फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top news today Youth attacked with knife criminal with ₹25,000 reward arrested 12 injured in accident

वाराणसी की प्रमुख खबरें: युवक पर चाकू से हमला, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार; बस- ट्रक की टक्कर में 12 घायल

Thu, 16 Jul 2026 12:52 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Thu, 16 Jul 2026 12:52 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में बुधवार को कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें सड़क हादसे व पुलिस की कार्रवाई समेत कई मामले चर्चा में बने रहे। यहां पढ़ें- प्रमुख खबरें

विज्ञापन
Varanasi Top news today Youth attacked with knife criminal with ₹25,000 reward arrested 12 injured in accident
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, एक आरोपी हिरासत में

विज्ञापन

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव में रंजिश के चलते मंगलवार देर रात चार युवकों ने राजेश गोंड पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चित्तापुर गांव निवासी अनिल कुमार ने तहरीर में बताया कि उनके भाई राजेश गोंड मंगलवार देर रात रखौना गांव के पास थे। आरोप है कि उसी दौरान रखौना गांव निवासी नीरज, अनुज, गोलू उर्फ किशन और लालू ने रंजिश को लेकर उन्हें रोक लिया। चाकू से हमला कर दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।  

25 हजार रुपये का इनामी मिर्जापुर से गिरफ्तार
धर्म परिवर्तन के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी मिट्ठू अंसारी उर्फ मोहम्मद कैफ को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मिर्जापुर से गिरफ्तार किया। मिट्ठू अंसारी से पहले ही उसके भाई समेत तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी बड़ागांव के रसूलपुर का निवासी है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि तीन महीने पहले युवती ने धर्म छिपाकर शादी, एक महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने सहित अन्य आरोपों में आफताब अंसारी उर्फ अमित निवासी रसूलपुर हरहुआ बड़ागांव में तहरीर दी थी। आफताब अंसारी, पिता नबी रसूल और भाई मिट्ठू के खिलाफ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और माता-पिता की हत्या की धमकी देने मामले में प्राथमिकी दर्ज थी। 
विज्ञापन

नाबालिग छात्रा लापता, जौनपुर के युवक पर अपहरण का आरोप
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र से एक 16 साल की छात्रा लापता हो गई है। मां ने जौनपुर निवासी रोहित कुमार पर बेटी को बहलाकर ले जाने का आरोप लगाया है और प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला ने तहरीर में बताया कि बेटी पहले जौनपुर में अपने ननिहाल में पढ़ाई करती थी। उसकी पहचान रोहित कुमार से हुई थी। आरोप है कि रोहित ने छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया। विदेश भेजने और बेहतर जीवन का लालच देकर प्रभाव में लिया। जानकारी होने पर बेटी को लेकर मां वाराणसी लौट आई। आरोप है कि 12 जुलाई को बेटी को रोहित से बात करते पकड़ा था। समझाने पर बेटी ने उससे संपर्क नहीं रखने का भरोसा दिया था। 14 जुलाई की सुबह साढ़े छह बजे वह घर से चली गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि खोजबीन की जा रही है।  
विज्ञापन
विज्ञापन

 
दवा कंपनी के एरिया बिजनेस मैनेजर से मारपीट, तीन नामजद
दवा कंपनी के एरिया बिजनेस मैनेजर शेर बहादुर सिंह की सुदामापुर में पिटाई और जान से मारने की धमकी के मामले में तीन नामजद के खिलाफ बुधवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जौनपुर के निवासी शेर बहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह कंपनी के स्टॉकिस्ट ''निहाल इंटरप्राइजेज'' के प्रोपराइटर मनोज प्रजापति के आवास सह कार्यालय सुदामापुर गए थे। वहां बातचीत के दौरान मनोज प्रजापति, पुत्र निहाल, साथी रमन सरदार और 3-4 अज्ञात लोगों ने गालीगलौज की। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। सहयोगियों ने उन्हें बचाया। आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि मनोज, निहाल और रमन सरदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

सड़क हादसे के बाद दरोगा पर चालक से मारपीट और वसूली का आरोप, जांच शुरू
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर तिराहे के पास सड़क दुर्घटना के बाद एक दरोगा पर वाहन चालक को चौकी ले जाकर मारपीट करने और रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। बसनी निवासी शुभम तिवारी ने बताया कि वह एयरपोर्ट और शहर के बीच किराये पर वाहन चलाता है। एयरपोर्ट से लौटते समय भोजूबीर तिराहे के पास उसकी गाड़ी की पीछे से एक दरोगा की कार से टक्कर हो गई। आरोप है कि दुर्घटना के बाद दरोगा ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जबरन अर्दली बाजार चौकी ले गया। शुभम का आरोप है कि चौकी के एक कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उससे जबरन समझौते का वीडियो बनवाया गया और सुलहनामा भी लिखवाया गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि कार के बीमा क्लेम की फाइलिंग कराने के नाम पर उससे तीन हजार रुपये ले लिए गए। साथ ही उसे किसी से शिकायत न करने और चिकित्सीय परीक्षण न कराने की धमकी भी दी गई। 
 
जालसाजी मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार, छह लाख का गबन
कूटरचित दस्तावेज और 6.82 लाख की धोखाधड़ी के मामले में वांछित पिता-पुत्र को चेतगंज पुलिस ने मंगलवार रात कानपुर नगर से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चार पहिया वाहन भी बरामद किया है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपियों में समीर धवन और उसका बेटा मनन धवन है। दोनों कानपुर नगर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के ओपी टावर, वृंदाधाम कॉलोनी के निवासी हैं। 20 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज हुई कि समीर धवन और उनके सहयोगियों ने अपनी पहचान छिपाकर जाली दस्तावेज बनाए। इसके बाद उन्होंने धोखाधड़ी से कुल 6. 82 लाख का गबन किया। समीर और मनन के खिलाफ चेतगंज थाने में पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं। 

साइबर फ्रॉड की रकम खाते में रखने के आरोपी युवक पर प्राथमिकी दर्ज
साइबर अपराध से जुड़ी धोखाधड़ी की रकम बैंक खाते में रखने और उसे आगे वितरित करने के आरोप में साइबर हेल्प डेस्क पुलिस ने संदिग्ध खाताधारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। खातों की जांच के दौरान सारनाथ क्षेत्र के नान्हूपुर निवासी गोविंद भारद्वाज का बचत खाता संदिग्ध पाया गया। साइबर हेल्प डेस्क के उपनिरीक्षक राहुल यादव ने बताया कि केवाईसी के आधार पर खाताधारक की पहचान होने के बाद खाते को तत्काल होल्ड कर दिया गया। जांच में पता चला कि खाते में अलग-अलग राज्यों से साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी रकम ट्रांसफर की गई थी। कोथपुरा कर्नाटक से 37,173 रुपये, जैसलमेर (राजस्थान) से 25,525 रुपये और गाजियाबाद से 1,000 रुपये जमा हुए थे। साइबर सेल निरीक्षक विजय नारायण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धनराशि साइबर अपराध से अर्जित होने की आशंका पर पुलिस ने खाताधारक के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी की रकम को छिपाने और उसके वितरण में संलिप्तता के आरोप में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।   


युवती को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में पिता-पुत्र 24 घंटे में गिरफ्तार
युवती को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में पिता-पुत्र को 24 घंटे के अंदर सिंधोरा पुलिस ने बुधवार को हथिवार मोड़ के पास गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कुलदीप कुमार और उसका पिता शैलेंद्र कुमार उर्फ मुनीब हैं। दोनों इंद्रखापुर, बड़ागांव के निवासी हैं। सिंधोरा थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि 14 जुलाई को पीड़िता ने सिंधोरा थाने में तहरीर दी थी। उसने आरोप लगाया कि कुलदीप कुमार उसकी बेटी को काम दिलाने के बहाने भुसावल, महाराष्ट्र ले गया था। वहां उसने शादी का झांसा देकर बेटी से शारीरिक संबंध बनाए। जब गर्भवती हुई और शादी की बात की तो कुलदीप और उसके पिता शैलेंद्र ने इन्कार कर दिया। उन्होंने बेटी को धमकी भी दी। इस घटना से मानसिक रूप से आहत होकर बेटी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उसे पंडित दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बस ट्रक से टकराई, 12 यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर
वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर बुधवार शाम छह बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक टूरिस्ट बस जा घुसी। हादसे में बस में सवार शिबू (30), शबीना (21), सारिका (20), गुड्डू (36), असरफ अली (40), शहनाज/शकीना (50), इम्तियाज (35), खुर्शीद (70), मैनुद्दीन (28), सोनी (35), हारून (70) और रियाज अहमद (55) घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद बस और ट्रक चालक मौके से भाग निकले। चंदौली के दुलहीपुर से 42 श्रद्धालु टूरिस्ट बस से बाराबंकी के देवा शरीफ दरगाह जा रहे थे। पिंडराई गांव सिंधुरिया के पास चालक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल असरफ अली, शकीना, इम्तियाज को बेहतर उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। चालकों की तलाश भी की जा रही है। 

दुकान बंद कर लौट रहे कारोबारी पर हमला
फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी नीरज कुमार सिंह पर आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान 40 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और बैग बरामद हो गया, लेकिन उसमें रखी नकदी में से 15 हजार रुपये गायब मिले। पुलिस ने दो नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

फूलपुर बाजार निवासी नीरज कुमार सिंह, पुत्र महेश्वरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अमूल कंपनी के पास उनकी टायर की दुकान है। मंगलवार रात आठ से नौ बजे के बीच दुकान बंदकर वह कार में बैठने जा रहे थे। पास में कैंटीन पर कुछ लोगों के बीच मारपीट हो रही थी। वह रुक गए, तभी आरोप है कि बिना किसी बात के वहां मौजूद लोग उन पर टूट पड़े। हाथ से बैग छीन लिया, जिसमें 40 हजार रुपये रखे थे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से बैग तो बरामद हो गया, लेकिन 40 हजार में से 15 हजार गायब मिले। पुलिस ने पकड़े गए अजय वर्मा समेत पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित का कहना है कि हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं और अमूल फैक्ट्री में काम करते हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की भूमिका और भागे अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।  

मारपीट कर वृद्धा को किया घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के मानापुर पिंडरा गांव में पड़ोसी लवकुश कनौजिया पर घर में घुसकर गालीगलौज और मारपीट का आरोप लगाकर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मानापुर निवासी रीता कनौजिया, पत्नी काशीनाथ ने फूलपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार रात भोजन के बाद वह घर में टीवी देख रही थी। पड़ोसी लवकुश कनौजिया घर पहुंचा और दरवाजा पीटने लगा। आरोप है कि दरवाजा खोलते ही उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में रीता कनौजिया के मुंह और सीने पर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 
 
बीएचयू निधि से नहीं दोषियों से वसूला जाए 2.65 करोड़, राष्ट्रपति से शिकायत
बीएचयू में पेड़ कटने के मामले पर छात्र ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिकायत की है। कहा कि विश्वविद्यालय निधि के बजाय दोषी अधिकारियों से पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वसूली जाए। अनुरोध किया गया है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सात जुलाई को पारित आदेश के अनुसार निर्धारित 2.65 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। इसे सार्वजनिक या शैक्षणिक निधि से न चुकाया जाए, क्योंकि इसका प्रभाव सीधा छात्रों पर ही पड़ेगा। विधि संकाय के छात्र संतोष त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि इस मामले में संलिप्त बीएचयू के पूर्व अधिकारी, ठेकेदारों और अन्य कई कर्मचारियों के व्यक्तिगत वेतन, सेवानिवृत्ति लाभ और निजी संपत्तियों से वसूल की जाए। संतोष ने राष्ट्रपति को पूरा प्रशासनिक और विधिक अभ्यावेदन प्रस्तुत किया है। बीएचयू परिसर में 33 पेड़ों को काटने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट स्वीकार करते हुए पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वसूलने की बात कही। इस अभ्यावेदन की प्रतिलिपियां भारत के प्रधानमंत्री, शिक्षा मंत्रालय को भी भेजी गई है।  

फेसबुक पर जातिसूचक टिप्पणी व धमकी का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने विशाल चौबे की तहरीर पर बृजेश सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हाजीपुर निवासी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी युवा मंच के जिला अध्यक्ष विशाल चौबे की शिकायत के अनुसार, तेवर गांव निवासी बृजेश सिंह ने उनकी फेसबुक आईडी पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां कीं। आरोप है कि अभद्र भाषा का प्रयोग कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई इन टिप्पणियों से क्षेत्र में तनाव और वैमनस्य का माहौल बनने की आशंका है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

युवक पर ईंट से जानलेवा हमला, सिर फूटा, तीन पर प्राथमिकी
चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार बाजार में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद में बीचबचाव करने पहुंचे सक्षम सिंह पर जानलेवा हमला हुआ। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के सिर पर ईंट से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में जौनपुर के चांदपुर निवासी संतोष सिंह ने बताया कि 12 जुलाई की रात आठ बजे बेटा सक्षम सिंह नियार बाजार सामान खरीदने गया था। वहां दुर्गेश यादव और ऋषि गुप्ता के बीच विवाद हो रहा था। सक्षम सिंह दोनों को शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान निर्भय और दुर्गेश यादव ने उस पर हमला कर दिया। दोनों ने जान से मारने की नीयत से सक्षम सिंह के सिर पर ईंट से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए बेटे को चांदमारी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपी निर्भय यादव, दुर्गेश यादव और एक अन्य आरोपी के खिलाफ संबंधित प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

जहरीले जंतु के काटने से महिला अचेत, पीएचसी में भर्ती
चौबेपुर थाना क्षेत्र के धोबही ग्राम निवासी सुनीता देवी (35) को बुधवार सुबह घर के बाहर ही किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। इस घटना में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सुनीता देवी सुबह किसी कार्य से घर से बाहर निकली थी। कुछ दूर ही गई थी कि जहरीले जंतु ने काट लिया। उन्हें तेज बेचैनी होने लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ीं। पति सुनील कुमार ने बताया कि आनन-फानन में सुनीता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। पीएचसी प्रभारी डॉ.राजनाथ राम ने बताया कि महिला का उपचार जारी है। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण उनकी स्थिति में सुधार है और फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं। इससे पहले बड़ागांव में भिखारीपुर निवासी 8 साल के बच्चे अभय को सांप ने काट लिया था। परिवार के लोग उसको स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।  

मरीज को लगाया ड्रिप फर्श पर बहता रहा
रामनगर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती एक मरीज का वीडियाे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मरीज को इलाज के लिए लगाई ड्रिप (ग्लूकोज या जीवन रक्षक दवा) की नली सही तरीके से नहीं जोड़ी गई। नतीजा यह हुआ कि वह कीमती जीवन रक्षक दवा मरीज की नसों में जाने के बजाय लगातार टपक-टपक कर फर्श पर बहती रही। इस पूरी घटना के दौरान पीड़ित मरीज बिस्तर पर असहाय स्थिति में पड़ा रहा। जो उसकी जान के लिए जोखिम भरा था। वार्ड में कोई भी नर्स, डॉक्टर या जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी नहीं था। सीएमएस डॉ. पीआर मिश्रा ने बताया कि घटना सामान्य सी है। कई बार ग्लूकोज या किसी बॉटल में ड्रिप लगाते समय एक से अधिक छिद्र हो जाते हैं। जिससे इस प्रकार की स्थिति हो जाती है। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। 

मतदाता सूची में गड़बड़ी पर सपा ने जिलाधिकारी को सौंपे साक्ष्य
समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को मतदाता सूची में गंभीर त्रुटियों के संबंध में ज्ञापन और विस्तृत साक्ष्य प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने शिकायतों की जांच कर जरूरी सुधार का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद भी अंतिम मतदाता सूची में बड़ी संख्या में गड़बड़ियां हैं। जिन लोगों ने प्रपत्र नहीं भरे, उनके नाम भी सूची में दर्ज हैं। वहीं, सभी औपचारिकताएं पूरी करने वालों को भी नोटिस जारी किए गए। कई मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में दर्ज हैं। अनेक मकानों की संख्या शून्य दर्ज है। कुछ मतदाताओं के नाम अन्य भाषाओं में अंकित हैं, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। सपा नेता विष्णु शर्मा विश्वकर्मा ने उत्तरी विधानसभा के सारनाथ वार्ड के गंजगांव में मकान संख्या एक से सोलह तक को शून्य दिखाया गया। नवापुरा के 418 से 686 तक के मतों को जलालुद्दीन पुरा में स्थानांतरित किए जाने की शिकायत भी की। प्रतिनिधिमंडल में पूजा यादव, मंजू कन्नौजिया, गुरुदयाल यादव, सत्यदीप यादव अधिवक्ता और गुरु प्रसाद विश्वकर्मा शामिल थे। 
 
लेखपाल संघ का धरना एक हफ्ते के लिए स्थगित
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने बुधवार से तहसील राजातालाब में काम ठप करने का निर्णय लिया। लेखपाल अपने साथी अनिल पाल के निलंबन को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष मानसिंह, राजातालाब तहसील इकाई के अध्यक्ष अध्यक्ष राजेश मौर्य मंत्री सोनेलाल पटेल ने बताया कि अनिल पाल पर गलत आरोप लगाकर निलंबन किया गया है। जिला अध्यक्ष ने अपर जिला अधिकारी और जिलाधिकारी वाराणसी से बुधवार को वार्ता की। जिलाधिकारी ने संघ के अध्यक्ष मानसिंह को उचित निर्णय का आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के क्रम में जिला अध्यक्ष ने संघ के धरने को 7 दिन के लिए टाल दिया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed