UP: थप्पड़ का बदला लेने के लिए रची हत्या की साजिश, पीठ छेदकर निकली गोली; गैंग चलाते थे दो दोस्त
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हुए गोली कांड के बाद स्थानीय पुलिस लगातार आरोपियों के खिलाफ दबिश दे रही थी। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, ऋषि प्रताप और आरोपी गोलू मिलकर गैंग चलाते थे।
विस्तार
UP Crime: दोहरीघाट थाना के चक्रेश्वर गांव में बीते 23 अप्रैल की शाम हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने बुधवार को ही मुखबीर की सूचना पर चार अभियुक्तों का गिरफ्तार किया, जबकि गैंग लीडर की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीम छापेमारी में जुटी रही।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गोलीकांड के बाद घायल ऋषि प्रताप के पिता रामप्यारे की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच जुटी थी। गोली कांड में घायल के हाथ को छूकर गोली पीठ को पार कर गई थी।
बुधवार को अहिरानी बुजुर्ग के पास से मुखबीर की सूचना पर अखिलेश चौहान निवासी सुल्तानपुर थाना घोसी, मिथलेश चौहान निवासी जमुनीपुर थाना दोहरीघाट, कमलेश यादव निवासी जमुनीपुर थाना दोहरीघाट और दीपक कुमार निवासी जमालपुर बिक्कमपुर थाना घोसी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
तलाशी के दौरान चारों के पास से एक पिस्टल भी बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान चारों ने बताया कि गोलू उर्फ गोल्डेन उर्फ रामसुंदर एक गैंग का संचालन करता है, जिसके लिए हम सभी मिलकर काम करते हैं। गैंग के सदस्यों का काम लोगों से पैसा वसूलना है। बताया कि पहले ऋषि प्रताप और गोलू एक ही गैंग में काम करते थे।
बीते छह माह पहले दोनों में पैसे की लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। उसी दौरान ऋषि प्रताप ने गोलू को थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से नाराज होकर गोलू ने ऋषि प्रताप के हत्या की साजिश रची थी।
योजना के अनुसार बीते 23 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे तीन बाइक पर सवार होकर गोलू, कमलेश, अखिलेश सहित कई अन्य ऋषि के घर पहुंचे और गोलू ने ऋषि प्रताप गोली चला दी। घटना के बाद हम सभी लोग बाइक से वहां से भाग गए। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया गया है। गैंग लीडर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।
