Varanasi: बिजली निगम ने स्मार्ट मीटर बदलने पर लगाई रोक, 200 रुपये निगेटिव बैलेंस पर नहीं कटेगा कनेक्शन
Varanasi News: वाराणसी में बिजली निगम ने पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर में बदलने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही अब 200 रुपये निगेटिव बैलेंस पर कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
विस्तार
बिजली निगम की ओर से पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर में बदलने पर रोक लगा दी गई है। यह व्यवस्था स्मार्ट मीटर की समस्या के समाधान के लिए गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक लागू रहेगी। इसके साथ ही 1 किलोवाट से अधिक और दो किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं को 200 रुपये निगेटिव बैलेंस या तीन दिन की अतिरिक्त अवधि (इनमें से जो भी बाद में हो) तक कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
बुधवार को भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में निदेशक वाणिज्य शिशिर कुमार और निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने बताया कि शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक और रविवार व राजपत्रित अवकाश के दिन भी बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की ओर से समय पर रिचार्ज करने पर बिजली बिल की दरों में 2 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी। बैलेंस निगेटिव होने की स्थिति में 1 किलोवाट के घरेलू उपभोक्ताओं को 30 दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा। अगर बैलेंस निगेटिव में है और किसी कारणवश कनेक्शन काटा गया है तो रिचार्ज करने के 2 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल होगी।
जिले में इस समय 1,87,247 स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उसके कॉन्फिगर न होने की समस्या के सवाल पर अधिकारियों ने कहा कि अब जो भी मीटर लगाए जाएंगे, वे पहले से कॉन्फिगर होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बदलाव के समय उपभोक्ताओं की पहले से जमा सुरक्षा धनराशि को या तो बकाए में समायोजित किया जाएगा या फिर प्रीपेड बैलेंस में जोड़ा जाएगा।
स्मार्ट मीटर और सोलर पैनल संबंधी समस्याओं को लेकर हर डिवीजन पर कैंप लगाया जाएगा। इस दौरान समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जाएगा। निगेटिव बैलेंस की वजह से कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को पांच बार मैसेज भेजा जाएगा।
