सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Couple Arrested for Forcing Minor into Sex Trade Four Shops of Shubham Sealed

Varanasi News Today: नाबालिग से कराते थे देह व्यापार...दंपती अरेस्ट, शुभम सिंडिकेट की चार दुकानें सीज; खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 12 Apr 2026 01:10 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार के अड्डे से पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बरामद किया है। दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, कफ सिरप मामले में शुभम के नेटवर्क से जुड़ी शराब की चार दुकानों को सीज किया गया है।

Varanasi News Today Couple Arrested for Forcing Minor into Sex Trade Four Shops of Shubham Sealed
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: सारनाथ के सोनातलाब क्षेत्र में किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पति-पत्नी को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जबकि नाबालिग किशोरी को नारी निकेतन रामनगर भेज दिया गया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सारनाथ के सारंग चौराहा इलाके में काशी राम आवास शिवपुर निवासी मनोज और उसकी पत्नी शहदूल निशा अपनी नाबालिग भतीजी से देह व्यापार करवा रहे थे।

Trending Videos


सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ देह व्यापार निवारण अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अन्य दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

शुभम सिंडिकेट की अंग्रेजी शराब की चार दुकानें सीज
कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट के शुभम जायसवाल के नेटवर्क से जुड़ी अंग्रेजी शराब की चार दुकानें शनिवार रात आबकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सीज की गई। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला आबकारी आयुक्त कमल कुमार शुक्ला और एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कज्जाकपुरा, लहरतारा, खोजवा, परेड कोठी में शराब की दुकानों को सीज किया गया। 

कज्जाकपुरा के अंग्रेजी शराब की दुकान को सीज किया गया, उसका लाइसेंस उषा देवी के नाम पर था, लेकिन जांच में इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका पाई गई। दुकान का संचालन परोक्ष रूप से एक संगठित समूह की ओर किया जा रहा था। 

एसआईटी की जांच में यह सामने आया कि सिंडिकेट के तहत भगोड़े शुभम जायसवाल ने काली कमाई को सफेद करने के लिए अपने करीबियों के परिजनों के नाम पर शराब ठेकों के लिए ई-लॉटरी टेंडर दावेदारी की थी, जिसमें कज्जाकपुरा में ऊषा देवी, लहरतारा में शिवांगी, खोजवां में राधिका, परेडकोठी में बबिता सिंह, शाहवाबाद में रेख देवी, माधोपुर में शुभम की पत्नी वैशाली के नाम से दुकान थी। पांच दिन पूर्व पांच महिलाओं को गिरफ्तार भी किया गया था।

जौहरी प्रिंटर्स के निदेशक समेत बेटे-बहू पर प्राथमिकी 
बकाया 4.84 लाख रुपये की धोखाधड़ी, धमकी के मामले में जौहरी प्रिंटर्स प्राइवेट लिमिटेड चुरामनपुर मुड़ैला के डायरेक्टर विजय मित्तल, अक्षय मित्तल और रेनू मित्तल के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। चेतगंज के मलदहिया निवासी पीड़ित राम नारायन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसका जेके पेपर बोर्ड एजेंसी कर्णघंटा में हैं। फर्म पेपर और बोर्ड का होलसेल व्यापार करती है।

जौहरी प्रिंटर्स के डायरेक्टर विजय मित्तल, बेटा अक्षय मित्तल और बहू रेनू मित्तल ने माल का 4,84,184 रुपये रोक रखा है। गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। विजय मित्तल ने पूर्व में भी लखनऊ और दिल्ली के सप्लायरों का पैसा धोखे से हड़प लिया है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

काशी विद्यापीठ के छात्र की पिटाई, चेन छीना
काशी विद्यापीठ के छात्र शिवम तिवारी की पिटाई कर चेन छीन ली गई। नौ अप्रैल की रात इंग्लिशिया लाइन के पास घटना के बाबत छात्र ने सिगरा थाने में मन्नू कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। चंदौली के कांटा परासी खुर्द निवासी छात्र शिवम तिवारी ने पुलिस को बताया कि मन्नू ने मारा पीटा और चेन छीनकर जान से मारने की धमकी दी। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज है। 

सचिवालय अधिकारी बन की जालसाजी, प्राथमिकी
सचिवालय अधिकारी बनकर जालसाजी करने वाले के खिलाफ सिगरा थाने में शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई। विशेष सचिव फूलचंद्र की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने समीर रघुवंशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव फूलचंद्र ने पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को भेजे गए तहरीर में बताया कि सचिवालय अधिकारी अभिषेक सिंह के नाम से फर्जी आईडी बनाकर धोखधड़ी और आपराधिक धमकी दी जा रही है। 

अभिषेक सिंह, सचिवालय लखनऊ के नाम से फर्जी ट्रू कॉलर आईडी बनाकर लोगों को फोन कर पैसे मांगने और उन्हें धमकाया जा रहा है। सचिवालय के नाम के दुरुपयोग व आपराधिक धमकी और जबरन वसूली की शिकायत अधिक है। फर्जी आईडी बनाने वाला आरोपी समीर रघुवंशी है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराई जा रही है।

