Varanasi News: ऑटोमेटिक सिग्नल के काम के लिए दो ट्रेनें निरस्त, तीन के बदले गए रूट; इस दिन तक नहीं चलेंगी
Varanasi News: दो दिनों तक गोरखपुर कैंट-भटनी का सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतें होंगी। रेलवे ने उनके लिए व्यवस्था कर दी है। इसी क्रम में, अयोध्या कैंट से 12 से 21 मार्च तक हर दिन 10 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है।
विस्तार
UP News: पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से गोरखपुर कैंट-भटनी रेल खंड स्थित देवरिया सदर-नूनखार स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया गया है। इस वजह से रेलवे की ओर से दो ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि तीन का मार्ग बदलकर चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली के लिए होने वाले काम में कोई परेशानी न हो, इसे लेकर ट्रेन नंबर 15103 गोरखपुर-बनारस एक्सप्रेस 11 मार्च को निरस्त रहेगी। इसके अलावा 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस 12 मार्च को नहीं चलेगी।
गोरखपुर से 11 मार्च को चलने वाली 19490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस भटनी से चलाई जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर से भटनी के बीच निरस्त रहेगी। साथ ही गोरखपुर कैंट से 11-12 मार्च को चलने वाली 15129 गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस भटनी में ही यात्रा समाप्त करेगी।
यह ट्रेन भटनी से गोरखपुर कैंट के बीच निरस्त रहेगी। दूसरी ओर वाराणसी सिटी से 11-12 मार्च को चलने वाली 15130 वाराणसी सिटी-गोरखपुर कैंट एक्सप्रेस भटनी से चलाई जाएगी। इस ट्रेन को गोरखपुर कैंट से भटनी के बीच निरस्त किया गया है।
आज से 21 मार्च तक चलेगी विशेष ट्रेन
रेलवे की ओर से चलाई जा रही ट्रेन नंबर 05140/05139 प्रयागराज रामबाग-अयोध्या कैंट-प्रयागराज रामबाग वाया बनारस होली विशेष गाड़ी का संचालन प्रयागराज रामबाग से 11 से 20 मार्च तक, अयोध्या कैंट से 12 से 21 मार्च तक हर दिन 10 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। इसमें 05140 प्रयागराज रामबाग से शाम 6.05 बजे प्रस्थान कर ज्ञानपुर रोड 6.55 बजे, माधोसिंह से 7.12 बजे, बनारस स्टेशन पर रात 8.10 बजे, वाराणसी सिटी से 8.35 बजे होकर अलग-अलग मार्ग से दूसरे दिन अयोध्या धाम होते हुए अयोध्या कैंट सुबह 5.35 बजे पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 05139 अयोध्या कैंट-प्रयागराज रामबाग होली विशेष गाड़ी 12 मार्च को अयोध्या कैंट से सुबह 8.35 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन वाराणसी सिटी से शाम 5.03 बजे, बनारस से 5.35 बजे, माधोसिंह से 6.10 बजे, ज्ञानपुर रोड से 6.25 बजे छूटकर प्रयागराज रामबाग शाम 7.30 बजे पहुंचेगी।