Sports News: घुड़दौड़...बाबू आरएन सिंह स्मृति प्रतियोगिता में रोमांच, हजारों दर्शकों की मौजूदगी में इतिहास रचा
Varanasi News: परमानंदपुर स्थित मिनी स्टेडियम का मैदान इस अवसर पर पूरी तरह रेस कोर्स में तब्दील नजर आया। घोड़ों की रफ्तार को ध्यान में रखते हुए ट्रैक को समतल और सुरक्षित बनाया गया था। दर्शकों की सुरक्षा के लिए चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे लोग सुरक्षित दूरी से इस रोमांचक प्रतियोगिता का आनंद ले सकें।
विस्तार
आध्यात्मिक नगरी वाराणसी में सोमवार को खेल और रोमांच का अनोखा संगम देखने को मिला, जब पहली बार भव्य स्तर पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विकास इंटर कॉलेज द्वारा आयोजित ‘बाबू आर.एन. सिंह स्मृति घुड़दौड़ प्रतियोगिता’ ने न सिर्फ दर्शकों को रोमांचित किया, बल्कि काशी में एडवेंचर स्पोर्ट्स की नई दिशा भी तय कर दी।
कार्यक्रम में 5000 से अधिक विद्यार्थी और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिससे पूरा मैदान मेले जैसा दिखाई दे रहा था। जैसे ही घुड़सवार ट्रैक पर दौड़ते, तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह भरे नारों से माहौल गूंज उठता। संगीत की धुनों के बीच घोड़ों की टापों की आवाज ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया गया। पहले और दूसरे राउंड में 5-5 घुड़सवारों ने हिस्सा लिया, जहां प्रत्येक राउंड में 5 लेप (चक्कर) की दौड़ कराई गई। इन राउंड्स के टॉप-2 घुड़सवारों ने फाइनल में जगह बनाई। तीसरे और अंतिम राउंड में 6 लेप की लंबी और चुनौतीपूर्ण दौड़ हुई, जिसमें विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान का फैसला किया गया।
दर्शकों ने बढ़ाया उत्साह
करीब चार किलोमीटर की इस रोमांचक दौड़ में हरि नारायण का राजस्थानी नस्ल का घोड़ा ‘शक्ति’ सबसे आगे रहा। ‘शक्ति’ ने महज 2 मिनट 28 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर गौरव यादव का घोड़ा ‘रॉकेट’ रहा, जिसने 3 मिनट 40 सेकंड का समय लिया, जबकि सौरभ का घोड़ा ‘शेरू’ 4 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहा। उल्लेखनीय है कि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले घोड़े मारवाड़ी नस्ल के थे।
उत्तर प्रदेश एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की अध्यक्ष डॉ. आशा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ए.के. सिंह रहे। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शैंपू, कोषाध्यक्ष विजय कुमार और मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश सिंह दोहरी सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे।