरवरी 2011 को लोहता थाना क्षेत्र के महतवाना रहीमपुर निवासी इकबाल खां के पुत्र मो. दानिश से हुआ था। शादी के बाद दहेज में 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पति दानिश, सास मुस्तरी बेगम और ननद रुबी उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। परेशान होकर सलमा ने 21 जुलाई 2014 की सुबह साढ़े छह बजे खुद को आग लगा ली।
गंभीर रूप से झुलसी सलमा को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विवेचना पूरी होने के बाद लोहता पुलिस ने 18 अक्तूबर 2018 को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान साक्ष्य के अभाव में अदालत ने सास मुस्तरी बेगम और ननद रुबी को दोषमुक्त कर दिया, जबकि ससुर इकबाल खां की मृत्यु हो चुकी थी।
16 महीने के बेटे को वापस पाने के लिए थाने में बैठी मां
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में 16 महीने के बेटे को वापस दिलाने की मांग को लेकर एक महिला थाने पहुंच गई और काफी देर तक बैठी रही। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिला अपने परिजनों के साथ वापस लौट गई।
नई बस्ती पांडेयपुर निवासी रचना तिवारी ने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि पुत्र को उसके देवर धर्मेंद्र तिवारी, सास-ससुर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों ने अलग कर दिया है। उसे घर से निकाल दिया गया और तब से न तो बच्चे से मिलने दिया जा रहा है और न ही बच्चा उसके सुपुर्द किया जा रहा है। महिला ने बताया कि उसका बेटा अभी बहुत छोटा है और उसे मां के दूध और देखभाल की जरूरत है।
बच्चे से अलग होने के कारण वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है। रचना तिवारी ने आरोप लगाया कि जब भी वह बच्चे से मिलने की कोशिश करती है तो उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी जाती है। महिला ने मांग की कि उसके बच्चे को उसे वापस दिलाया जाए। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
भाजपाइयों ने मच्छोदरी चौराहे पर फूंका अजय राय का पुतला
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मच्छोदरी चौराहे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंका। मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ गुप्ता ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की ओर से की गई टिप्पणी निंदनीय है।
इस बयान से काशी सहित पूरे प्रदेश की जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। राजीव सिंह डब्बू ने कहा कि कांग्रेस लगातार लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है। पार्टी नेतृत्व को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए अजय राय को सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री जी से माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान शुभम चौरसिया, नलिन नयन मिश्रा, साधना वेदांती, योगेश सिंह बबलू, दिलीप साहनी, सुनील शर्मा मुंशी, कनकलता मिश्रा, विजय सोनकर, अभिजीत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर सफाईकर्मियों ने किया प्रदर्शन
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को सफाई कर्मियों ने नौकरी से हटाने के विरोध में प्रदर्शन किया। निजी कंपनी के माध्यम से कार्यरत 24 कर्मचारियों ने नए टेंडर की शर्तों का हवाला देकर अचानक काम से हटाने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से एयरपोर्ट की सफाई व्यवस्था का कार्य कर रहे हैं।
कंपनी ने 45 साल ज्यादा आयु होने के आधार पर उन्हें कार्य से अलग कर दिया। एयरपोर्ट प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से निर्णय वापस लेकर फिर से करी पर रखने की मांग की। एयरपोर्ट की सफाई व्यवस्था संभाल रही अरुण एविएशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर कौशल कुमार ने बताया कि पुराने टेंडर की अवधि समाप्त होने के बाद नए टेंडर की शर्तें लागू की गई हैं।
नए नियमों के तहत 45 साल से ज्यादा आयु के लोगों की नियुक्ति नहीं की जा सकती। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि प्रभावित कर्मचारियों को विकल्प के रूप में उनके परिवार के 18 से 45 वर्ष साल के सदस्यों को रोजगार देने की बात कही गई है।
एसएमएस के 200 विद्यार्थियों को मिला कैंपस प्लेसमेंट
