Sport News: डिवीजन क्रिकेट में दबंग-11 की तीसरी जीत, केजीएफ-11 को 3 विकेट से हराया; पढ़ें अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी के प्रमुख स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्हें सम्मान के साथ प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Sports News in Hindi: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल में डिवीजन चैंपियन क्रिकेट लीग में शनिवार को दबंग और केजीएफ एकादश के बीच मैच खेला गया। इसमें लगातार तीसरे मैच दबंग एकादश को जीत मिली।
दबंग एकादश ने 182 रन का लक्ष्य हासिल कर केजीएफ को तीन विकेट से हरा दिया। इस जीत के सूत्रधार मैन ऑफ द मैच रामप्रवेश यादव रहे। उन्होंने 24 गेंद पर 77 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
टॉस जीतकर केजीएफ एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 181 रन बनाए। केजीएफ एकादश की ओर से संतोष यादव ने 48 गेंद पर 10 चौके और चार चक्के की मदद से 80 रन, संजय साहू ने 27 गेंद पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन और राजकुमार ने 18 रन बनाए। दबंग एकादश की तरफ से रामप्रवेश ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट और सुनील ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए।
13.5 ओवर में ही हासिल कर लिया लक्ष्य
लक्ष्य का पीछा करते हुए दबंग एकादश की टीम ने 13.5 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन बनाकर तीन विकेट से मैच जीतकर 2 अंक हासिल किए। दबंग एकादश की ओर से रामप्रवेश यादव ने 24 गेंद पर 8 चौके और 7 छक्के की मदद से से 77 रन बनाए। अनिल यादव ने 18 गेंद पर आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 53 रन की पारी खेली। टीम के खिलाड़ी वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेंद्र पाल ने 23 रन बनाए। केजीएफ एकादश के रामप्रवेश ने चार ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट और संतोष ने चार ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट लिए। दबंग एकादश के रामप्रवेश यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ मंडल सिग्नल और दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय ने दिया।
चार बार के चैंपियन अंडर-14 में खेलेंगे
वाराणसी। अंडर-12 सब जूनियर वर्ग के चार बार के टेनिस चैंपियन आयुष्मान पाठक पहली बार अंडर-14 आयु वर्ग की अखिल भारतीय टेनिस प्रतियोगिता में खेलेंगे। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता लखनऊ के गोमती नगर में खेली जाएगी। 17 मई को क्वालिफाइंग राउंड होगा। इसके बाद 18 मई से मेन ड्रॉ शुरू होगा। कोच बृजभूषण यादव ने बताया कि अंडर-14 वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता 18 से 22 मई तक विनय खंड मिनी स्टेडियम में खेली जाएगी। आयुष्मान ने इस मैदान पर अंडर-12 में लगातार तीन एकल और एक युगल मुकाबले में जीते हैं।
122 खिलाड़ियों का 20 मई को सम्मान
वाराणसी। चैंपियन ऑफ द फ्यूचर के तहत 20 मई को विकास इंटर काॅलेज के खेल परिसर में कई खेलों के सब जूनियर और जूनियर वर्ग के 122 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशा सिंह ने बताया कि विकास एजुकेशनल ग्रुप वाराणसी के चेयरमैन डॉ. एके सिंह मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि इस साल स्कूली खेलों में 54 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया इसमें से 23 ने स्वर्ण पदक जीता।
गैर मान्यता वाले क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने पर होगी कार्रवाई
यूपी क्रिकेट एसोसिएशन ने वाराणसी ओर चंदौली जिले के सभी पंजीकृत क्रिकेट क्लब और पंजीकृत क्रिकेट खिलाड़ियों को अनाधिकृत क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने पर रोक लगा दी है। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक जावेद अख्तर खान ने खिलाड़ियों को मान्यता प्राप्त क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने की अपील की। इस संबंध में उन्होंने शनिवार को एडवाइजरी जारी की।
पीपी आनंद मिश्र ने बताया कि खिलाड़ी केवल वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त क्रिकेट प्रतियोगिता ही भाग ले सकते हैं। गैर पंजीकृत क्रिकेट क्लब से खेलने वाले खिलाड़ियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अवैध टूर्नामेंट में खेलने पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मान्यता प्राप्त किसी भी प्रतियोगिता, ट्रायल में खेलने से रोक लगा देगा।
लॉयन क्लब ने यूनिटी क्लब को 5 गोल से हराया
राष्ट्रीय खिलाड़ी तनु यादव के शानदार दो गोल की बदौलत लाॅयन क्लब ने शनिवार को हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में खेली जा रही पूर्व विधायक रामजीत राजभर जिला स्तरीय अंडर 14 बालिका हॉकी प्रतियोगिता में यूनिटी क्लब को 5-0 से हरा दिया। विरोधी टीम पूरे मैच में डेढ घंटे तक एक भी गोल करने में नाकाम रही।
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में हुए मैच में खेल के सातवें मिनट में राष्ट्रीय खिलाड़ी तनु यादव ने शानदार गोल कर लाॅयन क्लब को 1-0 की बढ़त दिला दी। लाॅयन की आंचल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में फिर तनु ने गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। खेल के 35वें और 38वें मिनट में लाॅयन की अंजली ने ताबड़तोड़ दो गोल कर टीम का स्कोर 5-0 कर मैच जीत लिया।
शतरंज-योगासन में डब्ल्यू एच स्मिथ की टीम चैंपियन
वाराणसी। सिगरा के डब्ल्यू एच स्थित स्कूल में आईसीएससीई बोर्ड की जोनल शतरंज और योगासन प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके शतरंज में 220 और योगासन में 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल की टीम शतरंज और योगासन टीम सर्वाधिक पदक जीतकर ओवरऑल विजेता बनी। कोच इसरार ने बताया कि यह प्रतियोगिता सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के तीन आयुवर्ग अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक बालिका वर्ग में खेली गई। 22 मैच ऑफिशियिल ने प्रतियोगिता संपन्न कराई।