फर्जी दानपत्र बनाकर मकान हड़पने का आरोप
रोहनिया के गंगापुर नगर पंचायत क्षेत्र की निवासी गुड़िया जैन ने जेठ और जेठानी पर फर्जी दानपत्र से मकान हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता के अनुसार, ससुर गोविंद दास जैन ने 28 मार्च 2019 को राजनारायण नगर, नगर पंचायत गंगापुर में मकान को दानपत्र के माध्यम से उन्हें दिया था, जिसके बाद से वह अपने परिवार के साथ मकान में रह रही थीं। 

आरोप है कि जेठ माधव जैन ने छल-कपट कर कूटरचित व फर्जी दानपत्र तैयार कराया और 27 फरवरी 2026 को मकान को अपनी पत्नी सुमन जैन के नाम पंजीकृत करा लिया। जानकारी होने पर जब पीड़िता ने माधव व सुमन जैन से बातचीत का प्रयास किया तो दोनों ने दुर्व्यवहार किया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। 

पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए 
थाना फूलपुर पुलिस ने गैर-जमानती वारंट के तहत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-4 के आदेश पर शनिवार को कार्रवाई की गई। आरोपियों में पिंडरा निवासी शहजाद, निमाइच निवासी विनोद तिवारी, कठिरांव निवासी विरेंद्र कुमार, पिंडरा निवासी भैयालाल कनौजिया और करखियांव निवासी दीपक सिंह शामिल हैं। आरोपी विभिन्न मामलों में वांछित थे। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

60 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
319 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को नारकोटिक्स टीम ने गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ यूनिट के आदित्य नारायण सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हेरोइन की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस तस्कर कैफ जमाल उर्फ छोटू (32) से पूछताछ कर रही है। एएनटीएफ यूनिट को शनिवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति क्षेत्र में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रहा है। सूचना पर टीम ने काशी धाम लॉन, शिवपुर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। 

पति के खिलाफ उत्पीड़न और धमकी की प्राथमिकी 
शिवपुर थाना क्षेत्र के लालजी कुआं पंचकोशी रोड निवासी कुसुम राजभर की शिकायत पर पुलिस ने पति नीरज के खिलाफ उत्पीड़न, जान से मारने की धमकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता ने बताया कि 2017 में शादी हुई। कुछ समय बाद पति के दूसरी महिला से संबंध की जानकारी मिली। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट व धमकी दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।

14 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी विकास यादव निवासी पुराना पुल सारनाथ को चौक पुलिस ने नीचीबाग से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की थी। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनकी 14 साल की बेटी से आरोपी ने दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है। 

दाना लेने के लिए विवाद में युवक की पिटाई
रोहनिया क्षेत्र के घमहापुर निवासी सुनील कुमार पटेल ने मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम गंगापुर बाजार में एक दाने की दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। वहां मौजूद विनोद यादव से दाना लेने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज शुरू हो गई। आरोप है कि वहां विनोद यादव के पिता बैजनाथ यादव और संतोष यादव भी पहुंचे और मिलकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मारपीट का मामला है। 

रंजिश में दो भाइयों पर जानलेवा हमला, तीन नामजद
जंसा थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गांव में शुक्रवार शाम रंजिश को लेकर दबंगों ने दो सगे भाइयों पर जानलेवा किया। पीड़ित बृजेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई अकरामूल के साथ बगीचे से लौट रहा था, तभी रास्ते में सत्यम सिंह उर्फ सत्या, आयुष सिंह और मोनू मिश्रा ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद बेल्ट और हॉकी से पिटाई की गई। हमले में बृजेश के सिर व नाक और अकरामूल के सिर में गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए दोनों पास के स्कूल में घुसे, लेकिन आरोपियों ने वहां भी मारपीट की। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

शादी का झांसा देकर युवती का किया शोषण
कैंट थाना क्षेत्र निवासी युवती के साथ शादी करने का भरोसा देकर इन्कार करने और सोशल मीडिया से बदनाम करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी सौरभ सिंह व पिता आलोक सिंह निवासी बीएलडब्ल्यू के खिलाफ तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि सौरभ सिंह एक निजी कंपनी का मालिक है।

पीड़िता की बेटी से संपर्क बढ़ाया और शादी का भरोसा देकर परिवार को विश्वास में लिया। युवती को कंपनी बुलाकर छेड़खानी, अभद्र व्यवहार और मानसिक दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

टीईटी के विरोध में शिक्षक निकालेंगे मशाल जुलूस
अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के निर्देश पर प्रदेश में टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय से निकलने वाले मशाल जुलूस की तैयारियों को लेकर शनिवार को पिंडरा में शिक्षकों की बैठक हुई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक के जिलाध्यक्ष सकलदेव सिंह ने बैठक को संबोधित किया। कहा कि यह शिक्षकों के ऊपर थोपे जाने वाला निर्णय है। संघ के मंत्री शैलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि शिक्षकों के हक और अधिकार पर कुठाराघात किया जा रहा है। संचालन संजय गुप्ता व धन्यवाद धर्मेंद्र बहादुर सिंह ने दिया। बैठक में राजीव सिंह, मनीष कुशवाहा, डॉ. राजेश्वर सिंह, राकेश चंद्र पाठक और रमेश मौजूद रहे। 

साइबर ठगी में 6.40 लाख होल्ड कर वापस करवाए
साइबर क्राइम सेल ने साइबर ठगी के तीन मामलों में 6.40 लाख रुपये पीड़ितों के खातों में वापस कराए। पुलिस ने ठगी की रकम को बैंक खातों में होल्ड कराकर बाद में न्यायालय के आदेश से वापस दिलाया। पहला मामला 23 जनवरी 2026 का है। केरल निवासी मो. अदनान वाराणसी घूमने आए थे। होटल और वाहन बुकिंग के नाम पर भेजे गए लिंक से 4.15 लाख रुपये की ठगी कर ली। 

शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई कर रकम को पंजाब एंड सिंध बैंक के खाते में होल्ड कराया और बाद में पूरी राशि वापस कराई। दूसरा मामला 15 जनवरी 2026 का है। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी छोटेलाल खरवार से बीमा पॉलिसी अपडेट कराने के नाम पर 75 हजार रुपये ठग लिए गए। 

पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में रकम होल्ड कराकर पीड़ित को वापस दिलाया। तीसरे मामले में छह मार्च 2026 को एक महिला को फोन कर खुद को इंश्योरेंस कंज्यूमर कोर्ट मुंबई का वकील बताकर 1.50 लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर सेल ने संबंधित कंपनी से समन्वय कर पूरी धनराशि वापस कराई।

बाइक की टक्कर से सेवानिवृत्त पीएसी कर्मी की मौत
रामनगर-पड़ाव मार्ग पर वाजिदपुर मोहल्ला के तिवारी कटरा के पास सड़क हादसे में सेवानिवृत्त पीएसी कर्मी की मौत हो गई। गायत्री नगर रामपुर वार्ड निवासी रामजी मिश्रा (70) को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

युवक की ट्रेन से कटकर मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के घोषिला गांव के पास शनिवार सुबह 8 बजे अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। युवक स्लेटी रंग का लोवर पहने हुए था, जिसके आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। 

फर्म मालिक ने तीन महीने पहले ड्राइवर को रखा था 
भेलूपुर के बजरडीहा शिवराज नगर कॉलोनी में गुजरात की कृषि फर्म के कर्मचारी और चालक से 80 लाख की डकैती के मामले में कमिश्नरेट की सर्विलांस और क्राइम ब्रांच समेत चार टीमें गठित की गई हैं। शनिवार को 80 सीसी कैमरे खंगाले गए। पीड़ित जीरा कारोबारी कमलेश कुमार शाह ने भेलूपुर पुलिस से मोबाइल पर जानकारी दी कि चालक बजरंग को वह एक दोस्त के जरिये तीन महीने पूर्व नौकरी पर रखा था। 

गुजरात से 80 लाख लेकर कार से वाराणसी भेजा था। किराये पर मकान लेने वाले राजेंद्र सिंह के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। चालक बजरंग, कर्मचारी हसमुख और राजेंद्र सिंह तीनों का मोबाइल नंबर बंद है। इनकी लोकेशन भी वाराणसी के बाद की नहीं मिली है। 

भेलूपुर पुलिस ने बजरडीहा के शिवराजनगर कॉलोनी में आवाजाही करने वाले 80 से अधिक सीसी कैमरे खंगाले। पुलिस को शंका है कि चालक ही मुख्य सूत्रधार है। घटना की कड़ी चालक से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।  शुक्रवार को कमलेश शाह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसीपी भेलूपुर, गौरव कुमार ने बताया कि चार टीमें गठित की गई हैं। सीसी कैमरे और सर्विलांस के जरिये छानबीन जारी है। चालक के सामने आने के बाद ही घटना की गुत्थी सुलझ सकती है।

पारा गिरा, फिर भी प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर बनारस
लगातार बारिश के बाद सिहरन भले ही बढ़ गई हो, लेकिन शनिवार को प्रयागराज और झांसी के बाद वाराणसी प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। दिन में पारा सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे 37.4 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा भी 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज बही।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 12 अप्रैल तक तेज हवा बहने के आसार हैं। इसके बाद तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक सप्ताह में किसी तरह का कोई मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, ऐसे में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। वहीं अब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार भी जा सकता है। अप्रैल में गर्मी तेजी से बढ़ सकती है। हालांकि 15 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालय को पार कर सकता है, जिसका प्रभाव दूर तक होने की संभावना कम है।

पिछले साल के मुकाबले इस बार बनारस की रातें आठ डिग्री तक ठंडी हैं। वर्ष 2025 में 10 अप्रैल तक रात का तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस था, जबकि इस बार यह 17 डिग्री के आसपास है। पिछले दिनों लगातार हुई बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

अर्दली बाजार की हवा है सबसे खराब एक्यूआई एक सप्ताह से 150 के ऊपर
शहर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लगातार प्रभावित है। सबसे खराब स्थिति अर्दली बाजार क्षेत्र की है। यहां का एक्यूआई कभी 150 से नीचे नहीं रहता। वहीं, भेलूपुर और मलदहिया के हालात भी बहुत अच्छे नहीं हैं। यहां भी एक्यूआई 100 के नीचे बहुत कम रहता है। शनिवार को भी एक्यूआई 100 के ऊपर रहा।

