सीवान जिले के बसंतपुर बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। थाना रोड स्थित अरुण ज्वेलर्स की दुकान पर लगभग आधा दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल है।
चार अपराधी घुस गए दुकान
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे हथियारों से लैस करीब छह अपराधी बाइक से बसंतपुर थाना के समीप स्थित अरुण ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे। इनमें से चार अपराधी चेहरे ढके हुए दुकान के अंदर घुस गए। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाते हुए दुकान में मौजूद लोगों को डराया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के सभी आभूषण थैलों और बैग में भर लिए।
Bihar News: रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश कुमार पर कसा तंस, बताया क्या बचा उनके हिस्से में?
25 लाख के जेवर लेकर फरार हो गए अपराधी
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दुकान की पूरी अलमारी खाली कर दी और करीब 25 लाख रुपये के आभूषण लेकर आराम से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की वारदात से व्यवसायियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। उधर, एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।