Varanasi Top News: हादसों में दो की मौत, युवती से दुष्कर्म का प्रयास, चाकू मारने का आरोपी गिरफ्तार; अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी जिले में युवती से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी शोर मचाने पर युवती का गला दबाकर मारने का प्रयास किया और भाग गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चाकू मारने का आरोपी गिरफ्तार
चाकू से हमला करने के आरोपी किशन उर्फ गोलू (21) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बुधवार देर रात आरोपी ने रंजिश में साथियों के साथ मिलकर राजेश गोड़ को चाकू मारा था। गंभीर रूप से घायल राजेश का बीएचयू में उपचार चल रहा है। विवेचना के दौरान पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर किशन उर्फ गोलू की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी गोपालाजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है।
सीमेंट मिक्सर वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज बाजार में बृहस्पतिवार सुबह एक सड़क हादसे में साइकिल सवार नखरू राजभर उर्फ कल्लू (45) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक की तलाश में पुलिस जुटी है। जानकारी के अनुसार, जैरामपुर-सरैया निवासी नखरू राजभर उर्फ कल्लू ससुराल दानगंज में रहकर ठेला चलाता था। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे वह साइकिल से दानगंज बाजार जा रहा था। साइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। वाराणसी से आजमगढ़ की ओर जा रही एक सीमेंट मिक्सर मशीन ने उसे रौंद दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है। नखरू अपने पीछे पत्नी पुम्मी देवी, तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया। थाना प्रभारी सघुवन राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक कई बार पलट गई। बाइक चला रहे पवन गोंड़ (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर निवासी पवन गोंड़ मित्र शिवम सेठ के साथ बाइक से स्वर्वेद धाम घूमने आया था। वहां से दोनों मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। चिरईगांव क्षेत्र में डुबकियां पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पवन गोंड़ को मृत घोषित कर दिया। शिवम सेठ का उपचार जारी है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
तेज रफ्तार बाइक ने महिला को मारी टक्कर, ऑटो से भिड़ी, दोनों घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र में गाजीपुर की ओर से वाराणसी जा रहे धनंजय राय (55) की बाइक दैत्रावीर बाबा मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे पैदल जा रही चौबेपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी लालमनी देवी को टक्कर मारते हुए सामने खड़े ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार और महिला दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुकानदारों और राहगीरों ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला के परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जबकि अचेत अवस्था में मिले धनंजय राय को चौबेपुर पुलिस पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर पहुंची। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से एक महिला और बाइक सवार घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल भेजा गया है। महिला के परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं, जबकि बाइक सवार के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
फरार वारंटी के घर नोटिस चस्पा
चोलापुर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में फरार चल रहे वारंटी के खिलाफ कार्रवाई कर उसके घर पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने गांव में डुगडुगी बजवाई। पुलिस के अनुसार, गोपपुर निवासी विकास मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा के विरुद्ध न्यायालय से जारी आदेश के क्रम में पुलिस टीम आवास पर पहुंची। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि निर्धारित अवधि में वारंटी न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
धान की रोपाई के दौरान दंपती पर हमला
सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के भदया गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक दंपती पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। शुभावती वर्मा का आरोप है कि घटना उस समय हुई जब वह अपने पति महेंद्र प्रताप वर्मा (50) के साथ खेत में धान की रोपाई करा रही थी। इसी दौरान आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज कर हमला कर दिया।
परिवार न्यायालय परिसर में महिला से मारपीट, पति पर प्राथमिकी
परिवार न्यायालय परिसर में बृहस्पतिवार को वैवाहिक विवाद की सुनवाई के लिए आई महिला ने पति पर मारपीट और चेन छीनने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर निवासी अर्चना मिश्रा बृहस्पतिवार सुबह 11:45 बजे परिवार न्यायालय (प्रधान) में मुकदमे की पैरवी के लिए पहुंची थीं। आरोप है कि वहां पति अखंड प्रताप उपाध्याय ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोपी ने पहले गालीगलौज कर चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर पीटा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट भी छीन लिया। छीना-झपटी में चेन का एक हिस्सा उनके पास रह गया, जबकि आधी चेन और लॉकेट लेकर आरोपी मौके से भाग गया। महिला का दावा है कि पूरी घटना न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिससे घटना की पुष्टि हो सकती है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पैर छूने के बहाने महिला की सोने की चेन चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र में ऑटो में सफर कर रही इंदूबाला पांडेय टप्पेबाजी का शिकार