ट्रंप टैरिफ: सोना-चांदी के बढ़ते दाम से परेशान हुए खरीदार, 7 दिन में पांच हजार बढ़ा भाव; दुकानदार भी सकते में
Trump Tariff News: अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इन दिनों सोने-चांदी के बढ़े हुए भाव को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। व्यापारी भी हैरान हैं। बताया कि लग्न में ग्राहक कैसे खरीदारी करेंगे, यह समय ही बताएगा।

विस्तार
अमेरिकी ट्रंप टैरिफ के चलते अंतरराष्ट्रीय मार्केट में उठापटक के कारण सोना-चांदी का भाव बेलगाम है। सोना अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंचता जा रहा है। शिखर पर सोने और चांदी की चमक बढ़ती जा रही है। सराफा भाव सुनकर सहालग की तैयारियों में जुटे लोग सकते में हैं।

वहीं, दुकानदार भी इस असमंजस में है कि सोने-चांदी के भाव अभी और बढ़ेंगे या कीमत कम होगी। सराफा बाजार में तेजी के चलते खरीदार भी कंफ्यूज हैं। वाराणसी सराफ एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने बताया कि अभी खरीदारी कर लेना ही बुद्धिमानी होगी। क्योंकि आगे एक लाख के पार सोने का भाव जा सकता है।
उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के जिलामंत्री किशोर सेठ ने बताया कि कहा कि पहले मध्यम वर्गीय परिवार के लोग शादी-विवाह में छह से सात लाख के आभूषण बनवाते थे, अब उन्हें नौ से दस लाख रुपये में आभूषण खरीदने पड़ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने बताया कि लग्न में लोगों को इंतजार है कि भाव लुढ़केगा तो आभूषण बनवाएंगे लेकिन कीमतें बढ़ती जा रही हैं। सराफा कारोबारी किशोर सेठ ने बताया कि हफ्ते भर में सोना 5200 और चांदी की कीमत 4700 के पार पहुंच गई है। अब भाव में लगातार तेजी बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
सोने-चांदी के रेट
तिथि | सोना | चांदी |
7 अप्रैल | 91100 | 92500 |
8 अप्रैल | 91500 | 93650 |
9 अप्रैल | 94150 | 93700 |
10 अप्रैल | 95150 | 95150 |
11 अप्रैल | 96550 | 95800 |
12 अप्रैल | 97150 | 97150 |
14 अप्रैल | 96300 | 97200 |