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस) में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट में एमबीए के 200 से ज्यादा विद्यार्थियों का बेहतर कंपनियों में प्लेसमेंट मिला है। संस्थान में आयोजित अभिनंदन समारोह में एमबीए, एमसीए, एमकॉम के साथ ही बीबीए, बीसीए, बीकॉम ऑनर्स और मास कम्यूनिकेशन के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। निदेशक प्रो. पीएन झा ने बताया कि इस साल का सर्वाधिक पैकेज 9.60 लाख रुपये है। इस दौरान प्रो. अमिताभ पांडेय, कुलसचिव संजय गुप्ता, डॉ.राधारमन चंदन मौजूद रहे।
एंबीशन स्कूल में मेधावी हुए सम्मानित
एंबीशन स्कूल में फेलिसिटेशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा से 11 तक के विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से कक्षा 10 में उत्तीर्ण हुए मेधावी विद्यार्थियों को पंडित राम आधार मिश्रा मेरिटोरियस स्टूडेंट स्कॉलरशिप योजना के तहत शौर्य रंजन को प्रथम और माही सिंह को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
दोनों को 51-51 हजार रुपये की स्कॉलरशिप दी गई। वहीं तीसरे स्थान आर्य बर्मा को मिला। आर्य को 25 हजार रुपये स्कॉलरशिप दी गई। इसके अलावा कक्षा 4 से 11 तक के शैक्षिक उत्तीर्ण हुए मेधावी विद्यार्थियों को भी पंडित राम आधार मिश्रा मेरिटोरियस स्टूडेंट स्कॉलरशिप योजना के तहत विशेष नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 11 हजार, 7 हजार और 5 हजार की नकद राशि दी गई। विद्यालय के प्रबंधक विवेक मिश्रा और प्रधानाचार्य डॉ. अंजू दुबे ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वीडीए की योजनाओं का हिस्सा बने 42 काश्तकारों को किया सम्मानित
नंद काशी योजना (कल्लीपुर) और रुद्र विहार योजना (मढ़नी) में बुधवार को वीडीए की ओर से लैंड पूलिंग से जुड़े काश्तकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कमिश्नर एस राजलिंगम और उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा किसानों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कमिश्नर एस राजलिंगम ने कहा कि लैंड पूलिंग से कल्लीपुर और मढ़नी में विकसित की जा रही टाउनशिप परियोजनाएं पूर्वांचल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद ऐसा अवसर आया है जब किसानों ने विकास प्राधिकरण की योजनाओं पर विश्वास जताते हुए स्वेच्छा से सहभागिता की है।
वीडीए वीसी पुर्ण बोरा ने कहा कि यह परियोजना केवल एक टाउनशिप नहीं, बल्कि विकास, विश्वास एवं सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग के बिना इस महत्वाकांक्षी योजना को गति देना संभव नहीं था। सम्मान समारोह के दौरान रुद्र विहार योजना, मढ़नी से जुड़े 20 काश्तकारों और आनंद काशी योजना, कल्लीपुर से जुड़े 22 काश्तकारों को सम्मानित किया गया।
मिनी जू में पेयजल किल्लत का वीडियो वायरल, वनाधिकारी ने किया निरीक्षण
बढ़ती गर्मी के बीच सारनाथ मिनी जू में पर्यटकों को हो रही पेयजल की किल्लत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) स्वाति श्रीवास्तव ने बुधवार को मिनी जू का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद वन कर्मियों को कड़ी हिदायत दी कि गर्मी में जू में आने वाले किसी भी पर्यटक को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने पाया कि वाटर कूलर और आरओ मशीन की टोटियां खराब थीं।
इस वजह से पर्यटकों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा था। उन्होंने आरओ मशीन की खराब टोटियों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उनके सामने ही जू परिसर में अन्य जगहों पर लगी खराब टोटियों को भी दुरुस्त कर बदलवाया गया। पेयजल व्यवस्था को सुधारने के साथ ही डीएफओ स्वाति श्रीवास्तव ने बेजुबान वन्य जीवों और पक्षियों की सुरक्षा का भी जायजा लिया।
प्रशासक बने ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, भेजा प्रशंसा पत्र
ब्लॉक मुख्यालय आराजीलाइन में ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले विकासखंड के कई गांव के ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद पत्र भेजा है। ग्राम प्रधानों ने अपने आप को प्रशासक नियुक्त किए जाने पर प्रदेश सरकार के निर्णय की सराहना की है।
