फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Attempted knife attack married woman in Varanasi four people dead

Varanasi News Today: वाराणसी में विवाहिता पर चाकू से हमले की कोशिश, चार लोगों की मौत; पढ़ें खबरें

Mon, 13 Jul 2026 11:05 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 13 Jul 2026 11:05 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के लोहता, फूलपुर, रामनगर और चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र में आठ लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और चाकू से हमला करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Attempted knife attack married woman in Varanasi four people dead
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में महमूदपुर गांव के सामने रविवार देर रात एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान प्रेमचंद पटेल (30), पुत्र नंदलाल पटेल, निवासी महमूदपुर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार वह रविवार को घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। प्रेमचंद अपने पीछे पत्नी सुमन और एक वर्ष की बेटी मोनिका को छोड़ गया है।

विज्ञापन


हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के लठिया कठिरांव गांव में रविवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से अभय कुमार सोनकर (21) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, लठिया कठिरांव निवासी अभय कुमार सोनकर (21) पुत्र रमेश सोनकर रविवार सुबह करीब सात बजे कठिरांव इंटर कॉलेज के पास किसी काम से गया था।  थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन


करंट से युवक की हुई मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के खरगीपुर ग्राम पंचायत में रविवार को घर पर पाइप लगाने के दौरान करंट लगने से आनंद पटेल (24) की मौत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। खरगीपुर निवासी आनंद पटेल अपने घर पर पाइप लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पाइप घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ट्रक की चपेट में आए दुकानदार की मौत
रामनगर थाना क्षेत्र के कोदोपुर स्थित रामेश्वर पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय बहादुर यादव की मौत हो गई। चंदौली जिले के कटेसर गांव निवासी बहादुर यादव ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बहादुर यादव कटेसर चुंगी के पास चाय की दुकान चलाते थे। वह पेट्रोल पंप की ओर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ाव की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। 

विवाहिता पर चाकू से हमले की कोशिश
कैंट थाना क्षेत्र में पीड़िता नेहा, पुत्री अब्दुल सईद ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और चाकू से हमला कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति नौशाद अली समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 27 मार्च 2016 को बिहार के सिवान निवासी नौशाद अली से हुई थी।

शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। पहले 50 हजार रुपये और बाद में 1.50 लाख रुपये की मांग की गई। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

वरुणा में गिरने वाले 48 नाले होंगे टैप
वाराणसी। वरुणा नदी के नए सिरे से विकास की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत नदी में गिरने वाले 48 नालों को टैप किया जाएगा। इस योजना के पूरा होने से न केवल नदी का पारिस्थितिकी तंत्र सुधरेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव आएंगे। स्वच्छ जल स्रोत स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी सहायक होंगे। योजना के तहत शहरी क्षेत्र के 17 खुले नालों को भी टैप किया जाएगा।

करीब पांच से आठ फीट ऊंचा रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। परियोजना को डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।  निगम के अधिशासी अभियंता एके सिंह ने बताया कि वरुणा रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद यहां के 48 नालों को टैप किया जाएगा। 

किशोरी को बहलाकर ले जाने के आरोप में प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र में किशोरी को बहलाकर साथ ले जाने के मामले में किशोरी के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पिता के अनुसार, उनकी पुत्री को 11 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे भेलूपुर निवासी रोहित कुमार शादी करने का भरोसा देकर बहलाकर अपने साथ ले गया। काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

दुष्कर्म और धमकी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
युवती से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोपी अभिषेक चौहान को मंडुवाडीह पुलिस ने रविवार को बरेका गेट के पास से गिरफ्तार किया। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रेमचंद्र नगर कॉलोनी, लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। 11 जुलाई को पीड़िता ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि अभिषेक चौहान ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। 

चार लाख रुपये के आभूषण के साथ दो गिरफ्तार
भेलूपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और राहुल सोनी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण और नौ हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दोनों को गुरुधाम चौराहे के पास कश्मीरीगंज से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और जौनपुर निवासी राहुल सोनी वर्तमान में दुर्गाकुंड क्षेत्र में रह रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी, पायल, बिछिया, कान की बाली और नाक की लौंग सहित अन्य सामान तथा नौ हजार रुपये नकद बरामद हुए। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया। 

महिला से चेन लूटने का आरोपी जेल भेजा गया
सारनाथ थाना क्षेत्र के खजुही में छह जुलाई को दुकान पर बैठी 71 वर्षीय कौशिल्या देवी से दिनदहाड़े हुई चेन लूट की घटना में गिरफ्तार आरोपी विजय चौहान उर्फ लकी निवासी छोटा लालपुर को पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को शनिवार दोपहर 12:35 बजे हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया था। घटना में शामिल दूसरे आरोपी ओमकार मिश्रा उर्फ कार्तिक की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों आरोपी पीएसी के जवान नहीं हैं। इस संबंध में पूर्व में दी गई जानकारी गलत थी। 

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, गिरफ्तार
रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से 76 हजार रुपये की ठगी करने के आरोपी लवकुश (32) को पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और इसी तरह की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायतकर्ता पूजा कुमारी ने सारनाथ थाने में तहरीर दी थी। 

आरोप है कि लवकुश (32) ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताते हुए नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में 76 हजार रुपये ले लिए। मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम सेल की ‘प्रतिबिंब’ टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की सीडीआर, सीएएफ और लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी महमूदपुर हथिनी, देवकली, गाजीपुर का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल ठगी और बैंकिंग लेनदेन में किया गया था। 

रेती पर पतंगबाजी करते चार युवक हिरासत में
गंगा रेती पर पतंग उड़ा रहे चार युवकों को पुलिस ने रविवार को हिरासत में लिया। इनमें से एक युवक का चालान किया गया, जबकि तीन नाबालिगों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने उनके पास से प्रतिबंधित मांझा भी जब्त किया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही कुछ पतंगबाज मौके से भाग गए। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जब्त किया गया मांझा प्रतिबंधित श्रेणी का था। वाराणसी और चंदौली के युवक हर रविवार को गंगा रेती पर पतंग उड़ाने के लिए इकट्ठा होते थे। 

सुपरवाइजर ने बाइक-चेन लूटने का लगाया आरोप
फूलपुर थाना क्षेत्र के कहरका गांव के पास एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर ने आधा दर्जन लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट करने तथा बाइक, सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के मलहचक गांव निवासी युवक शिवपुर स्थित एक निजी एग्रो कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार रात ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से घर लौट रहा था। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रारंभिक जांच में मामला लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

घर से नकदी लेकर निकली छात्रा, प्राथमिकी 
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। आरोप है कि वह घर से 20 हजार रुपये नकद और अपनी मां के आभूषण भी साथ ले गई। परिजनों ने काफी तलाश के बाद भी छात्रा का पता नहीं चलने पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

खाद की किल्लत, कपड़े उतारकर प्रदर्शन
खाद की किल्लत को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को सिगरा थाने के बाहर कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता हरीश मिश्रा ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को संबोधित ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों के भीतर किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बनारस सहित पूरे पूर्वांचल में डीएपी, यूरिया और पोटाश जैसी खादों की भारी किल्लत है। आरोप लगाया कि खाद की कालाबाजारी की जा रही है। धान और अन्य फसलों की बोआई के इस पीक सीजन में कई सहकारी समितियों पर ताले लटके हैं, जिससे जिले भर के किसान परेशान हैं। 

शराब के ठेके के विरोध में किया प्रदर्शन
चोलापुर थाना क्षेत्र के मंगोलेपुर गांव में प्रस्तावित शराब के ठेके के विरोध में रविवार को ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। करीब 60 महिलाओं ने ठेके पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा, मर जाएंगे, लेकिन शराब का ठेका नहीं खुलने देंगे। विरोध के दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में एहतियातन ठेके को बंद करा दिया गया। 

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि वे पिछले 15 दिनों से लगातार ठेके का विरोध कर रही हैं, लेकिन आबकारी विभाग ने उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि शराब की दुकान का लाइसेंस है और उसका संचालन नियमानुसार स्वीकृत स्थान पर किया जा रहा है, जिसका महिलाएं विरोध कर रही थीं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं से जिलाधिकारी के समक्ष अपनी बात रखने को कहा गया। 

बहनों का पीछा करते कॉलोनी तक पहुंचे
कैंट थाना क्षेत्र में दो बहनों का बाइक सवार युवकों ने पीछा किया और कॉलोनी तक पहुंच गए। बहनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दोनों बहनें कैंट क्षेत्र से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे। आरोप है कि दोनों युवक रास्ते भर इशारे करते रहे, अभद्र टिप्पणियां कीं और गालियां भी दीं। दोनों बहनों ने युवकों की हरकतों का विरोध किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी उनके पीछे-पीछे गली तक पहुंच गए। वहां भी उन्होंने विवाद किया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 

बेटे और उसके साथियों पर चोरी का आरोप 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कला गांव में घर पर भोजन करने आए युवकों पर अलमारी से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी करने का आरोप है। पीड़िता ने अपने बेटे समेत तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। बर्थरा कला निवासी संगीता सिंह के अनुसार, 25 जून को उनका बेटा संज्ञान सिंह उर्फ गोलू अपने दो दोस्तों अंश चौबे निवासी मुरीदपुर और अमन सिंह निवासी बर्थरा कला के साथ घर पर भोजन कर रहा था।

आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने मिलकर घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। तहरीर के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बेटे ने स्वीकार किया कि अलमारी से निकाले गए गहने और नकदी उसने अपने दोनों साथियों अंश चौबे और अमन सिंह को दे दिए थे। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। 

बिहार में बेचता था आभूषण, 3.50 लाख रुपये और चोरी की बाइक बरामद
मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी असलम को रामनगर पुलिस ने रविवार को विश्वमित्रनगर कॉलोनी से गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.50 लाख रुपये, चोरी की बाइक, फर्जी नंबर प्लेट समेत अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपी बनारस में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद आभूषण बिहार में बेच देता था, ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सके।

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पड़ाव के सूजाबाद का निवासी है। वर्तमान में वह शिवपुर थाना क्षेत्र की चांदमारी स्थित वीडीए कॉलोनी में रह रहा था। उन्होंने बताया कि असलम कोई साधारण चोर नहीं है। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली कि आरोपी चोरी की बाइक से कहीं भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे विश्वमित्रनगर कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। 

कंदवा गेट रोड पर ईवी खराब एक घंटे तक लगा रहा जाम
बरेका के पहाड़ी गेट पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण कंदवा गेट पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इसी बीच रविवार देर शाम सड़क पर एक ईवी कार खराब हो जाने से करीब एक घंटे तक पूरा मार्ग जाम रहा। लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को 10 मिनट का सफर तय करने में एक घंटे का समय लगा। बाहरी लोगों के साथ-साथ आसपास की कॉलोनियों के हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। जाम खुलवाने के लिए चौकी प्रभारी, दो दरोगा और चार पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शाम 7:30 बजे से लगा जाम रात 8:40 बजे के बाद सामान्य हो सका।

पुलिस के अनुसार, पहाड़ी गेट पर मरम्मत कार्य चल रहा है। ऐसे में कंदवा गेट पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। रविवार शाम करीब 7:30 बजे एक इलेक्ट्रिक कार बीच रास्ते में खराब हो गई, जिससे जाम लग गया। मौके पर पुलिसकर्मियों के साथ राहगीर भी जाम खुलवाने में जुटे रहे। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि करीब एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंदवा गेट पर आरपीएफ जवानों की ड्यूटी रहती है, लेकिन वे दिखाई नहीं देते। स्थिति बिगड़ने के बाद ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचते हैं।

कई इलाकों में 4 घंटे बिजली रहेगी बाधित
शहर के कई क्षेत्रों में सोमवार को तीन से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। लेढ़ूपुर उपकेंद्र के आशापुर, दौलतपुर, लालपुर फीडर की बिजली आपूर्ति सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगी। वहीं, 33 केवी कोटवा लाइन पर गार्डिंग का कार्य भी सोमवार को किया जाएगा। इसके लिए कोटवा उपकेंद्र से संचालित 11 केवी महेशपुर और 11 केवी फुलवरिया फीडर पर सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चार घंटे का शटडाउन रहेगा। विद्युत निगम ने कहा है कि कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। 

साफ हुई हवा, शहर का एक्यूआई 52
शहर का औसत एक्यूआई रविवार को 52 दर्ज किया गया। इसका कारण वायु प्रदूषण का स्तर कम होना है। कुछ समय से शहर में वायु प्रदूषण का स्तर अधिक बना हुआ था। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि संतोषजनक वायु गुणवत्ता का अर्थ है कि हवा में प्रदूषकों की मात्रा कम है। बरसात के दौरान लगातार एक्यूआई में सुधार देखने को मिल सकता है। रविवार को वाराणसी में अर्दली बाजार का एक्यूआई 52, भेलूपुर का 62, बीएचयू का 47 और मलदहिया का 46 दर्ज किया गया। 

बिजली समस्या पर 1912 पर करें काॅल
वाराणसी जिले में बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। नया कनेक्शन लेने, स्मार्ट मीटर संबंधी गड़बड़ी, गलत बिजली बिल के साथ ही सोलर संबंधी समस्याओं को लेकर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। स्थानीय स्तर पर भिखारीपुर एमडी कार्यालय में 1912 का कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां शिकायत का समाधान कराया जा रहा है। 

छह दिन चलेगी बीए में दाखिले की काउंसिलिंग
काशी विद्यापीठ में बीए में दाखिले के लिए छह दिन काउंसिलिंग की प्रक्रिया चलेगी। 13 से 18 जुलाई तक चलने वाली काउंसिलिंग के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रवेश सेल की ओर से अभ्यर्थियों को ई-मेल पर बुलावा भी भेजा गया है। विश्वविद्यालय में बीए ऑनर्स मास कम्युनिकेशन और बीकॉम रिटेल ऑपरेशन्स मैनेजमेंट (एईडीपी) की शनिवार को हुई दूसरी काउंसिलिंग के बाद नियमित सभी सीटें भर गई हैं। प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि 13 से 18 जुलाई तक बीए की काउंसिलिंग चलेगी। 

बीएचयू के प्रोफेसर सहित 3 बने आजमगढ़ विवि में ईसी मेंबर
महाराजा सुहेल देव विवि आजमगढ़ की कार्यपरिषद में तीन लोगों को सदस्य (ईसी मेंबर) बनाया गया है। इसमें बीएचयू गणित विभाग के प्रो. अरविंद कुमार मिश्रा, बीएचयू से सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. दीनानाथ सिंह का नाम शामिल है। इसके अलावा बीएसएसडी पीजी कॉलेज कानपुर के डॉ. मनोज अवस्थी को भी सदस्य बनाया गया है। राजभवन में कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम बोबडे की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। डॉ. दीनानाथ के सदस्य बनाए जाने पर डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित, प्रो. रामजी पाठक, प्रो. अंजू सिंह, प्रो. ओमप्रकाश चौधरी ने प्रसन्नता जताई। 

डॉ. मनोज को दिल्ली में रक्षामंत्री करेंगे सम्मानित
आईएमए के अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव को 18 जुलाई को दिल्ली में होने वाले एक समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एमिनेंट डॉक्टर पर्सनाल्टी अवाॅर्ड से सम्मानित करेंगे। डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य पर आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। डॉ. मनोज की पुस्तक पीस फाॅर ऑल का विमोचन देश के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। उनकी इस उपलब्धि पर आईएमएस के पूर्व निदेशक प्रो. वीपी सिंह, आईएमए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल, वर्तमान अध्यक्ष डॉ. अनिल नायक ने प्रसन्नता जताई। 

नई हेल्थ बुक मिलने से जागरूक होंगे छात्र
वाराणसी जिले के परिषदीय स्कूलों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और मान्यता प्राप्त स्कूलों के छात्रों को अब जंक फूड के दुष्प्रभाव और मोबाइल पर स्क्रीन टाइम के संतुलित प्रयोग की भी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से माई हेल्थ वर्ल्ड नाम की एक नई पुस्तक तैयार की गई है। इसे स्कूलों में पढ़ाया जाएगा। यह किताब हिंदी, अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध होगी। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यह किताब सभी स्कूलों को पहुंचा दी गई है। इस किताब से चित्रों के माध्यम से सरल व रोचक ढंग से बच्चों को स्वास्थ्य से संबंधित जानकारियां दी गई हैं। 

अग्निवीर भर्ती : लिखित परीक्षा में 22,138 अभ्यर्थी हुए सफल
अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) का परिणाम रविवार को जारी कर दिया गया। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) वाराणसी के अंतर्गत कुल 22,138 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं। अब सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप, चिकित्सा परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन से गुजरना होगा।

सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) वाराणसी के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों में अग्निवीर जनरल ड्यूटी के 13,917, अग्निवीर टेक्निकल के 3,596, अग्निवीर ऑफिस असिस्टेंट एवं स्टोर कीपर टेक्निकल (क्लर्क) के 1,674, अग्निवीर ट्रेड्समैन के 1,914, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं) के 477, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट के 445 तथा महिला सैन्य पुलिस के 115 अभ्यर्थी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन लिखित परीक्षा के लिए वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, मऊ, आजमगढ़, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, देवरिया और गोरखपुर जिलों के लगभग 1.08 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 1 से 12 जून तक वाराणसी और गोरखपुर के केंद्रों पर आयोजित की गई थी। कर्नल शैलेश कुमार ने सफल अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण से संबंधित कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की अपील की।  

दीक्षांत समारोह में आज पदक पर आपत्ति का अंतिम मौका
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में 30 जुलाई को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए पदक पाने वाले मेधावियों की सूची जारी करने के बाद 13 जुलाई सोमवार को आपत्ति का अंतिम मौका होगा। इसके बाद फाइनल सूची जारी होगी। समारोह में जिन 32 मेधावियों को पदक दिया जाना है। इसमें दो मुस्लिम छात्राएं भी हैं। उनकी सूची जारी करने के बाद अब 13 जुलाई तक आपत्ति मांगी गई है। हालांकि, 12 जुलाई तक कोई आपत्ति नहीं आई। इसके अलावा दीक्षांत के लिए होने वाली बैठकों में तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही उसकी रिपोर्ट भी तैयार कराई जा रही है। 

समितियों के संयोजक की ओर से रिपोर्ट कुलपति को सौंपी जाएगी। विवि में मुख्य भवन की जगह इस बार का समारोह शताब्दी भवन में मनाया जाएगा। रविवार को प्रचार-प्रसार एवं निमंत्रण पत्र वितरण समिति की बैठक में संयोजक प्रो. हीरक कांत चक्रवर्ती ने समारोह में लोगों की भागीदारी, समारोह के प्रसारण आदि के बारे में सदस्यों से चर्चा की। समिति के सह-संयोजक शशींद्र मिश्र ने ज्यादा से ज्यादा लोगों तक समारोह के प्रसारण की बात कही। इस दौरान डॉ. विशाखा, डॉ. रविशंकर, डॉ. दिव्य चेतन, संदीप रहे। 

स्कूली बच्चों के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से चांदपुर औद्योगिक आस्थान स्थित एक विद्यालय में निजी विद्यालयों की बैठक रविवार को संपन्न हुई। विद्यालय प्रबंधक और प्रधानाचार्यों ने जीटी रोड, चांदपुर, बाटा मोड़ और महेशपुर में स्कूली बच्चों के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग उठाई। अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल ने फुट ओवर ब्रिज बनाने को कहा। मौके पर राजेश्वर सिंह पटेल, विनोद कुमार सिंह, अभिषेक यादव मौजूद रहे। 

प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी बने बिलासपुर में निदेशक
बरेका के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार को बिलासपुर में प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक (साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे) की जिम्मेदारी दी गई है। वह जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे। बरेका में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में डीएलडब्ल्यू मजदूर संघ के महामंत्री कृष्ण मोहन तिवारी ने अंगवस्त्रम पहनाकर, और कार्यकारी अध्यक्ष राहुल पांडेय व नवीन सिन्हा ने स्मृति चिह्नि देकर उनका सम्मान किया। राधावल्लभ त्रिपाठी ने डॉ. देवेश के कार्यकाल में अस्पताल में किए गए कार्यों की सराहना की। इस दौरान राकेश कुमार, एसपी सिंह, नरेंद्र कुमार मिश्रा, कमलेश चंद्र पांडेय, अनिल खरे आदि मौजूद रहे। 

हिंदू समाज को परंपराओं की रक्षा के लिए आना होगा आगे : गोपाल राय
वाराणसी। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने रविवार को पराड़कर भवन के कार्यकर्ता सम्मेलन में धर्मांतरण पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकजुटता ही धर्मांतरण जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगा सकती है। समाज को संगठित होकर अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए आगे आना होगा।

नागरी सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में गोपाल राय का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद का संगठन अब कई देशों तक पहुंच चुका है और विभिन्न देशों में राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, ताकि वैश्विक स्तर पर हिंदू समाज को संगठित किया जा सके। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में धर्मांतरण के मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए समाज को जागरूक, सतर्क और संगठित रहने की आवश्यकता है। उन्होंने केरल की वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमिला को वीएचआरपी महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की।

धान की रोपाई में बिजली कटौती बनी बाधा 
मौसम सामान्य है फिर भी बिजली कटौती सामान्य नहीं हो पा रही है। शहर हो गांव अघोषित कटौती से सभी परेशान हैं। रविवार को शहर में सबसे ज्यादा सारनाथ और ग्रामीण अंचल में चोलापुर के लोग परेशान दिखे। चोलापुर में तीन घंटे बिजली कटौती के कारण धान की रोपाई नहीं हो पा रही है। शहर में चेतगंज, सिगरा, औरंगाबाद आदि में कटौती ने लोगों को परेशान किया।  मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि कटौती की सूचना पहले से उपभोक्ताओं को दी जा रही है। 

इटली में पं. ऋत्विक सान्याल की पुस्तक का लोकार्पण
भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं ध्रुपद परंपरा के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गायक, विद्वान पंडित ऋत्विक सान्याल की नवीन पुस्तक रेजोनेटिंग इटर्निटी का इटली के अल्तारे (सावोना) में आयोजित एक समारोह में लोकार्पण हुआ। वक्ताओं ने कहा कि यह कृति भारत और इटली के सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगी। पं. ऋत्विक सान्याल ने कहा कि संगीत केवल कला नहीं, बल्कि मानवता को जोड़ने वाली एक सार्वभौमिक भाषा है। अंग्रेजी एवं इतालवी दोनों भाषाओं में प्रकाशित यह पुस्तक भारतीय शास्त्रीय संगीत, विशेषकर ध्रुपद परंपरा की आध्यात्मिक चेतना, नाद के शाश्वत स्वरूप तथा भारतीय संगीत-दर्शन की गहन व्याख्या प्रस्तुत करती है।

आठवें वेतन आयोग में पुराने पेंशनरों को शामिल करने की मांग
उत्तर प्रदेश सेवानिवृत्त कर्मचारी व पेंशनर एसोसिएशन की वाराणसी शाखा की रविवार को हुई बैठक में पेंशनरों की लंबित समस्याओं पर सरकार की उदासीनता पर नाराजगी जताई गई। जिला मंत्री अशोक सिंह ने बताया कि आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों के हितों की अनदेखी की गई है। उनका कहना था कि आयोग एक जुलाई 2026 से पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर विचार नहीं करेगा।

पेंशनरों ने मांग की कि पुराने पेंशनरों को भी 8वें वेतन आयोग के दायरे में शामिल किया जाए।  बैठक में इस माह जन्मदिन वाले सदस्यों सुरेश सिंह, ज्योति प्रकाश शुक्ला, कृपाशंकर, जगदंबा सिंह, राजेंद्र प्रसाद, रविंद्र कुमार गुप्ता, दिनेश सिंह और चंद्रशेखर सिंह का सम्मान किया गया। बैठक को अजय सिंह, मदन मोहन श्रीवास्तव और अशोक सिंह ने संबोधित किया। अध्यक्षता वीरेंद्र सिंह ने की। संचालन अशोक सिंह ने किया। 

कारोबारियों को दी गई व्यापारिक सुरक्षा, गहनों के बीमा की जानकारी
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) की ओर से आयोजित नेशनल ज्वेलर्स मीट 2026 रविवार को मंडुआडीह स्थित एक होटल में हुई। वाराणसी सराफा एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस मीट में 250 से ज्यादा सराफा कारोबारी शामिल हुए। कार्यक्रम में सराफा कारोबारियों को व्यापारिक सुरक्षा, गहनों के बीमा और निर्यात से जुड़ी जानकारियां दी गईं। 

मुख्य अतिथि एआईजेजीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने सराफा उद्योग को संगठित करने पर जोर दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यापारी को एक सुरक्षित मंच प्रदान करना प्राथमिकता है। कानपुर से आए राष्ट्रीय पदाधिकारी सागर केसरवानी ने व्यापारिक एकजुटता को सबसे बड़ी सुरक्षा बताया। 

वाराणसी सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, महामंत्री रवि सर्राफ और कोषाध्यक्ष शशांक अग्रवाल शामिल रहे। उपाध्यक्ष सुमित वर्मा, मोहन अग्रवाल और प्रहलाद अग्रवाल ने स्वागत किया। इस दौरान अनिकेश गुप्ता, राजा सेठ, अजय सेठ, विनोद सेठ और गोविंद अग्रवाल मौजूद रहे। 

