जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर: मिर्जापुर के दो ग्राम पंचायतों के 6 हजार लोगों तक पहुंचा नल का जल, मिली राहत
Mirzapur News: मिर्जापुर के छानबे ब्लॉक की शिवपुर और गोपालपुर ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना से अब घरों तक नियमित पेयजल पहुंच रहा है। पहले ग्रामीणों को दूर के हैंडपंपों और कुओं से पानी लाना पड़ता था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था और पानी की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Jal Jeevan Mission UP: जल जीवन मिशन के तहत छानबे ब्लॉक की ग्राम पंचायत शिवपुर और गोपालपुर के हजारों ग्रामीणों को अब घर-घर शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। वर्षों तक पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और कुओं पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों को अब अपने घरों में ही नल से पानी मिल रहा है। इससे करीब 6,074 की आबादी को बड़ी राहत मिली है।
शनिवार को जल जीवन मिशन के अधिकारियों ने शिवपुर गांव स्थित पाल बस्ती में 'हर घर नल से जल' योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कई घरों में जाकर नलों से हो रही जलापूर्ति का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं नल का पानी पीकर उसकी गुणवत्ता भी परखी और ग्रामीणों से योजना के संचालन के संबंध में जानकारी ली।
जल निगम के सहायक अभियंता (एई) श्याम बचन ने बताया कि योजना के तहत प्रतिदिन दो पालियों में जलापूर्ति की जा रही है। सुबह 7 से 9 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक दो-दो घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि शिवपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 267.23 लाख रुपये की लागत से 200 किलोलीटर क्षमता और 20 मीटर ऊंचाई की ओवरहेड पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। इस परियोजना के माध्यम से शिवपुर, गोपालपुर, मड़गुड़ा, बैदऊर सहित आसपास के मोहल्लों के हजारों लोगों तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एई कौशल कुमार और प्रोजेक्ट मैनेजर हरि मिश्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों के घरों तक पहुंचकर पाइपलाइन, नल कनेक्शन और जलापूर्ति व्यवस्था की जांच की तथा ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले पानी लाने के लिए उन्हें घर से काफी दूर स्थित हैंडपंपों और कुओं तक जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगता था। अब घर में ही नल से पानी मिलने से उनकी दिनचर्या आसान हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और नियमित पेयजल पहुंचाना है, जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है।