UP Accident: बाइक फिसलते ही जमीन से टकराया सिर, बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे युवक की मौत; पहुंची पुलिस
Varanasi Accident News: जिले के छिताैना गांव में सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर लोहता थाने की पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल भेज दिया था। यहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लाैट रहा था, तभी यह हादसा हाे गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव के पास शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान हुए सड़क हादसे में एक शटरिंग मिस्त्री की मौत हो गई। वह अपने बेटे को निजी स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। रास्ते में फिसलन भरी सड़क पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सिरसा गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय (35) के रूप में हुई है। वह शटरिंग मिस्त्री का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि अभिषेक रोज सुबह अपने बच्चे को घर से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर स्थित एक निजी स्कूल छोड़ने जाते थे। शुक्रवार को भी वह बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे।
बताया गया कि घर से करीब दो किलोमीटर पहले छितौनी गांव के पास अचानक उनकी बाइक फिसल गई। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर काफी फिसलन थी। बाइक से गिरने के दौरान उनका सिर सड़क से जोरदार तरीके से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिर से काफी खून बहने लगा और वह मौके पर ही अचेत हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
आसपास के लोगों ने उन्हें पहचानकर तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपने परिवार के बड़े बेटे थे। पिता प्रमोद उपाध्याय के दो बेटों और एक बेटी में वह सबसे बड़े थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।
हादसे की एक खास बात यह रही कि बाइक को मामूली खरोंच तक नहीं आई, लेकिन गिरने के दौरान सिर में लगी गंभीर चोट जानलेवा साबित हुई। सूचना पर पहुंची लोहता थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।