#Corona के खिलाफ जारी जंग में Lock down का पालन नहीं करने वाले सख्ती के लिए रहें तैयार
कोरोना के खिलाफ जारी जंग में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा का मानना है कि वाराणसी के लोग जिस तरह एकजुटता दिखा रहे हैं, ऐसे में यह बहुत छोटी विपत्ति ही साबित होगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लॉक डाउन का पूरी तरह पालन करें और ऐसा नहीं करने वाले लोग व मोहल्ले आगामी दिनों में सख्ती के लिए तैयार रहें। उन्होंने चेतावनी दी है कि लॉक डाउन का उल्लंघन करने वाले मोहल्लों में लॉक डाउन की अवधि बढ़ाई जा सकती है। वाराणसी और बाहर से आए लोगों ने उन्होंने अपील की, अगर सर्दी, जुकाम या बुखार का लक्षण दिखाई दे तो अपने परिवार की सलामती के लिए निसंकोच जांच कराएं।
अमर उजाला से शनिवार को विशेष बातचीत में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने वाराणसी के लोगों के आश्वस्त किया कि कोरोना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। सबका इलाज संभव करने के लिए पेड सहित अन्य संसाधन उपलब्ध हैं। यदि कोई मरीज पॉजिटिव भी आए तो पैनिक होने की जरुरत नहीं है। उन्होंने बताया कि वाराणसी का पहला मरीज निगेटिव हो गया है और अब तक ऐसा कोई केस सामने नहीं आया है जिसमें वेंटीलेटर की जरुरत पड़ी है।
उन्होंने बताया कि कोरोना का इलाज संभव है और पहले से बीमार व बुजुर्गो के लिए जरूर थोड़ा खतरा है। जिलाधिकारी ने बताया कि अगर किसी को कोरोना को लेकर को संशय हो तो अपनी स्क्रीनिंग अवश्य कराएं। ऐसा मत सोचे कि ऐसे में कोई उन्हें प्रताड़ित करेगा या लोग मजाक उड़ाएंगे। इससे आपका परिवार सुरक्षित रहेगा। बाहर से आने वालों की भी सूचना दें कि पुलिस आदि के माध्यम से उनकी जांच कराई जाए। उन्होंने अपील की कि लॉक डाउन एक तरह का होम क्वारंटीन है और इसमें बिना जरुरत घर से बाहर नहीं निकले, क्योंकि घर से बाहर निकलने में संक्रमण का खतरा रहता है।
घर में काम करने वाले नौकर, दाई और अन्य लोगों को भी नहीं बुलाएं। इससे कोरोना संक्रमण होम क्वारंटीन के वक्त भी घर पहुंचने की आशंका हो सकती है। जिले में 14 हजार लोग होम क्वारंटीन किए गए हैं, कोरोना के पहले मरीज के गांव को भी क्वारंटीन किया गया था। लॉक डाउन में जरूरी सेवाओं में भी आगाह किया है। रोजमर्रा की जरुरतों के अलावा कोई भी सेवा उपलब्ध नहीं होगी। मगर, लोग दुरुपयोग कर रहे हैं, मंडी में भीड़ लगाते हैं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। अगर वायलेशन करेंगे तो कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने बताया कि तब्लीगी जमात में शामिल दो व्यक्तियों के कोरोना पाजिटीव होने के बाद मदनपुरा और लोहता में कर्फ्यू लगाया गया है।
कोई भूखा दिखे तो हमें बताएं
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने वाराणसी के स्वयंसेवी, व्यापारी संगठन सहित अन्य संस्थाओं की तारीफ की और कहा कि लोगों दूसरे की मदद के लिए आगे आए हैं। प्रतिदिन नौ हजार पैकेट सामाजिक सहायता से मिल रहे हैं और चार हजार लोग अनजान रुप से सहायता कर रहे हैं। जाति धर्म का बंधन तोड़कर लोग मदद को आगे आए हैं। फूड पैकेट के अलावा राशन किट का वितरण भी किया गया है। इसके अलावा कोई भूखा दिखे तो कंट्रोल रुम 1077 या 0542-2508585 पर फोन करें। कंट्रोल रुम में मेडिकल, पुलिस, राशन सहित अन्य आपूर्ति की सहायता मिलेगी।
कीमत ज्यादा हो तो सामान खरीदने में रखें धैर्य
डीएम ने बताया कि जरूरी सेवाओं के लिए प्राइज लिस्ट जारी की जाती है। व्यापारियों से बैठक कर समन्वय किया जा रहा है। मगर अफवाह के कारण लोग एक ही दिन सामान खरीदने उमड़ते हैं और रेट ज्यादा हो जाता है। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन की व्यवस्था समझें और सामान की कीमतों में अचानक तेजी होने पर इंतजार करें। लॉक डाउन में मजिस्ट्रेट तैनात हैं और पुलिस के खिलाफ आई शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई है।
सामूहिक शक्ति होगी तो जरूर जीतेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील में सहयोग करें। जनता कर्फ्यू के बाद थाली बजाकर अभिवादन की तर्ज पर पांच अप्रैल को रात नौ बजे लाइट बंद कर नौ मिनट मोमबत्ती जलाने के अभियान में शामिल हो। यह एक देश एक टीम का संदेश है। एकजुटता से ही वाराणसी में कोरोना की जंग जीत लेंगे।

कमेंट
कमेंट X