UP: चौबेपुर थाने में दलित फरियादी को महिला दरोगा ने मारे पांच थप्पड़, बोली- तमीज से बात करो; वीडियो वायरल
Varanasi News: थाने में महिला उपनिरीक्षक द्वारा एक महिला की पिटाई का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो में महिला को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। थाना प्रभारी ने वीडियो संज्ञान में आने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू होने की बात कही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर थाना परिसर में तैनात महिला उपनिरीक्षक द्वारा एक महिला की पिटाई का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। करीब आठ सेकेंड के वायरल वीडियो में महिला उपनिरीक्षक एक महिला को लगातार कई थप्पड़ मारती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र की कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव का है। गांव में आबादी की जमीन को लेकर पूनम पत्नी जोगेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच विवाद चल रहा है। इस मामले को लेकर पहले पंचायत भी हो चुकी थी। इसी विवाद के सिलसिले में दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे।
सूत्रों के अनुसार, दूसरे पक्ष की गीता पत्नी रामसेवक बार-बार महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह से बहस कर रही थीं। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और महिला उपनिरीक्षक ने कथित तौर पर गीता को थप्पड़ मार दिए। घटना के समय मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वहीं, कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि गीता के पति को पुलिस एक मामले में पूछताछ के लिए थाने लाई थी। इसकी जानकारी मिलने पर गीता भी थाने पहुंच गई और पति को बुलाने का कारण पूछने लगी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर यह घटना हुई।
प्रकरण सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल है। बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है। चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की वास्तविक स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।