प्रधान संगठन के आराजीलाइन ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश कुमार ने इसे गांव की चुनी हुई लोकतंत्र की छोटी इकाई के पक्ष में बताया। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्र ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी को सौंपा है। प्रधान चंद्रजीत यादव ने कहा कि पांच वर्षों तक ग्राम प्रधान रहने का सौभाग्य मिला और अब सरकार द्वारा छह माह का कार्यकाल बढ़ाए जाने से गांव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
प्रधान प्रकाश यादव ने कहा कि सरकार ने प्रधानों का सम्मान बरकरार रखा है। सरकार का निर्णय ऐतिहासिक और सराहनीय है। रामबाबू पटेल ने कहा कि सभी प्रधान नई ऊर्जा और ताजगी के साथ गांव के विकास में जुट जाएंगे। सुमित कुमार सिंह ने कहा कि मिले अवसर का उपयोग गांव के जरूरी और आवश्यक कार्यों को पूरा कराने में किया जाएगा।
संजीव कुमार ने कहा कि गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने, विकास की गति को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। अभिमन्यु ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने का निर्णय जो लिया है, वह सराहनीय है। इससे गांव के विकास को और गति मिलेगी। अशोक कुमार ने कहा कि राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त कर ऐतिहासिक निर्णय किया है। मीरा देवी ने कहा कि सरकार ने निर्वाचित ग्राम प्रधानों को ही उनके गांव का प्रशासक नियुक्त कर एक बढ़िया काम किया है।
संतुलित उर्वरक उपयोग से फसल उत्पादन में होगी बढ़ोतरी
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से बुधवार को उर्वरक जागरूकता अभियान के तहत गांव धनापुर पनियरा में कार्यक्रम हुआ। इसमें किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग और जैविक खेती के बारे में जानकारी दी। टीम लीडर डॉ. त्रिभुवन चौबे और डॉ. केशव गौतम और डॉ. श्रेया पंवार ने किसानों को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संतुलित उर्वरक उपयोग से फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ भूमि की उर्वराशक्ति भी बनी रहती है। ट्राइकोडर्मा और अन्य जैव उर्वरकों का प्रयोग फसलों को विभिन्न रोगों से बचाने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में सहायक है। कार्यक्रम में गांव के प्रधान चंद्रजीत यादव के साथ कुल 107 किसानों ने सहभागिता की। जिनमें 68 महिला और 39 पुरुष किसान शामिल रहे।
गुजरात के पूर्व गृहमंत्री प्रदीप सिंह ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
गुर्जर छात्र सहायक समिति सप्तसागर कर्णघंटा के भवन में गुजरात सरकार के पूर्व गृहमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने बुधवार को काशी विश्वनाथ धाम में सपरिवार बाबा के दर्शन किए। उन्होंने यहां बटुकों से मुलाकात भी की। श्री काशी गुजराती समाज की ओर से प्रदीप सिंह जडेजा का अंगवस्त्रम, स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रदीप जडेजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ काॅरिडोर को सुंदर बना दिया। यहां आकर हम खुद को धन्य हो गए। इस दौरान मुकेश जैन, बाबू भाई पटेल, दिनेश बजाज, शहर दक्षिणी के विधायक डा. नीलकंठ तिवारी, अनिल शास्त्री सहित आदि मौजूद रहे।
015.33 लाख पौधे लगेंगे, 70 जगहों पर 86.50 हेक्टेयर में होगा पौधरोपण
जिले में पांच जून को पर्यावरण दिवस पर 15,33,240 पौधे लगाए जाएंगे। इसमें अकेले वन विभाग 86.50 हेक्टेयर क्षेत्र में 2,01,400 पौधे लगाएगा, वहीं 13,32,240 पौधरोपण का दायित्व 27 अन्य विभागों को सौंपा गया है। प्रभागीय वन अधिकारी स्वाति श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में वर्ष 2026-27 के लिए वृहद पौधरोपण महाभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। वन विभाग द्वारा 70 स्थानों पर लगभग 86.50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 2,01,400 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग की नर्सरियों में वर्तमान में 26 लाख से अधिक पौधे उपलब्ध हैं।
बरेका में मां के नाम पर लगाया पौधा
बरेका में जागरूकता कार्यक्रम के तहत बुधवार को अधिकारियों और कर्मचारियों ने मां के नाम पर पौधा लगाया और उसके संरक्षण का संकल्प लिया। बरेका के पश्चिमी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अभियान का शुभारंभ बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पौधा लगाकर किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल आदि मौजूद रहे।
