Sports News: हॉकी...आठ एकेडमी के 96 खिलाड़ियों ने दिखाया स्ट्रोक प्ले, विवेक हॉकी एकेडमी चैंपियन; खबरें
Varanasi News: वाराणसी में आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हाॅकी, क्रिकेट, फुटबाॅल जैसे खेलों में खिलाड़ी जिले के बाहर जाकर भी खेल रहे हैं।
विस्तार
खेल विभाग की ओर से जिलास्तरीय हॉकी प्रतियोगिता मंगलवार दोपहर लालापुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेली गई। प्रतियोगिता में जिले की अलग-अलग आठ एकेडमियों के 96 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबला गंगापुर और विवेक हॉकी एकेडमी के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इस वजह से मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें मृदुल के निर्णायक गोल से विवेक एकेडमी की टीम ने गंगापुर को 4-3 से हरा दिया। मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे गोलपोस्ट पर हमले किए।
मैच के 9वें मिनट में रफ खेल के लिए गंगापुर की टीम ने पेनल्टी काॅर्नर हासिल किया लेकिन विवेक एकेडमी के गोलकीपर ने इसका बचाव कर लिया। निर्धारित समय तक गोल न होने के कारण मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें विवेक एकेडमी ने गंगापुर को 4-3 से हरा दिया।
विवेक की ओर से पहले तीन गोल अमन यादव, रोहित, गौरव ने किए जबकि गंगापुर की ओर से जीयुत, कुणाल, आरीफ ने गोल किए। इसके बाद विवेक एकेडमी के मृदुल ने निर्णायक गोल कर टीम को 4-3 से जीत दिला दी। अंपायर रफीक अहमद, रंजीत यादव और रोहित पटेल रहे।
मंडलीय टीम के लिए 60 ने दिया ट्रायल
मंडलीय टीम का हिस्सा बनने के लिए जिले के 60 खिलाड़ियों ने मंगलवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में ट्रायल दिया। कोच अंकित गुप्ता ने बताया कि 40 खिलाड़ियों को मंडलीय ट्रायल के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। मंडलीय टीम में चयनित सब जूनियर बालक वर्ग के खिलाड़ी लखनऊ में 13 से 18 मार्च तक खेली जाने वाली प्रोदशिक हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
11 सदस्यीय जिमनास्टिक टीम गोरखपुर रवाना
खेल विभाग और जूडो संघ के समन्वय से प्रादेशिक जिमनास्टिक प्रतियोगिता 11 से 13 मार्च तक वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए वाराणसी के खिलाड़ियों का दल मंगलवार शाम गोरखपुर रवाना हुआ। प्रतियोगिता में वाराणसी के 11 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
कोच अतुल शाही ने बताया कि जिमनास्टिक खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सोमवार शाम सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। इसमें प्रदर्शन के आधार पर कुल 11 खिलाड़ियों का चयन प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए हुआ। इसके बालिका वर्ग में पांच और बालक वर्ग में छह खिलाड़ी शामिल हैं। आरएसओ विमला सिंह, कनाई चंत तालापात्रा, अखिलश रावत ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
10 भारवर्ग में खेली जाएगी जिलास्तरीय कुश्ती
खेल विभाग और वाराणसी कुश्ती संघ के समन्वय से जूनियर बालक-बालिका कुश्ती 13 से 14 मार्च तक सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। इसमें खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्ग में हिस्सा लेंगे। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि बालिका वर्ग में 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 और 76 किलो भार वर्ग में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बालक वर्ग के फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 और 125 किलो में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
साई सेंटर में होगा महिला कुश्ती का चयन ट्रायल
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज, तुलसीपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महिला कुश्ती सेंटर में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय की प्रधानाचार्य के अनुसार चयन ट्रायल 12-13 मार्च को होगा। इसमें पहले दिन खिलाड़ियों के प्रमाण पत्रों की जांच और दूसरे दिन खिलाड़ियों की तकनीक और फिजिकल का परीक्षण होगा। साई के आवासीय कुश्ती छात्रावास में प्रवेश के लिए खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार, खेल उपलब्धि से संबंधित प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट फोटो और मेडिकल फिटनेस लेकर आना होगा।
चार बाजी जीतकर रुद्र बने अंडर 13 के चैंपियन
कैंटोनमेंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में मंगलवार दोपहर जिला शतरंज एसोसिएशन की ओर से अंडर-13 बालक बालिका वर्ग की प्रतियोगिता खेली गई। पांच दिवसीय जिला शतरंज चैंपियनशिप के चौथे दिन रुद्र प्रताप श्रीवास्तव एक ड्रॉ और चार जीत से चार अंक लेकर चैंपियन बने। रुद्र और स्वर श्रीवास्तव के बीच हुआ शतरंज का पांचवा और अंतिम राउंड ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ी वाराणसी शतरंज टीम में चुन लिए गए।
इसमें स्वर श्रीवास्तव उपविजेता और आरव सिंह तीसरे स्थान पर रहे। इसमें अहान कुमार सिंह क्रमशः चौथे और हर्ष खेतान पांचवें स्थान पर रहे। अंडर 13 बालिका वर्ग में श्रेयांशी चौधरी 3.5 अंकों से चैंपियन और यशिका प्रताप सिंह 2.5 अंकों से दूसरे स्थान पर रहीं। इस प्रकार इन दोनों ने भी वाराणसी टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया। अनन्या सिंह चौहान, अन्वी श्रीवास्तव और सयाली अग्रवाल क्रमशः तीसरे से पांचवें स्थान पर रहे।