हो गईं। पैर छूने के बहाने ध्यान भटकाकर ऑटो में बैठी चार महिलाओं ने गले से 12 ग्राम सोने के आभूषण काट लिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट में गई है। इंद्रपुर खोरी कॉलोनी निवासी कृष्णदत्त पांडेय के अनुसार, पत्नी इंदूबाला पांडेय बुधवार शाम कैंटोनमेंट बोर्ड इंटर कॉलेज से ऑटो में सवार होकर घर लौट रही थीं। भोजूबीर चेतमणी अपार्टमेंट के पास ऑटो में पहले से चार महिलाएं और दो बच्चियां सवार थीं। ऑटो जब शिवपुर गार्डेनिया अपार्टमेंट के पास पहुंचे तो उनमें से एक महिला ने इंदूबाला के पैर छुए। इसी दौरान उनका ध्यान भटकाया और गले में पहनी सोने की चेन व पेंडेंट काटकर चोरी कर लिया। पीड़िता जब शिवपुर के पास ऑटो से उतरीं तो उन्हें गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ। तब तक आरोपी महिलाएं मौके से भाग चुकी थीं। वारदात भोजूबीर से शिवपुर नॉर्मल स्कूल के बीच हुई। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी महिलाओं की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
एयरपोर्ट विस्तार: तीन मकान ढहाए गए, 17 जुलाई को फिर शुरू होगा अभियान
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य को गति देने के लिए बृहस्पतिवार को अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) की अध्यक्षता में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एयरपोर्ट विस्तार से संबंधित सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सुरेश कुमार राव, राजबली यादव तथा शारदा पटेल के भवनों को ध्वस्त किया गया। 17 जुलाई को पुलिस बल की मौजूदगी में फिर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के बाद राजस्व विभाग और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने तहसील पिंडरा के ग्राम पुरारघुनाथपुर में एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से प्रभावित संरचनाओं के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रभावित लोगों के प्रकरण जिला स्तरीय समिति के समक्ष विचाराधीन हैं, उनका जल्द निस्तारण किया जाएगा। साथ ही शेष पात्र प्रभावितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। संयुक्त टीम ने उन अन्य प्रभावित लोगों को भी चेतावनी दी, जिन्होंने अब तक स्वयं अपने भवन नहीं हटाए हैं। उन्हें बताया गया कि यदि वे स्वेच्छा से निर्माण नहीं हटाते हैं तो पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
आगरा रेलवे स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस (उप स्टेशन अधीक्षक) के साथ आरपीएफ जवानों की ओर से दुर्व्यवहार के विरोध में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) लखनऊ मंडल के कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर नाराजगी जताई। तीनों शाखाओं के पदाधिकारियों, कर्मचारियों ने स्टेशन निदेशक कार्यालय के सामने से लेकर पावर केबिन तक मार्च निकालकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि इस तरह की घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम है। इस दौरान डीके सिंह, अशोक कुमार, संजीव श्रीवास्तव, यूपी सिंह, अखिलेश गुप्ता रहे।
पुरातत्व विभाग से आईएमए को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने मांग
बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉक्टर बीरी सिंह को ज्ञापन दिया। मांग की कि आईएमए ने उनकी जमीन पर गलत तरीके से नक्शा पास करा लिया है और नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोका जाए। ज्ञापन के जरिये पूर्व महामंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय महत्व के स्मारक चेतगंज सिमेट्री पर आईएमए का कब्जा है। इस जमीन पर बहु मंजिली इमारत बनाने के लिए आईएमए ने वीडीए से नक्शा पास कराया है। एएसआई के सुपरिंटेंडेंट आर्कियोलॉजी को प्रयागराज में संस्कृति विभाग के अभिलेखागार में संरक्षित दस्तावेज दिखाए। उन्होंने करसिव इंग्लिश में लिखा कुल 15 पेज का 166 साल पुराना दस्तावेज पेश किया। इस जगह पर जनवरी 1857 में तत्कालीन वायसराय ने मुआयना किया था। संरक्षण का आदेश पारित किया था। 1829 में काशीवासियों को शाहीनाला जैसा सीवरेज सिस्टम देने वाले जेम्स प्रिंसेप ने इस जगह को यादगार बनाने की वकालत की थी। ज्ञापन के बिंदुओं पर चर्चा करने वालों में पुरातत्व विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट संजय कुमार सिंह, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट राजेश यादव शामिल रहे।
होटल संचालक के बेटे, भतीजे और दोस्त पर हमला, कार में तोड़फोड़
बड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात होटल संचालक के बेटे, भतीजे और उनके मित्र पर अज्ञात लोगों ने हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने आरटीओ रोड पर गैस प्लांट के पास उनकी कार रोककर पीटा और वाहन में तोड़फोड़ की। सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, घड़ी व चश्मा छीन लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए गिरफ्तार किया। तहरीर में संजय सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे होटल बंद करने के बाद उनका पुत्र अर्पित सिंह, भतीजा संचित सिंह और उनका मित्र जसपाल सिंह कार से निजी काम के लिए जा रहे थे। गैस प्लांट के पास आरटीओ रोड पर बाइक और चार पहिया वाहन से आए अज्ञात लोगों ने उनकी कार रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए तीनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि होटल संचालक की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
चौरा माता मंदिर से पांच महीने में दूसरी बार चोरी
सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचकोशी मार्ग पर रुप्पनपुर गांव के प्राचीन चौरा माता मंदिर में बृहस्पतिवार को माता का चांदी का मुकुट चोरी हो गया। पुलिस ने छानबीन की। पुजारी मेवा लाल सुबह 10 बजे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो देखा कि मुकुट गायब था। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी 6 मार्च को माता का मुखौटा, हनुमान जी का मुकुट और नथिया चोरी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो मामले में पहले से जेल में बंद मुख्य आरोपी के परिजनों और रिश्तेदारों पर पीड़िता को दोबारा बहलाकर साथ ले जाने के मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में परिजनों ने बताया कि पुत्री के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पहले से पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। बाद में बालिका को बालिका गृह से परिजनों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया था। आरोप है कि 5 जून को जब वह मजदूरी करने गया था, तभी आरोपी पक्ष के परिजन और रिश्तेदार पुत्री को बहला-फुसलाकर साथ ले गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी पक्ष की ओर से लगातार मोबाइल फोन कर पुत्री से बात कराने का दबाव बनाया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
कॉस्मेटिक की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, तीन लाख का सामान जला
लखमीपुर गांव में बृहस्पतिवार शाम शॉर्ट सर्किट से कॉस्मेटिक और जनरल स्टोर में आग लग गई। घटना में दुकान में रखा तीन लाख का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। लखमीपुर गांव निवासी लाल बहादुर पटेल की पत्नी ममता पटेल अपने मकान के कमरे में जनरल और कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं। बृहस्पतिवार शाम दुकान बंद कर वह किसी काम से बाहर गई थीं। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने फोन कर सूचना दी। ममता पटेल के मौके पर पहुंचकर दुकान खोलने तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। दुकान संचालिका ममता पटेल ने बताया कि आग से तीन लाख का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि जांच की जा रही है।
नशे में इटली के नागरिक ने मचाया उत्पात, चल रहा इलाज
कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर दवा मंडी में बृहस्पतिवार सुबह विदेशी नागरिक ने नशे की हालत में हंगामा किया। पुलिस का कहना है कि इटली के रहने वाले विदेशी नागरिक ने भांग और बीयर का अत्यधिक सेवन कर लिया था। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां भी उसने काफी देर तक हंगामा किया। दोपहर बाद नशा हलका होने पर वह सामान्य हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हंगामा करने वाला व्यक्ति इटली का नागरिक पाया गया है। वह नशे में पहुंचा था, जिसके चलते उसने इस तरह की हरकतें कीं। फिलहाल उसका इलाज कराया जा रहा है। वाराणसी आने के उद्देश्य, यहां ठहरने की जानकारी और हंगामे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दस्तावेज का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
बेटी की शादी के लिए रखे थे गहने, ढाई लाख के आभूषण और 45 हजार रुपये चोरी
बेटी की शादी के लिए मेहनत-मजदूरी कर पाई-पाई जोड़कर रखे गहने और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया। शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर नवलपुर निवासी उषा देवी ने थाने में तहरीर दी। पीड़िता अमोल मंगारी की रहने वाली हैं। वर्तमान में परमानंदपुर नवलपुर में डॉ. माता प्रसाद सिंह के प्लॉट में परिवार के साथ रहती हैं। उषा देवी और उनकी बेटी नेहा लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा कर परिवार चलाती हैं, जबकि पति मजदूरी करते हैं। उषा देवी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह 9.30 बजे वह काम पर गई थीं। खाली घर का फायदा उठाकर चोर कमरे में घुस गए। अलमारी का ताला तोड़कर गहने और 40 से 45 हजार रुपये ले गए। काम से लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचेगी।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव में शिव मंदिर के पास बनी बंद पड़ी गोशाला में बृहस्पतिवार को आग लग गई।पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। ग्रामीणों के अनुसार, गोशाला 2020 से बंद पड़ी है। परिसर में रखा भूसा, लकड़ी, गोशाला की देखरेख करने वाले गांव निवासी रामजतन गोड़ का कूची बनाने का सामान आग की चपेट में आ गया। रामजतन ने बताया कि आग में तैयार कूचियां, कच्चा मटेरियल, भूसा और लकड़ी जलकर राख हो गए। 10 हजार रुपये के नुकसान की बात कही है। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
50 हजार रुपये रिश्वत मामले में जीएसटी उपायुक्त अंबिका सिंह जेल भेजी गईं
जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की उपायुक्त अंबिका सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम द्वितीय) पूनम पाठक की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।
सतर्कता अधिष्ठान की वाराणसी इकाई ने बुधवार शाम चेतगंज के जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 कार्यालय के पास दादा रेस्टोरेंट के पास कार्रवाई कर अंबिका सिंह को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। बजरडीहा के लखरांव निवासी और ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्रालि के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने शिकायत की थी।
आरोप था कि फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और राज्य जीएसटी के आकलन से संबंधित कंपनी की फाइल के स्पष्टीकरण और निस्तारण के लिए उपायुक्त लगातार 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थीं। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने प्रारंभिक जांच कर आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया गया और शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की रकम लेते समय अंबिका सिंह को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।