21 दिवसीय गीता चेतना यात्रा का शुभारंभ
पुरुषोत्तम मास के अवसर पर कर्मयोगी पीठ की ओर से आयोजित 21 दिवसीय गीता चेतना यात्रा का प्रथम पड़ाव गिरधरपुर (व्यासपुर ग्रामसभा) स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। इंजीनियर मयंक चौबे के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. रामजी चौबे, प्रमुख संयोजक गौरव मिश्र और केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने गीता के श्लोकों और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। लोगों को गीता की प्रतियां वितरित की गईं और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण भी किया गया। पूर्वी क्षेत्र संयोजक श्याम कार्तिक ने बताया कि यात्रा का अगला पड़ाव भगतुआ बाजार स्थित श्री संतोष ब्रह्म बाबा मंदिर रहेगा।
नौ दिवसीय रामकथा के लिए हुआ भूमि पूजन
जैतपुरा के बागेश्वरी देवी मैदान में अखिल भारतीय सनातन न्यास की ओर से होने वाली आगामी नौ दिवसीय रामकथा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। 1 जून से 9 जून तक चलने वाली इस कथा के लिए बुधवार को यज्ञ स्थल पर वैदिक रीति-रिवाज के साथ भूमि पूजन का कार्य संपन्न कराया गया। भूमि पूजन का अनुष्ठान आचार्य राम तिवारी के सानिध्य में मुख्य यजमान रवि प्रकाश जायसवाल द्वारा पूरे विधि-विधान और नियम-निष्ठा के साथ संपन्न कराया गया। पूजन के दौरान पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से गूंज उठा। भूमि पूजन के दौरान डॉ. अजय जायसवाल, राजेश सेठ, जयशंकर गुप्ता, सुजीत कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।
राधा-कृष्ण एक ही आत्मा के दो रूप : गौरीनाथ
राधा कृपा परिवार की ओर से महमूरगंज स्थित एक लॉन में आयोजित भागवत कथा में बुधवार को कथाव्यास गौरीनाथ शुक्ला ने कपिल मुनि-देवहूति संवाद, आकृति प्रसंग, शिव-सती प्रसंग और दक्ष यज्ञ विध्वंस की महिमा का वर्णन किया। संयोजिका मधु तुलस्यान और शालिनी शाह की देखरेख में दिव्य तुलसी विवाह और बयावला उत्सव मना। कथाव्यास ने बताया कि राधा-कृष्ण केवल प्रेमी-प्रेमिका नहीं हैं, बल्कि वे एक ही आत्मा के दो रूप हैं। उनका दिव्य विवाह स्वयं ब्रह्माजी ने ब्रज में संपन्न कराया था। भगवान शालिग्राम की बरात निकाली गई। किरण बर्मन, मीना महरोत्रा और वंदना अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
भारतीय पत्रकारिता सामाजिक चेतना की संवाहक : प्रो. कृपाशंकर चौबे
नागरी प्रचारिणी सभा में चल रहे 15 दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम के तीसरे दिन बुधवार को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. कृपाशंकर चौबे ने छात्रों को हिंदी पत्रकारिता के समृद्ध इतिहास और विकास के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं रही है, बल्कि इसने समाज में चेतना फूंकने, राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा करने और हिंदी भाषा के संवर्धन में अतुलनीय योगदान दिया है। नई पीढ़ी के पत्रकारों को भारतीय भाषाओं की पत्रकारिता की जड़ों और उसकी नैतिकता को गहराई से समझना चाहिए। यही समझ भविष्य के मीडिया जगत को अधिक संवेदनशील, जिम्मेदार और समाजोन्मुख (समाज की तरफ झुका हुआ) बना सकती है।
कार्यक्रम के दूसरे भाग में प्रश्नोत्तर सत्र हुआ। विद्यार्थियों ने आज के दौर में मीडिया नैतिकता और हिंदी की वर्तमान स्थिति से जुड़े सवाल पूछे जिनके जवाब डॉ. चौबे ने दिए। प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह 15 दिवसीय आयोजन युवाओं को हिंदी साहित्य, पुस्तकालय संस्कृति और पत्रकारिता के राष्ट्रीय सरोकारों से जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 3 शाखाओं के नए परिसर का लोकार्पण
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने वाराणसी क्षेत्र में अपनी तीन नई शाखाओं के परिसरों का लोकार्पण किया है। यह शाखाएं मंगारी बाजार, चंदौली और परमानंदपुर में हैं। बैंक ने ग्राहकों को बेहतर और सुलभ बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। लखनऊ जोन के आंचलिक प्रमुख डीके अर्जवानी ने इन नवीन शाखा परिसरों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वाराणसी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख रणविजय सिंह समेत शाखा प्रमुखों, बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह के दौरान डीके अर्जवानी ने ग्राहकों से संवाद किया। उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की विभिन्न बैंकिंग सेवाओं और उत्पादों, डिजिटल बैंकिंग, रिटेल बैंकिंग, कृषि ऋण और एमएसएमई योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
ग्राहकों ने अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रियाएं और सुझाव साझा किए। क्षेत्रीय प्रमुख रणविजय सिंह ने कहा कि नए शाखा परिसर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह शाखाएं क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति प्रदान करेंगी। बैंक अधिकारियों ने ग्राहक सेवा और वित्तीय समावेशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कैंट फीडर से 4 घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को 11 केवी ब्लॉक रोड और 33 केवी कैंट फीडर से सुबह 6.30 से 10.30 बजे तक शटडाउन लिया गया है। इस अवधि में लहरतारा, ब्लाॅक रोड में बिजली नहीं रहेगी।
आज बंद रहेगी बीएचयू की ओपीडी
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी बृहस्पतिवार को बंद रहेगी। इस दौरान इमरजेंसी की सभी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश भी जारी किया गया है। बृहस्पतिवार को बकरीद त्योहार को लेकर यह निर्णय लिया गया है।
रोज चलेगी वाराणसी-लखनऊ एक्सप्रेस
उत्तर रेलवे की ओर से वाराणसी से लखनऊ तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन को 28 मई से नियमित कर दिया गया है। अब यह ट्रेन प्रतिदिन 14225/14226 नंबर से चलाई जाएगी। रेलवे की ओर से इसका नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि ट्रेन नंबर 14225 वाराणसी से सुबह 6:20 बजे चलकर बाबतपुर, जौनपुर, शाहगंज, अकबरपुर, अयोध्या और बाराबंकी होते हुए दोपहर 12:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
बीएचयू और विद्यापीठ में आज होने वाली परीक्षा स्थगित
काशी विद्यापीठ और बीएचयू में 28 मई को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। बकरीद की वजह से इस तरह का निर्णय लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि बीपीएड/ एमपीएड द्वितीय सेमेस्टर चतुर्थ प्रश्नपत्र की परीक्षा अब 29 मई को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक होगी। उधर, बीएचयू के परीक्षा नियंत्रक अवधेश कुमार ने बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी कोर्स वर्क की बकरीद के दिन होने वाली परीक्षा टाल दी गई है। परीक्षा की नई तिथि जल्द ही जारी होगी।
डॉ. श्याम कमल फ्रांस में इक्रा के एरिया चेयर नामित
आईआईटी बीएचयू के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्याम कमल को फ्रांस में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन इक्रा 2027 का एरिया चेयर नामित किया गया है। डॉ. कमल इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ऑटोमेशन, रोबोटिक्स एंड एप्लीकेशंस में हिस्सेदारी करेंगे। यह सम्मेलन अगले साल 25 से 27 फरवरी तक पेरिस में होगा। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि इससे आईआईटी की वैश्विक शैक्षणिक उपस्थिति बेहतर होगी।
प्रो. संजय को एडिटोरियल कॉन्ट्रीब्यूशन अवाॅर्ड
बीएचयू में विज्ञान संस्थान के निदेशक वरिष्ठ प्रोफेसर संजय कुमार को स्प्रिंगर नेचर की ओर से सम्मानित किया गया। स्प्रिंगर नेचर एडिटर ऑफ डिस्टिंक्शन अवार्ड्स के अंतर्गत एडिटोरियल कॉन्ट्रीब्यूशन अवाॅर्ड दिया गया। प्रो. संजय भौतिक विज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं। एडिटोरियल कंट्रीब्यूशन अवार्ड उन संपादकों को दिया जाता है जिन्होंने रिसर्च आर्टिकल के मूल्यांकन, प्रस्तुत रिसर्च पेपर की सावधानीपूर्वक समीक्षा करने में योगदान दिया हो।
बीएचयू, विद्यापीठ के छात्रों को इंटर्नशिप प्रमाण पत्र
बीएचयू और काशी विद्यापीठ के सोशल वर्क और मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के बीटेक छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। दिवि वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र दिया गया। मुख्य अतिथि विद्यापीठ के चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह ने विचार रखे। अध्यक्षता दिवि चेयरमैन प्रो. जगदीश राय ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. रविप्रकाश सिंह और डॉ. संदीप सिंह उपस्थित रहे। फाउंडेशन के संस्थापक बीर भद्र सिंह रहे।
वाराणसी के छात्रों ने एसओएफ इंटरनेशनल ओलंपियाड में किया शानदार प्रदर्शन
वाराणसी के छात्रों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) परीक्षाओं 2025–26 में शानदार सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। इस वर्ष एसओएफ ओलंपियाड में वाराणसी के 25 हजार से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
प्रमुख प्रदर्शन करने वाले छात्रों में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 1 के छात्र पार्थ केशरी ने इंटरनेशनल कंप्यूटर साइंस ओलंपियाड (आईसीएसओ) में तथा लिटिल फ्लावर हाउस की कक्षा 4 की छात्रा कविता मौर्य ने इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड (आईएचओ) में इंटरनेशनल रैंक-1 प्राप्त की। दोनों छात्रों को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, सनबीम स्कूल की कक्षा 2 की छात्रा सुनीष्का सिंह ने इंटरनेशनल मैथेमेटिक्स ओलंपियाड (आईएमओ) में इंटरनेशनल रैंक-2 हासिल की। उन्हें सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के कक्षा 10 के छात्र रोशन यादव ने इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड (आईएचओ) में इंटरनेशनल रैंक-3 प्राप्त की।
उन्हें ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा। साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) के संस्थापक एवं निदेशक महाबीर सिंह ने कहा कि एसओएफ ओलंपियाड 2025–26 विद्यार्थियों को उत्कृष्टता हासिल करने और तार्किक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
संस्कृत विवि में आज से शुरू होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू होगी। 28 मई से शुरू होकर 9 जून(13 दिन) तक चलने वाली परीक्षा के लिए वाराणसी समेत पूरे देश में 370 केंद्र बनाए गए हैं। यहां शास्त्री, आचार्य के 35175 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए यूपी के बाहर के भी 10 राज्यों में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि वाराणसी सहित अन्य जिलों में होने वाली परीक्षा के लिए जिला, पुलिस प्रशासन को पत्र भेजा चुका है। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए परिसर में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
मध्यप्रदेश में शिक्षकों की नियुक्तियों में संस्कृत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिले अवसर
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठयक्रमों के विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश में शिक्षकों की नियुक्तियों में समान अवसर दिलाने की मांग की गई है। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने इसके लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर यूजीसी की ओर से मान्य पारंपरिक विषयों को नियुक्तियों में शामिल करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कुलपति ने बताया है कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की दार्शनिक, वैज्ञानिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना की आधारशिला है। न्याय, मीमांसा, ज्योतिष, वेदान्त, धर्मशास्त्र, आगम, पुराण, सांख्ययोग एवं अन्य परंपरागत शास्त्र भारतीय ज्ञान-विज्ञान की वह गौरवशाली धरोहर हैं, जिन्होंने सहस्राब्दियों से राष्ट्र की वैचारिक एवं सांस्कृतिक चेतना को दिशा दी हे।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा आयोग की ओर से संस्कृत सहायक प्राध्यापक पदों पर नियुक्ति के लिए वर्तमान में सीमित विषयों को ही सह-विषय के रूप में मान्यता प्रदान किया है। कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 भारतीय ज्ञान-परम्परा, शास्त्रीय अध्ययन एवं बहुविषयी शिक्षा को विशेष प्रोत्साहन प्रदान करती है। मुख्यमंत्री से मांग की है कि यूजीसी द्वारा मान्य सभी संस्कृत विषयों को संस्कृत सहायक प्राध्यापक नियुक्तियों की सह-विषय सूची में शामिल करने के बारे में सकारात्मक निर्णय लिया जाए।