नेशनल हाईवे बना स्टंट हाईवे: बाइक से निकली आग, कार की छत पर युवक, वीडियो वायरल; होगी कार्रवाई
Azamgarh News: यूपी के आजमगढ़ जिले में नेशनल हाइवे पर बाइक स्टंट के काफी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, जिला प्रशासन ने वीडियो की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: आजमगढ़ जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में युवक नेशनल हाईवे और अन्य प्रमुख सड़कों पर तेज रफ्तार बाइक और चार पहिया वाहनों से जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक बाइक का अगला पहिया उठाकर हाईवे पर काफी दूर तक बाइक दौड़ा रहे हैं। स्टंट के दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजरते दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। वहीं एक अन्य वीडियो में मॉडीफाई साइलेंसर लगी बाइक से आग की लपटें निकलती नजर आ रही हैं। तेज आवाज और आग उगलती बाइक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
होगी कार्रवाई
इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें काले रंग की कई चार पहिया गाड़ियां दिखाई दे रही हैं। कुछ वाहनों पर सत्ताधारी दल के स्टीकर भी लगे नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक चलती गाड़ी की खिड़कियों से बाहर लटकते दिख रहे हैं, जबकि एक वीडियो में कुछ युवक वाहन की छत पर खड़े होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
इन वीडियो के वायरल होने के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि सड़क पर स्टंट करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर युवकों और वाहनों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।