बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी मोसी में मंगलवार को जमीन के सीमांकन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी, तभी कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और अचानक पथराव शुरू हो गया।
लोगों के सिर और पैरों में चोटें आईं
बताया जा रहा है कि पथराव इतना तेज था कि मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस टीम को खुद को बचाते हुए पीछे हटना पड़ा। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
घटना में मासोद चौकी प्रभारी रणवीर सिंह राजपूत, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे, दो पुलिस आरक्षक और एक महिला आरक्षक सहित कुल छह लोग घायल हो गए। पथराव के दौरान कुछ लोगों के सिर और पैरों में चोटें आईं।
अतिरिक्त पुलिस बल गांव में पहुंचा
घायलों को तुरंत उपचार के लिए मासोद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें बरूड स्थित निजी अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल गांव में पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
ये भी पढ़ें- Chaitra Navratri: उज्जैन की भूखी माता को चढ़ती है पशु बलि और लगता है शराब का भोग, नरबलि से भी जुड़ा है इतिहास
मुलताई थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के अनुसार इस मामले में पुलिस ने 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों सहित कुल 32 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
घायलों का इलाज जारी।