शहर में अगर तुलना की जाए तो सबसे खराब स्थिति अर्दली बाजार की है। अर्दली बाजार का एक्यूआई बीते एक सप्ताह से लगातार खराब है। यहां का एक्यूआई बीते एक सप्ताह से 150 के ऊपर है। इसका प्रमुख कारण इस क्षेत्र में लगने वाला जाम और उड़ने वाली धूल है। अर्दली बाजार क्षेत्र में जिला मुख्यालय व कई सरकारी व निजी कार्यालय होने के कारण यहां दिन भर लोगों की आवाजाही रहती है। 

इस क्षेत्र का बाजार भी बड़ा है, जहां बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने आते हैं। सरकारी कार्यालयों और कचहरी होने के कारण भी भीड़ बहुत होती है। इस कारण दिन भर जाम जैसे हालात रहते हैं। ऐसे में वाहनों से निकलने वाली गैस, धुआं और सड़कों पर उड़ने वाली धूल हवा की गुणवत्ता को खराब कर रही है। शनिवार को यहां का एक्यूआई 158 रहा। वहीं, भेलूपुर और मलदहिया क्षेत्र का हाल भी ऐसा ही है। इन क्षेत्रों में भी जाम की स्थिति दिन भर रहती है। 

अतिक्रमण से जाम दुकानदार पर प्राथमिकी 
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में शुक्रवार की शाम करीब सात बजे अतिक्रमण के चलते यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक ने जांच के बाद कैंट थाने में आरोपी दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में उपनिरीक्षक सत्यम यादव ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि ‘अग्रवाल स्पोर्ट’ नामक दुकान के बाहर खेल सामग्री जैसे बैट, स्टंप और बैग सड़क तक लटकाकर रखे गए थे, जिससे मुख्य मार्ग संकरा हो गया और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दुकानदार से अनुमति एवं लोहे के एंगल लगाने के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

अन्नपूर्णा रसोई पीएनजी से लैस होगी, रोज 15 हजार लोगों का बनेगा प्रसाद
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के अन्नपूर्णा रसोईघर में अब पीएनजी से भोजन पकेगा। शनिवार को गेल और मंदिर प्रशासन के बीच एक आधिकारिक समझौते पर हस्ताक्षर किया गया। समझौता मंदिर के एसडीएम शंभू शरण और गेल के महाप्रबंधक सुशील कुमार की उपस्थिति में किया गया।

गेल के अधिकारियों के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के भीतर अन्नपूर्णा रसोईघर में पीएनजी की नियमित आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही, यह वाराणसी क्षेत्र का ऐसा पहला विशाल रसोईघर बन जाएगा जहां भोजन बनाने के लिए आधुनिक पाइपलाइन गैस सुविधा उपलब्ध होगी। 

अन्नपूर्णा रसोईघर में प्रतिदिन लगभग 15,000 श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार किया जाता है। वर्तमान में इस कार्य के लिए प्रतिदिन 15 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती है, जो महीने भर में लगभग 450 सिलेंडरों तक पहुंच जाती है। पीएनजी आपूर्ति शुरू होने से इन सिलेंडरों की आवश्यकता पूरी तरह समाप्त हो जाएगी, जिससे परिचालन लागत में कमी आएगी। 

रणवीर संस्कृत विद्यालय में दाखिले के लिए 20 से आवेदन
बीएचयू की ओर से संचालित श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय, कमच्छा में प्रथमा-प्रथम वर्ष (कक्षा 6), प्रथमा-द्वितीय वर्ष (7), प्रथमा-तृतीय वर्ष (8) और प्रवेशिका-प्रथम वर्ष (9) में सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए 20 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन होंगे। संबंधित अभ्यर्थी बीएचयू की वेबसाइट से आवेदन प्राप्त कर विद्यालय में उसे जमा कर सकते हैं। 

बुनियादी साक्षरता के छात्र हुए पुरस्कृत
कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी, पिंडरा में शनिवार को निपुण छात्र सम्मान कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि प्राथमिक विद्यालय जमालपुर से अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक रामचंद्र प्रसाद ने पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने कहा कि निपुण छात्र विद्यालय की शान होते हैं। उन्हें इस प्रकार से सम्मानित करना अन्य छात्रों को निपुण बनने की प्रेरणा देगा। 

विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रवीण सिंह ने विद्यालय के लगातार निपुण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों को बधाई दी। कक्षा एक से आठ तक के उन छात्रों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया था। धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक क्षितिज कुमार दीक्षित ने किया। इस अवसर पर शिक्षक प्रवीण सिंह, धर्मराज सिंह, सुजीत पांडे, अंजुम, निर्मला देवी, आरती सिंह, चंद्रकला जायसवाल एवं प्रतिमा देवी उपस्थित थे। 

प्रधानाध्यापक ही तय कर सकेंगे अब विद्यालयों की समय सारिणी
बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अब समय सारिणी लचीली होगी। यानी अब हर स्कूल अपनी जरूरत और उपलब्ध शिक्षकों के आधार पर खुद टाइम-टेबल बना सकेगा। स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने शुक्रवार को इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे शिक्षकों को पढ़ाने में आसानी तो होगी ही, विद्यालय नए बदलावों पर काम भी कर सकेंगे। 

महानिदेशक के निर्देश के मुताबिक, स्कूल के प्रधानाध्यापक इस समय सारिणी को बनाएंगे और इससे पढ़ाई में आसानी होगी। अभी केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत विभाग ही टाइम-टेबल तय करता है। ऐसे में कई विद्यालयों को उसका सख्ती से पालन करने में कठिनाई होती है। कई जगह शिक्षकों की कमी या अनुपस्थिति के कारण पढ़ाई प्रभावित होती थी। नई व्यवस्था से इस समस्या को दूर करने की कोशिश की गई है। 

निर्देश में विद्यालय निर्धारित अवधि और शैक्षणिक समय का पालन करते हुए अपनी समय सारिणी तैयार करेंगे। हर पीरियड 40 मिनट का होगा। हर कक्षा में पढ़ाई की शुरुआत पिछले पाठ की पुनरावृत्ति (रिकैप) से होगी। इसके बाद प्रभावी शिक्षण, गतिविधियां और अंत में पढ़ाए गए विषय को शामिल किया जाएगा। 

बीएचयू के विज्ञान समागम में स्कूली छात्रों ने सुनी चंद्रयान-3 की कहानी
बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में चल रहे तीन दिवसीय विज्ञान समागम ‘प्रज्ञान 2026’ के दूसरे दिन शनिवार को कक्षा 6 से 12 तक के स्कूली छात्रों को चंद्रयान की कहानी सुनाई गई। वाराणसी और आसपास के जिलों से आए छात्रों ने चंद्रयान-3 की रोमांचक यात्रा के बारे में जानकारी ली। 

दूसरे दिन रोबोटिक्स, एयरोमॉडलिंग, ड्रोन साइंस वर्कशॉप और लाइव साइंस शो जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। प्रज्ञान के दूसरे दिन अहमदाबाद स्थित फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी के निदेशक और शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार विजेता प्रोफेसर अनिल भारद्वाज ने छात्रों को चंद्रमा की सतह तक ले जाकर चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण और ऐतिहासिक सॉफ्ट लैंडिंग की पूरी कहानी सुनाई। 

बीएचयू में 12 राज्यों के शोधार्थियों ने प्राचीन इतिहास पर पढ़ा रिसर्च पेपर
बीएचयू में प्राचीन मानवों के उपकरण निर्माण तकनीक पर चल रही कार्यशाला शनिवार को समाप्त हो गई। देश के 12 राज्यों से आए 18 विश्वविद्यालयों के शोधार्थियों ने इस तकनीक पर रिसर्च पेपर प्रस्तुत किया। बीएचयू के एआईएचसी विभाग के इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग की निदेशक डॉ. रेनू द्विवेदी ने कहा कि प्रागैतिहासिक पुरातत्व के अध्ययन की प्रासंगिकता बढ़ रही है। इसके संरक्षण की जरूरत है। पुरातत्व के अध्ययन से जुड़े वीडियो भी चलाए गए। 

संस्कृत विवि में अगले सप्ताह आएगा रूसी प्रतिनिधिमंडल, शिक्षकों से भी मिलेंगे सदस्य
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में अगले सप्ताह रूसी प्रतिनिधिमंडल आएगा। यहां प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोग विभागों का दौरा कर शिक्षकों और छात्रों से मुलाकात करेंगे। शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के तहत रूसी प्रतिनिधिमंडल का भारत भ्रमण 14 से 29 अप्रैल तक होगा।

संस्कृत विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दिशा में रूसी संघ के प्रतिनिधिमंडल के दौरे को अहम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के श्रमण विद्या संकाय प्रमुख एवं पाली विभागाध्यक्ष प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि रूसी प्रतिनिधिमंडल काल्मिकिया बौद्ध एसोसिएशन से संबद्ध है। सदस्य 14 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच भारत भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित परम पावन दलाई लामा से भेंट कर बौद्ध एवं सनातन परंपराओं का अध्ययन करेगा। प्राचीन बौद्ध मठों का अवलोकन कर ज्ञानार्जन भी करेगा।

प्रो. रमेश ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विश्वविद्यालय के बौद्ध दर्शन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. लेखामणि त्रिपाठी करेंगे, जो रूस में भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध तत्वों का प्रतिदिन ऑनलाइन अध्यापन कर रहे हैं। भारत भ्रमण पर आ रही रूसी टीम सर्वप्रथम संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का ही आगमन करेगी, क्योंकि यह विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा का अत्यंत प्राचीन एवं प्रमुख केंद्र रहा है। 

भाजपा के कार्यकर्ता हैं तो संगठन है 
शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को बागेश्वरी मंडल की कार्यशाला हुई। शुभारंभ प्रदेश के स्टांप मंत्री रवींद्र जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता निस्वार्थ देश व राष्ट्रहित के लिए सदैव कार्य करते हैं। भाजपा के कार्यकर्ता हैं तो संगठन है, संगठन राष्ट्र के संपूर्ण विकास कार्य करती है। इस दौरान प्रदीप अग्रहरी, केदार सिंह, वीणा पांडेय, रचना अग्रवाल, विनोद गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा रहे। 

सपा एमएलसी ने कुलपति को सौंपा मांगपत्र
सपा के स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने शनिवार को बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी से मुलाकात की। उन्हें बीएचयू कर्मचारियों की समस्याओं से जुड़ा मांगपत्र सौंपा। बीएचयू मधुबन पार्क में चार दिनों से सैकड़ों कनिष्ठ लिपिक एवं बीएचयू संविदा कर्मचारियों का धरना जारी रहा। इन कर्मचारियों से सपा एमएलसी ने मुलाकात की। उनकी समस्याओं से बीएचयू कुलपति को अवगत कराया। वरुण सिंह ने कहा, 10 साल से लेकर 25 साल तक नियमित से स्थायी होने की आस में संविदा कर्मी बीएचयू में अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। 

मतदाता सूची की बूथवार समीक्षा में जुटी सपा
समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में शनिवार को ज्योतिराव गोविंद राव फुले की जयंती और मासिक बैठक हुई। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बूथवार समीक्षा के लिए विधानसभा अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई। पता लग सके कि मतदाता सूची में सही नाम काटे व जोड़े गए हैं। 14 अप्रैल को भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती को सभी विधानसभाओं के सेक्टर में मनाने के लिए पार्टी के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।

किसानों को मिले उचित मुआवजा
सकलडीहा तहसील के डैना बभनपुरा और अमावल में आग लगने से 200 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और क्षेत्रवासियों से जानकारी ली। अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए गए कि नुकसान का ईमानदारी से सर्वेक्षण किया जाए। किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सकलडीहा तहसील क्षेत्र में जब तक फसल की कटाई पूरी नहीं हो जाती तब तक फायर ब्रिगेड व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। 

एमपी में लगी प्रदर्शनी में इरी के बीज की तकनीक दिखी
अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान (इरी) का दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) और केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण विभाग और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से रायसेन (मध्य प्रदेश) में शनिवार को तीन दिवसीय उन्नत कृषि प्रदर्शनी और प्रशिक्षण शुरू हुआ। इरी के विशेष स्टॉल पर किसानों और हितधारकों को उन्नत धान उत्पादन तकनीकों और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई।

यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी शामिल हुए। उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन किया। वैज्ञानिकों ने बीज प्रणाली, जलवायु अनुकूल और उन्नत धान किस्मों के लिए बीज प्रणाली को सुदृढ़ करने, गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता और किसानों तक उन्नत किस्मों को पहुंचाने पर जोर दिया। रविवार व सोमवार को धान की सीधी बुआई विषयों पर गोष्ठी व परिचर्चा होगी। अध्यक्षता केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर करेंगे। 

अग्निवीर सेना भर्ती में दो जिलों के आवेदन एक जिले के बराबर भी नहीं
अग्निवीर सेना भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो गई। 10 अप्रैल तक 12 जिलों के युवाओं को आवेदन का अंतिम अवसर दिया गया था। इन 12 जिलों में दो ऐसे जिले भी हैं, जहां से प्राप्त आवेदनों की संख्या मिलाकर भी एक जिले के बराबर नहीं पहुंच सकी। 

सोनभद्र से महज 491 युवाओं ने आवेदन किया, जबकि भदोही से केवल 2606 आवेदन मिले। कर्नल शैलेष कुमार ने बताया कि सेना भर्ती के लिए 12 जिलों से कुल 1,07,155 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। कुल आवेदनों में क्लर्क व ट्रेड्समैन पदों के लिए रुचि अपेक्षाकृत कम रही। अग्निवीर सेना भर्ती के लिए गाजीपुर, बलिया और गोरखपुर के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। 

सबसे अधिक 23,183 आवेदन गाजीपुर से मिले। वह पहले स्थान पर रहा। इसके बाद बलिया दूसरे स्थान पर रहा, जहां से 16,194 युवाओं ने आवेदन किया। गोरखपुर 12,550 आवेदनों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। अन्य जिलों में आजमगढ़ से 9,869, देवरिया से 8,174, जौनपुर से 7,578, चंदौली से 7,150, मऊ से 6,437, वाराणसी से 8,507 और मिर्जापुर से 4,416 आवेदन प्राप्त हुए। जीडी (जनरल ड्यूटी) के लिए सबसे अधिक 77,437 युवाओं ने फॉर्म भरा। 

जनगणना में धर्म के कालम में लिखवाएं बौद्ध धर्म : मुसाफिर
अखिल भारतीय अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन की ओर से शनिवार को कचहरी के अंबेडकर स्मारक में रन फॉर अंबेडकर हुआ। मुख्य अतिथि बुद्धमित्र मुसाफिर ने जनगणना में बहुजनों से आह्वान किया कि धर्म के कालम में बौद्ध धम्म लिखें और लिखवाएं। उन्होंने कहा कि हम सब बाबा साहब के मिशन को पूर्ण करने के लिए संकल्पित हैं। 

बाबा साहेब ने देश में व्याप्त विषमता, छुआछूत, पाखंड, कुरीतियों, बहुजनों के शोषण, भेदभाव के विरुद्ध और समता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का राज्य स्थापित करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। मुख्य वक्ता अशोक कुमार प्रबुद्ध ने कहा कि स्वतंत्रता से पूर्व देश किसी और कानून से चलता था। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष उषा शास्त्री ने कहा कि  बाबा साहेब के बड़े सपने वैचारिकी सेंटर के रूप में बुद्धा बोधिसत्व डा. अंबेडकर इंटेरनेशनल सेंटर का निर्माण अवश्य पूरा किया जाएगा। नीलम बौद्ध ने बाबा साहब के सपनों और मिशन की विस्तार में जानकारी दी। अंबेडकर के साथ बहुजन महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष डॉ. प्रेमसागर ने किया। संचालन गोपाल प्रबुद्ध ने किया। इस अवसर पर रामचंद्र, प्रवीण कुमार, प्रमोद कुमार ने विचार रखे।

विनती सुनिए नाथ हमारी... से किया विभोर
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के साप्ताहिक सांस्कृतिक आयोजन ‘वरुणा संध्या’ में शनिवार को कैंटोनमेंट स्थित नेहरू पार्क में गाजीपुर के गायक सूर्यकांत वर्मा ने गायन से आनंदित किया। उन्होंने राग रागेश्री से शुरुआत की। चैती-चैत मास बोले रे कोयलिया..., महादेव तेरी निराली है माया... तथा जिसने श्रीराम का ध्यान किया... जैसे भजनों की प्रस्तुति की। अंत में ‘विनती सुनिए नाथ हमारी...’ प्रस्तुत किया। तबले पर श्रीकांत मिश्र एवं हारमोनियम पर आनंद शंकर मिश्र ने संगत की।

काशीस्थ तीर्थों की परिक्रमा यात्रा आज
तीर्थायन यात्रा के क्रम में रविवार को यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर, अस्सी से सुबह सात बजे से शुरू होगी। संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि श्री नल गणेश, नलेश्वर महादेव, बड़े हनुमान, श्री लोकनाथ महादेव, श्री जगन्नाथ मंदिर चारधाम, श्री प्रचंड नरसिंह, विष्णु भगवान, पद्मनाभम विष्णु, भागवत विद्यालय, श्री हनुमान, श्री ब्रह्मा, श्री पुष्करेश्वर महादेव (पुष्कर तालाब), श्री अष्टधातु हनुमान, श्री कोटिलिंगम व श्री भैरव (मुमुक्षु भवन) आदि देवालयों में दर्शन-पूजन करेंगे।

मथुरा व राजस्थान में करेंगे दर्शन
काशी से चौरासी कोस ब्रज परिक्रमा यात्रा निकाली जाएगी। 17 अप्रैल से शुरू यात्रा में वैष्णवजन मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली से लेकर उनकी लीला स्थलों का दर्शन-पूजन करेंगे। प्रेमानंद के भी दर्शन और उनके सत्संग सुनने को मिलेगा। सात दिवसीय यात्रा के दौरान राजस्थान के उदयपुर में स्थित श्रीनाथ जी की अलौकिक झांकी का भी दर्शन करेंगे। भारत भारती परिषद के बैनर तले वैष्णवजनों की चौरासी कोस ब्रज परिक्रमा 17 से 23 अप्रैल तक होगी। परिषद के अध्यक्ष अशोक वल्लभदास अग्रवाल ने बताया कि यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू है। 

अध्यक्ष पद की सरोज तुलस्यान ने ली शपथ
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की विदिशा शाखा के नए सत्र के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह महमूरगंज स्थित एक होटल में हुआ। अध्यक्ष सरोज तुलस्यान की टीम को शपथ दिलाई गई। उनकी टीम में प्रीति बाजोरिया सचिव, चंदन खेमका कोषाध्यक्ष, समता डीडवानिया प्रचार मंत्री हैं। शाखा की पूर्व अध्यक्षों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई। संस्था की अध्यक्ष मनीषा अग्रवाल ने कहा कि नारी शक्ति का देश की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान है। निवर्तमान सचिव क्षमा अग्रवाल ने गत वर्ष का विवरण प्रस्तुत किया। 

तेजस्वनी क्लब की महिलाओं ने मचाया धमाल
तेजस्वनी स्ट्रॉन्ग वूमेन क्लब की ओर से महिला दिवस के उपलक्ष्य में गीत-संगीत की धूम रही। इसमें महिला सशक्तीकरण, प्रतिभा और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्लब के पांच साल पूरे होने पर क्लब में अलग उत्साह रहा। ऊर्जा और उल्लास के माहौल में दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य आकर्षण ‘शी इज एवरी वुमन’ रैम्प वॉक रहा। महिलाओं के विभिन्न रूप—मां, गृहिणी, डॉक्टर, शिक्षक, सेना अधिकारी आदि को बेहद सुंदर और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। 

प्रभु भक्ति सिद्ध होने पर अहंकार का नाश
वाराणसी। महाप्रभु प्राकट्य महोत्सव पर श्री शुद्धाद्वैत जप यज्ञ समिति की ओर से मदन मोहन प्रभु वल्लभ गीता श्रीकृष्ण भवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को भागवत मर्मज्ञ पं. चंदन कृष्ण शास्त्री ने गोपी भाव और महाप्रभु वल्लभाचार्य की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि गोपी भाव सिद्ध होने से माया रूपी मानव की वासनाओं का नाश हो जाता है। अहंकार, काम, क्रोध, लोभ, मोह और ईर्ष्या समाप्त हो जाती हैं। भक्त भगवान श्रीकृष्ण-राधा की गोपी प्रेममयी रासलीला के रस में जीवन को समर्पित कर देता है। 

बाहरी दर्शनार्थियों से बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में बढ़ी भीड़
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रही। विभिन्न प्रांतों के लोग पहुंचे थे। सुबह से रात तक मंदिर के बाहर और अंदर कतार लगी थी। श्रद्धालु जल, पुष्प नैवेद्य लिए बाबा की भक्ति में मगन होकर धूप के बावजूद भी बारी का इंतजार करते दिखे। गर्मी बढ़ने के साथ दर्शन पूजन के लिए भी देश भर से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला तेज हो गया है। 

भोर में नेमियों ने दर्शन किए तो दिन चढ़ने के साथ बाहर के श्रद्धालुओं की तादात बढ़ गई। 11 बजे तक मंदिर के गेट नंबर चार पर काफी भीड़ रही। अंदर लगे बैरिकेडिंग में भी दर्शन के लिए कतार लगी थी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि धूप से बचने के लिए मंदिर प्रशासन से जर्मन हैंगर, मैट बिछाए गए हैं। सफाई, पीने के लिए ठंडा पानी और चिकित्सकों की टीम लगी है। 

मनोज मद्धेशिया दोबारा चुने गए मद्धेशिया वैश्य सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
काशी के उद्यमी मनोज मद्धेशिया दूसरी बार मद्धेशिया वैश्य सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। देवघर में शनिवार को संपन्न हुए दो दिवसीय 46वें राष्ट्रीय अधिवेशन में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन हुआ, जिसमें मनोज मद्धेशिया को दोबारा सर्वसम्मति से निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। देवघर जिला कमेटी ने उन्हें बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग का मोमेंटो भेंट कर अभिनंदन किया। अधिवेशन के दौरान पुरानी कमेटी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। 

पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने मेधावियों को किया सम्मानित
सनबीम शिक्षण समूह के तहत संचालित विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शनिवार को पुरस्कृत किया गया। बतौर मुख्य अतिथि यूपी के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और आदर्शों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इसे जीवन में आत्मसात करना होगा।

सनबीम स्कूल वरुणा के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सनबीम शिक्षण समूह द्वारा सभी शाखाओं के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘प्रोत्साहन-2026’ में पुरस्कार पाकर सभी विद्यार्थी उत्साहित दिखे। सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक, उपाध्यक्ष भारती मधोक, निदेशिका अमृता बर्मन, ऑनरेरी निदेशक हर्ष मधोक ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। इस दौरान सनबीम वरुणा के अद्वय सिंह, अनाद्या मिश्रा, अवंतिका जायसवाल, आराध्या जायसवाल एवं देवेश कुमार दूबे ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिल जीत लिया। 

श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेव...
शुद्धाद्वैत ब्रह्मवाद, निर्गुण पुष्टि भक्तिमार्ग के संस्थापक जगद्गुरु वल्लभाचार्य महाप्रभु के 549वें प्राकट्य महोत्सव की शुरुआत शनिवार को चौखंभा स्थित श्री गोपाल मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ हुई। चार दिवसीय महोत्सव का पहला दिन भक्तिमय संगीत से सजा। रूपमंजरी राजा बेटी ने सुरों से महाप्रभु के चरण पखारे और सभी को मग्न कर दिया। 

उन्होंने “अधरं मधुरं वदनं मधुर...”, “श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेव...”, “नंद गोप भूप वंश भूषणम् विदुषणम्...” प्रस्तुत कर महाप्रभु के साथ वैष्णवजनों को भक्तिभाव रस से विभोर कर दिया। अंत में महाप्रभु श्रीमद् वल्लभाचार्य की बधाई गीत “मारग रीति दिखाई...” सुनाकर समापन किया। तबले पर पंकज राय, बांसुरी में सनीश ग्वावली और हारमोनियम पर जमुना वल्लभ गुजराती ने संगत की। 

गो उत्पादों से होगा पंच तत्वों से बने शरीर की शुद्धि
ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद में तीन दिवसीय गो कथा के दूसरे दिन शनिवार को कथा वाचक मोहम्मद फैज खान ने गो सेवा, भारतीय संस्कृति और मानव जीवन के मूल तत्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव शरीर पंच तत्वों से बना है और इन तत्वों की शुद्धि गौ-आधारित उत्पादों से होती है। उन्होंने कहा कि गोबर, गौमूत्र, घी, दही, दूध आदि से शरीर की शुद्धि और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने गौ-रक्षा को पृथ्वी की रक्षा के समान बताया। कहा कि गोमाता के गोबर और गौमूत्र में अनेक औषधीय गुण हैं, जो गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed