सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरंधा में पुल के अभाव की समस्या बारिश के मौसम में एक बार फिर गंभीर हो गई है। मामूली बारिश होते ही गांव के पास स्थित नाला ऊफान पर आ जाता है और पानी सड़क के ऊपर से बहने लगता है। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है और लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ रहा है।
सोमवार को नाले में तेज बहाव के बीच ग्रामीणों ने किसी तरह रास्ता पार किया। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को रोज इसी खतरे का सामना करना पड़ता है। तेज बहाव के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मवेशियों को नाला पार कराने में भी भारी परेशानी होती है।
ये भी पढ़ें: CG News : लूट का विरोध करना पड़ा भारी! उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश
ग्रामीणों के अनुसार इस स्थान पर पुल निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष समस्या रखी गई, फिर भी स्थायी समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों ने लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रबोध मिंज से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करने की मजबूरी से राहत मिल सके।
इस संबंध में विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि यह पहाड़ी क्षेत्र है, इसलिए हल्की बारिश में भी बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर आ जाता है। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।