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्षों के स्वागत की बनाई रणनीति
भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय गुलाबबाग में रविवार को महिला मोर्चा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा की अलग-अलग बैठकें हुईं। इसमें प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्षों के प्रथम काशी आगमन पर आयोजित होने वाले स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठकों में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। महिला मोर्चा की बैठक महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई। 

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा के 14 जुलाई को प्रथम काशी आगमन पर भव्य स्वागत, संगठनात्मक व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई। बैठक में साधना पांडेय, आरती पाठक, मंजू सिंह, मीरा गुप्ता, उषा अग्रहरि, नेहा कक्कड़ आदि मौजूद रहीं। वहीं, पिछड़ा वर्ग मोर्चा महानगर की बैठक महानगर अध्यक्ष शोभनाथ मौर्य की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राजेश वर्मा, मिठाई लाल यादव, सुमित मौर्य रहे। 

निर्वासित क्रांतिकारी पुस्तक का विमोचन
पं. नारायण मूर्ति के जीवन पर आधारित पुस्तक निर्वासित क्रांतिकारी : पंडित नारायण मूर्ति के संघर्ष, स्वाभिमान और अधूरे सम्मान की गाथा का विमोचन रविवार को मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि पं. नारायण मूर्ति जैसे सेनानियों का इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचना आवश्यक है। अध्यक्षता प्रो. माधव जनार्दन रटाटे ने की। 

लेखक डॉ. रवि शर्मा ने बताया कि पुस्तक के लेखन के लिए वर्षों तक शोध, दुर्लभ दस्तावेजों और पारिवारिक साक्ष्यों का अध्ययन किया गया। विशिष्ट अतिथि नरसिंह दास ने पं. नारायण मूर्ति के राष्ट्रसेवा और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। संचालन नलिन नयन ने किया। इस दाैरान प्रकाश कुमार, संतोष सोलापुरकर, सुनील तिवारी, कनकलता मिश्रा, निशा, बबलू सेठ, तारकेश्वर गुप्ता आदि मौजूद रहे। 

33 कलाकारों ने प्रभाती राग से किया विभोर
आनंद कानन कला गुरुकुल के 33 प्रशिक्षु कलाकारों ने रविवार को सुबह-ए-बनारस प्रभाती में सुबह के रागों की प्रस्तुति दी। डॉ. विजय कपूर के निर्देशन में गायन की शुरुआत राग भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश राघव राजा राम... से हुई। द्रुत तीन ताल में जागो मोहन प्यारे... की प्रस्तुति ने सभी को आनंदित किया। कलाकारों ने कजरी- कारी कारी बदरिया... गाकर वर्षा ऋतु का अनुभव कराया। समापन पारंपरिक सोहर से किया। कलाकारों को प्रमाणपत्र सुप्रीम कोर्ट दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता विकास चोपड़ा और दिल्ली पुलिस के पूर्व अधिकारी आरके बुद्धिराजा ने दिया। स्वागत डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह व डॉ. रत्नेश वर्मा और संचालन डॉ. प्रितेश आचार्य ने किया। 

17 अगस्त से काशी में बालव्यास कराएंगे श्रीमद्भागवत कथा का रसपान
प्रख्यात कथा मर्मज्ञ बालव्यास श्रीकांत शर्मा श्रावण मास में 17 अगस्त से काशी में श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में 24 अगस्त तक होगी। कथा काशी सत्संग सेवा समिति की महमूरगंज स्थित एक होटल में हुई बैठक में कथा की तैयारियों पर चर्चा हुई। समिति की ओर से सावन में ये 37वीं कथा होगी। कथा रोज अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी। 

समाजसेवी दीपक बजाज और लोकेंद्र करवा ने बताया कि बालव्यास श्रीकांत शर्मा अब तक 20 बार श्रीमद्भागवत कथा, पांच बार श्रीराम कथा, चार बार देवी भागवत कथा, एक बार भक्त चरित्र और छह बार शिव पुराण की कथा का पारायण कर चुके हैं। 17 अगस्त से शुरू होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन महारुद्राभिषेक होगा। 

प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि पंडाल व मंच सज्जा के लिए कोलकाता से कारीगर बुलाए गए हैं। भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। बैठक में संजय लोहिया, ओमप्रकाश तुलस्यान, अशोक सराफ, संजय कानोड़िया, ओम प्रकाश तुलस्यान, बैजनाथ भालोटिया, केडी शुभम, श्रवण कुमार, गोपाल केड़िया आदि रहे। 