ओम के प्रदर्शन से विवेक क्लब अगले दौर में
बाबू तेलंग मेमोरियल जिला क्रिकेट लीग का मैच विंध्यवासिनी क्रिकेट क्लब और विवेक सिंह क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें विंध्यवासिनी क्रिकेट क्लब की टीम पहले बैटिंग करते हुए 28.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के शिवम यादव ने 41 रनों का योगदान दिया। जबकि विवेक क्लब के मार्कंडेय ने 4 और ओम वर्मा ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे विवेक क्रिकेट क्लब के ओम वर्मा ने 39 गेंद पर नाबाद 61 रन बनाकर टीम को 12.4 ओवर में जीत दिला दी। ओम ने 15 रन देकर दो विकेट भी लिए और मैन ऑफ द मैच बने।
क्रिकेट के बालिका वर्ग में वाराणसी विजयी
मीडिया प्रभारी अनूप द्विवेदी ने बताया कि राज्य स्तरीय बेसिक क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में बालक वर्ग में मेरठ वारणसी को हराकर चैंपियन बनी। बालिका वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में वाराणसी और चित्रकूट के बीच टक्कर हुई। चित्रकूट ने निर्धारित ओवरों में 27 रन बनाए और वाराणसी की टीम ने आसानी से मैच को जीत लिया। 17 रन बनाने वाली अदिति प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।
ग्रामीण लीग में खेलेंगे 12 जिलों के युवा खिलाड़ी
युवा कल्याण विभाग की ओर से ग्रामीण लीग की आठ स्पर्धा में जिले के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जोन स्तरीय ग्रामीण खेल 13 से 14 मार्च तक होगा। इसमें वाराणसी के अलावा गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मीरजापुर, भदोही, सोनभद्र जिले के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें कुल 12 संसदीय क्षेत्रों के सांसद खेल स्पर्धा के विजेता खिलाड़ी भी खेलेंगे।
जिला युवा कल्याण अधिकारी नितीश कुमार राय ने बताया कि लालापुर के डाॅ भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, कबड्डी, फुटबॉल जबकि कुश्ती, वॉलीबॉल, जूडो और बैडमिंटन स्पर्धा विकास इंटर कॉलेज मैदान पर खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए सुबह नौ बजे से पंजीकरण कराना होगा।
सिगरा स्टेडियम में छह दिन में होंगी आठ स्पर्धाएं
खेल विभाग की ओर से सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 13 से 16 मार्च तक 8 खेलों में 1500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने आयोजन सूची जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि बालक-बालिका वर्ग की जिलास्तरीय प्रतियोगिता 13 मार्च से शुरू होगी।
आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बताया कि खिलाड़ियों को मौके देने के लिए प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। आरएसओ के अनुसार अधिक से अधिक मैच खेलने से खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे।
आरएसओ ने बताया कि हॉकी और हैंडबॉल की प्रतियोगिता लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेली जाएगी। जूनियर बालिका वर्ग की हॉकी 11 मार्च को शाम तीन बजे से खेली जाएगी। बालक वर्ग की हैंडबॉल 13 मार्च और बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 14 मार्च को खेली जाएगी। इनमें सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
| स्पर्धा | बालक | बालिका |
| फुटबॉल | 12 मार्च | 13 मार्च |
| एथलेटिक | 14 | 14 |
| जूडो | 13 | 13 |
| टेबल टेनिस | 11 | 11 |
| मुक्केबाजी | 14 | 15 |
| बास्केटबॉल | 13 | 14 |
| जिमनास्टिक | 14 | 14 |
| कुश्ती | 14 | 15 |
300 महिलाएं खेलीं, दाैड़ में कला संकाय सबसे तेज
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित खेल उत्सव मंगलवार को संपन्न हुआ। 50 मीटर दौड़ में प्रथम दोनों पुरस्कार कला संकाय की कृपानिधि कुमारी गौतम और मान्या बैरागी ने जीते। प्रतियोगिता के अंतिम दिन दाैड़ के अलावा बैडमिंटन, स्लो साइकिल रेस, रस्साकशी, होलिस्टिक वेलनेस कैंप का आयोजन हुआ।
समापन समारोह से पूर्व प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार किया। इसके बाद ज़ुम्बा, म्यूजिकल चेयर और वेलनेस कैंप लगा। बैडमिंटन सिंगल्स टीचिंग वर्ग में एकल में आर्य महिला पीजी कॉलेज की डॉ. रितिका सिंह ने चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) की डॉ. श्रुति त्रिवेदी को सीधे सेट में 11-5, 11-9 से हरा दिया। तीसरा स्थान भी आईएमएस डेंटल की डॉ. सरिता परिहा को मिला।
50 मीटर दौड़ (छात्रा) में पहला और दूसरा स्थान कला संकाय की कृपानिधि कुमारी गौतम और मान्या बैरागी ने हासिल किया जबकि तीसरा स्थान आर्य महिला पीजी कॉलेज की प्रतिभा सिंह राणा ने जीता। रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) रस्साकशी प्रतियोगिता में प्रो. अर्चना सिंह के नेतृत्व वाली एमएमवी की टीम जीती। रस्साकशी में प्रो. अर्चना सिंह के नेतृत्व वाली एमएमवी की टीम जीती।
प्रतियोगिता में बीएचयू और इससे संबंधित कॉलेज के करीब तीन सौ छात्राओं और स्टाफ ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कुल सचिव प्रो. अरुण कुमार और विशिष्ट अतिथि प्रो. रीता सिंह ने प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया। अतिथियों का स्वागत विवि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा ने किया।