UP: पत्नी की दवा लेने निकले पति की हादसे में मौत, सदमे में महिला ने भी तोड़ा दम; एक साथ उठी दोनों की अर्थी
Chandauli News: चंदौली में पत्नी की दवा लेने निकले एक वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पति की मौत की खबर सुनकर सदमे में आई पत्नी ने भी करीब चार घंटे बाद दम तोड़ दिया। दवा घर नहीं पहुंच सकी और एक ही दिन परिवार से पति-पत्नी की दो अर्थियां उठने से गांव में शोक छा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टिकरवापर गांव निवासी मिठाई राम (65) मंगलवार शाम अपनी पत्नी इमरती देवी (60) की दवा लेने चतुर्भुजपुर बाजार गए थे। दवा लेकर घर लौटते समय सकलडीहा रेलवे स्टेशन के समीप पंडित दीनदयाल उपाध्याय-पटना रेलखंड की डाउन लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की सूचना जैसे ही घर पहुंची, पहले से साइटिका की बीमारी से जूझ रही पत्नी इमरती देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के अनुसार वह पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं। पूरी रात बेसुध रहीं और बुधवार तड़के करीब दो बजे उनकी भी मौत हो गई। चिकित्सकों का अनुमान है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था।
एक ही दिन पति-पत्नी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दंपति के पांच बेटे हैं। माता-पिता को एक साथ खोने के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच गए और परिजनों को ढांढस बंधाया। पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा।पुलिस ने मिठाई राम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पत्नी के शव का भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। परिवार झोपड़ी में रहकर मजदूरी के सहारे जीवनयापन करता था। अब माता-पिता दोनों के निधन के बाद पांचों बेटों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने शासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
पति के बिना नहीं जी सकीं इमरती देवी
परिजनों का कहना है कि इमरती देवी लंबे समय से साइटिका की बीमारी से पीड़ित थीं। पति ही उनका इलाज करा रहे थे। जैसे ही उन्हें पति की मौत की जानकारी मिली, वह गहरे सदमे में चली गईं। कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। गांव के लोगों का कहना है कि दोनों के बीच गहरा लगाव था और शायद यही कारण रहा कि पत्नी यह आघात सहन नहीं कर सकीं।
कृषक दुर्घटना योजना के तहत मिलेगी सहायता, होगी जांच
तहसीलदार अनुराग सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि परिवार निर्धारित पात्रता की श्रेणी में पाया जाता है तो शासन की कृषक दुर्घटना सहायता योजना समेत अन्य उपलब्ध योजनाओं के तहत आर्थिक मदद दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। - भूपेंद्र कुमार निषाद, प्रभारी निरीक्षक, सकलडीहा