इस बार ललिता घाट से जल भरेंगे यादव बंधु
सावन के पहले सोमवार को काशी विश्वनाथ सहित नौ प्राचीन शिवालयों में यादव बंधु जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने इस बार परंपरानुसार ललिता घाट से जल भरने का निर्णय लिया है। इस घाट पर निर्माण के चलते प्रशासन ने सावन में जल भरने पर दो साल से रोक लगा रखी है। 

चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य अब पूरा हो गया है। लिहाजा, प्रशासन अब यहां हमें जल भरने की अनुमति दे और हम अपनी परंपरा का निर्वहन कर सकें। चंद्रवंशी गोप सेवा समिति की रविवार को जंगमबाड़ी स्थित समिति के अशोक यादव के आवास हुई बैठक में 94वें जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों पर चर्चा हुई। 

पदाधिकारियों ने जलाभिषेक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर चर्चा की। अध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि इस बार ललिता घाट से ही जल भरने का निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन के साथ 14 जुलाई को होने वाली बैठक में इस मुद्दे को उठाया जाएगा। अध्यक्षता सोखो सरदार ने की। धन्यवाद ज्ञापन अनिल यादव ने किया। 

रविदास के विचारों में सामाजिक समरसता का साक्षात रूप : रवींद्र
सीरगोवर्धनपुर स्थित संत गुरु श्री रविदास जन्मस्थली पर पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कुटुंब प्रबोधन के रामलला गट की ओर से सद्गुरु पूजनोत्सव एवं महंत भारत भूषण सम्मान समारोह हुआ। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कुटुंब प्रबोधन संयोजक रवींद्र शंकर जोशी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों में सामाजिक समरसता का साक्षात रूप दिखाई देता है। 

मनुष्य के आध्यात्मिक विकास में सबसे बड़ा शत्रु अहंकार है। राम की कृपा से सब संभव होगा। यह श्रद्धा हममें होनी चाहिए। संत गुरु रविदास ने स्वयं यह स्वीकार किया कि जूते-चप्पल बनाने के कारण समाज में वह सबसे निम्न स्थान पर रहे लेकिन राम का नाम लेने से उनका स्थान अत्यंत उच्च हो गया। अध्यक्षता करते हुए कैलाश मठ के महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरी ने कहा कि भारतीय साहित्य में भेद करने का कोई भी उपक्रम वर्णित नहीं है। 

रविदास मंदिर के महंत भारत भूषण महाराज ने कहा कि जो भी व्यक्ति श्रेष्ठ कार्य में लगा हुआ है उन सबके प्रति अपनत्व व प्रेम का भाव रखना आवश्यक है। संगीतकार देवव्रत मिश्र ने रविदास के भजनों की प्रस्तुति दी। संचालन डॉ. शुकदेव ने किया। मनसुख भाई सेठिया, प्रांत संघ चालक अंगराज, जयप्रकाश लाल, प्रो. रामनारायण, प्रो. मंजू द्विवेदी, नीता आदि मौजूद रहीं। 

कलाकारों ने मां अन्नपूर्णा के दरबार में लगाई हाजिरी
माता अन्नपूर्णा मंदिर में रविवार को कलाकारों ने भरतनाट्यम से हाजिरी लगाई। बंगलूरू से अखिल भारतीय संगीत नृत्य कलाकार संघ के कई कलाकारों ने अपनी कला से सभी का मन मोह लिया। कलाकारों ने गणेश वंदना, गंगा अवतरण, अन्नपूर्णा महिमा, महिषासुर मर्दिनी और काल भैरव स्तुति की। कलाकारों संध्या केशव राय, अपेक्षा पाल, नवमी, साक्षी, अनघा, सुप्रिया, सौजन्या, तान्वी, अनीता, अनन्या, श्रेव्या और अन्नपूर्णा आदि रहे। 

बाल कलाकार यथार्थ दुबे ने शिव पंचाक्षर स्तोत्र, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र और कालभैरवाष्टकम सुनाया। अमलेश शुक्ला और अरुण मिश्रा गुंजन ने मां सहित कई देवी गीत गाए। मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज और पुजारी अंबिका शुक्ला ने कलाकारों को प्रसाद और आशीर्वाद दिया। शुभम शर्मा, धीरेंद्र सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव, विकास झा और विक्की गुरु ने इस अवसर पर सहयोग किया। संयोजन गीतकार कन्हैया दुबे केडी ने किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed