UP: NH पर खड़े ट्रेलर से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौत, केबिन के उड़े परखच्चे; दो क्रेन से निकाला गया शव
जिले के नेशनल हाईवे पर विकास भवन के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में बिहार निवासी चालक राजू यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। केबिन में फंसे चालक का शव दो क्रेन की मदद से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident: चंदौली के नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। करीब एक घंटे की मशक्कत और दो क्रेनों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सदर विकास खंड स्थित विकास भवन के समीप गुरुवार सुबह बिहार के न्यासी गंज से वाराणसी की ओर जा रहा ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक उसमें फंस गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ है। इसके बाद दो क्रेन मंगाई गईं। क्षतिग्रस्त केबिन को खींचकर काफी मशक्कत के बाद चालक का शव बाहर निकाला गया।
हादसे में ट्रक चालक राजू यादव (30), पुत्र जनार्दन यादव, निवासी कुम्हौरा गांव, थाना दिनारा, जिला रोहतास (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार खलासी गोलू यादव (17), पुत्र राजेंद्र यादव, गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
सदर प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि ट्रक बिहार के न्यासी गंज से वाराणसी जा रहा था। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर से टकराने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।