धार जिले के धामनोद क्षेत्र की पुलिस ने अवैध शराब से भरे एक पिकअप वाहन पर देर रात करीब 1 बजे बड़ी कार्रवाई की। पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-09-डीजे-1332 इंदौर से जुलवानिया की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा था। धामनोद थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर दबिश देकर वाहन को रोका और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में 240 पेटी बीयर, कुल 2,973 बल्क लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 74 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई। साथ ही करीब दो लाख रुपये मूल्य का लोडिंग पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
ये भी पढ़ें- आपत्तिजनक वीडियो के बाद दामजीपुरा में तनाव, तोड़फोड़ और आगजनी, आरोपी हिरासत में
गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल पिता लखमीचंद मीणा (32), निवासी इंदौर और महेंद्र पिता भारत सोलंकी (45), निवासी खरगोन शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में धामनोद थाने के एसआई राहुल चौहान सहित रवी जमरे, अशोक मुनीरा, श्यामलाल यादव और मनीष राठौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।