पीएम मोदी के आह्वान पर आजमगढ़ में लॉक डाउन प्रभावितों की मदद के लिए हो रहा कुछ ऐसा
देश के साथ ही आजमगढ़ में भी लॉकडाउन की वजह से बहुत सारे परिवार रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों में फंस गए हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में ऐसे जरूरतमंदों, गरीब परिवारों के मदद की अपील कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री की अपील पर आजमगढ़ जिले में व्यक्तिगत के साथ ही कई सामाजिक संगठनों की ओर से गरीब और दैनिक मजदूरी करके अपना और अपने परिजनों का भरण-पोषण करने वालों को अनाज के साथ ही भोजन उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद में पंजीकृत श्रमिकों की संख्या 20000 के आसपास है। निर्माण क्षेत्र से संबंधित इन श्रमिकों को श्रम विभाग की ओर से ₹1000 रुपये देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और लगभग 7000 श्रमिकों के खाते में धनराशि भेज दी गई है।
वही असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों की संख्या इससे लगभग 10 गुना ज्यादा है और ये लोग कोरोना से बचाव के लिए प्रभावी लॉकडाउन से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर प्रयास अनाज बैंक, भारत रक्षा दल की ओर से जरूरतमंदों की मदद की जा रही है।
प्रयास सामाजिक संगठन की ओर से अपने अनाज बैंक संस्था से कई लोगों को राशन दिए जा रहे हैं। काफी मात्रा में अनाज के पैकेट तैयार किए गए हैं और वितरण भी शुरू हो गया है। मोहम्मदपुर ब्लाक क्षेत्र में अंबिका सेवा संस्थान की ओर से असहाय लोगों की मदद की जा रही है जरूरतमंदों को राशन और घरेलू जरूरत के अन्य सामान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसी तरह से भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आजमगढ़ नगर क्षेत्र में भोजन का पैकेट बांटा जा रहा है। भारत रक्षा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिकेश विक्रम ने बताया कि जरूरतमंदों की जांच-पड़ताल करके उन्हें राशन सब्जी आदि उपलब्ध करवाया जा रहा है। साथ ही हम लोगों ने नगर क्षेत्र में ऐसे लोग जो खाना बनाने में अक्षम हैं उनको भोजन का पैकेट घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है। आज 25 लोगों को भोजन का पैकेट पहुंचाया गया।

कमेंट
कमेंट X